PAK vs SA: साउथ अफ्रीका ने पाकिस्तान को हराकर रचा इतिहास, जो पहले कभी नहीं हुआ वो कर दिखाया
PAK vs SA 1st T20 Highlights: पाकिस्तान और साउथ अफ्रीका के बीच तीन मैचों की टी-20 सीरीज का आगाज बेहद रोमांचक रहा। रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए मेजबान पाकिस्तान को 55 रनों से करारी शिकस्त दी। इसके साथ ही साउथ अफ्रीका ने सीरीज में 1-0 की अहम बढ़त बना ली।
साउथ अफ्रीका ने जीत के साथ रचा इतिहास (PAK vs SA 1st T20 Highlights)
साउथ अफ्रीका ने रावलपिंडी के टी-20 इतिहास में वो कारनामा कर दिखाया, जो आज तक कोई टीम नहीं कर पाई थी। यह पहला मौका था जब इस मैदान पर पहले बल्लेबाज़ी करने वाली टीम ने जीत हासिल की हो। अब तक इस मैदान पर लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम का दबदबा रहा था, लेकिन साउथ अफ्रीका ने इस मिथक को तोड़ दिया। साउथ अफ्रीका ने दमदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रचने में कामयाबी हासिल की।

साउथ अफ्रीका ने बनाए थे 194 रन
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाज़ी करते हुए साउथ अफ्रीका ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट खोकर 194 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया। टीम की तरफ से ओपनर रीज़ा हेंड्रिक्स ने 40 गेंदों पर 60 रनों की आतिशी पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 1 छक्का शामिल था। वहीं, निचले क्रम में बल्लेबाज़ी करने आए जॉर्ज लिंडे ने सिर्फ 22 गेंदों पर 36 रनों की तूफानी पारी खेलकर टीम को लगभग 200 के नजदीक पहुंचाया।
पाकिस्तान की बल्लेबाजी रही फ्लॉप
195 रनों के मजबूत लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम दबाव को झेल नहीं पाई और महज 18.1 ओवर में 136 रनों पर ढेर हो गई। सैम अयूब (37 रन) और मोहम्मद नवाज़ (36 रन) ने थोड़ी देर के लिए टीम को संभाला, लेकिन उन्हें किसी और बल्लेबाज का साथ नहीं मिला। पाकिस्तान के सिर्फ़ चार बल्लेबाज ही दहाई के आंकड़े को छू सके, जिसकी वजह से टीम लक्ष्य के आसपास भी नहीं पहुंच सकी।
गेंदबाजों का रहा दमदार प्रदर्शन
साउथ अफ्रीका की जीत के असली हीरो उनके गेंदबाज रहे। तेज गेंदबाज कॉर्बिन बॉश ने अपनी घातक गेंदबाज़ी से पाकिस्तान के टॉप ऑर्डर को ध्वस्त किया और 4 विकेट झटके। ऑलराउंडर जॉर्ज लिंडे ने बल्ले से कमाल दिखाने के बाद गेंद से भी जलवा बिखेरा और 3 विकेट अपने नाम किए। लुंगी एंगिडी और लिज़ाद विलियम्स को भी सफलता मिली।












Click it and Unblock the Notifications