9 मुख्य खिलाड़ी थे टीम से बाहर, न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान को अंतिम टी20 में हराकर सीरीज कराई ड्रॉ
न्यूजीलैंड के लिए अंतिम टी20 मुकाबले में चैपमैन ने कमाल कर दिया। उन्होंने धमाकेदार शतकीय पारी खेली।

PAK vs NZ: न्यूजीलैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ करो या मरो वाले मुकाबले में कमाल कर दिखाया। रावलपिंडी में खेले गए पांचवें और अंतिम टी20 मुकाबले में कीवी टीम ने 6 विकेट से जीत दर्ज करते हुए सीरीज ड्रॉ करा ली। पांच मैचों की सीरीज 2-2 की बराबरी पर समाप्त हो गई। एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया।
कीवी टीम ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को पहले बल्लेबाजी करने के लिए बुलाया। पाकिस्तान के ओपनर मोहम्मद रिज़वान और बाबर आज़म ने मिलकर पहले विकेट के लिए 51 रन जोड़े। इसके बाद बाबर आज़म 19 रन बनाकर आउट हो गए। यहां से हारिस और अयूब बिना खाता खोले आउट हो गए।
हालांकि मोहम्मद रिज़वान एक छोर पर टिककर खड़े रहे और रन बनाते हुए चले गए। उनके अलावा इफ्तिखार अहमद और इमाद वसीम ने भी रन बनाये। दोनों ने क्रमशः 36 और 31 रन बनाये। रिज़वान अंत तक क्रीज पर खड़े रहे और 62 गेंदों में 98 के स्कोर पर नाबाद लौटे। पाकिस्तान ने 5 विकेट पर 193 रन बनाये। ब्लेयर टिकनर को 3 विकेट मिले।
जवाब में खेलते हुए न्यूजीलैंड की खराब शुरुआत रही। टॉम लैथम बिना खाता खोले चलते बने। उनके अलावा विल यंग भी 4 के निजी स्कोर पर चलते बने। चैड बोवेस ने 19 रन बनाये। मार्क चैपमैन ने अपनी धाकड़ फॉर्म का आनन्द उठाते हुए तूफानी पारी खेली। उन्होंने ताबड़तोड़ अंदाज में बैटिंग की।
चैपमैन ने नाबाद शतक जड़ते हुए पाकिस्तान का सपना तोड़ दिया। चैपमैन ने 57 गेंदों में नाबाद 104 रन बनाये। जेम्स नीशम ने भी 25 गेंदों में 45 रन की नाबाद पारी खेली। न्यूजीलैंड ने चार गेंद शेष रहते 4 विकेट पर 194 रन बनाकर मैच जीत लिया। इसके साथ ही कीवी टीम ने सीरीज ड्रॉ करा ली।
कीवी टीम में विलियमसन, कॉनवे, बोल्ट, साउदी, फर्ग्युसन, सैंटनर, एलेन, व्रेसवेल और फिलिप्स जैसे 9 प्रमुख खिलाड़ी इस सीरीज में नहीं खेले थे। इसके बाद भी कीवी टीम ने सीरीज 2-2 से ड्रॉ करा दी। अंतिम टी20 मुकाबले में पराजय से पाकिस्तान की टीम को निश्चित रूप से बड़ा झटका लगा है।












Click it and Unblock the Notifications