PAK vs NZ: तीन अर्द्धशतक और 1 शतक के साथ मैन ऑफ द सीरीज रहे सरफराज, बाबर ने कहा- शानदार कमबैक था
सरफराज अहमद ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैचों की सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए चार पारियों में 83.75 से अधिक की औसत से 335 रन बनाए। उन्हें मैन ऑफ दे सीरीज चुना गया।

पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज ड्रॉ पर समाप्त हुई है। शुक्रवार को सीरीज का आखिरी मुकाबला भी ड्रॉ रहा। इस सीरीज में भले ही किसी टीम को जीत न मिली हो, लेकिन पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सरफराज अहमद ने पाकिस्तानी क्रिकेट फैंस का दिल जीत लिया। खुद सरफराज के लिए यह सीरीज यादगार रहेगी, क्योंकि अपने घर में सरफराज की यह पहली टेस्ट सीरीज थी और उसमें उन्होंने उम्मीद के मुताबिक ही प्रदर्शन किया है। सरफराज अहमद ने शुक्रवार को कराची टेस्ट के आखिरी दिन अपने टेस्ट करियर की चौथी सेंचुरी जड़ दी। उन्होंने दूसरी पारी में 118 रन की पारी खेली। हालांकि वो अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए।
मैन ऑफ द सीरीज चुने गए सरफराज अहमद
सरफराज को उनके प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज के खिताब से भी नवाजा गया। सरफराज ने दो टेस्ट मैचों की चार पारियों में 83.75 से अधिक की औसत से 335 रन बनाए हैं, जिसमें तीन हाफ सेंचुरी और एक शतक शामिल है। सरफराज ने पहले टेस्ट मैच में 86 और 53 रन की पारी खेली थी। दूसरे टेस्ट में उन्होंने 78 और फिर 118 रन की पारी खेली। सरफराज की इस शानदार वापसी पर पाकिस्तान टीम के कप्तान बाबर आजम ने खुशी जाहिर की है। पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में बाबर ने सरफराज अहमद की तारीफ की है।
बाबर ने की सरफराज की तारीफ
बाबर ने कहा है,"सरफराज ने बेहतरीन पारी खेली और हमारी योजना को अंजाम दिया। उनकी वापसी शानदार थी और यह निश्चित रूप से उनके लिए एक सपने की वापसी है।" बाबर आजम ने आगे कहा कि उन्होंने जिस तरह से मौका मिलने पर अपना खेल दिखाया है, मैं उसका समर्थन करता हूं, पूरी सीरीज में उनकी बैटिंग देखकर काफी खुशी हुई, यह प्रदर्शन उनका आत्मविश्वास बढ़ाएगा।
आपको बता दें कि न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरा टेस्ट ड्रॉ रहा। यह मैच कराची के नेशनल स्टेडियम में खेला गया था। मैच के आखिरी दिन का आखिरी सेशन इतना रोमांचक हो गया था कि लग रहा था इस मैच का रिजल्ट कुछ भी निकल सकता है। मैच ड्रॉ होने से पहले पाकिस्तान को जीत के लिए सिर्फ 15 रन की जरूरत थी तो वहीं न्यूजीलैंड को 1 विकेट चाहिए था, लेकिन खराब रोशनी के कारण मैच को ड्रॉ घोषित कर दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications