Shubman Gill से पहले इन भारतीय कप्तानों ने जड़ा था दोहरा शतक? देखें पूरी लिस्ट
Shubman Gill double hundreds: शुभमन गिल ने इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में कमाल कर दिया। उन्होंने पहली पारी में 387 गेंदों में 269 रनों की शानदार पारी खेली, जिसमें 30 चौके और 3 छक्के शामिल थे। यह उनका टेस्ट करियर का सर्वश्रेष्ठ स्कोर बन गया। इस पारी में गिल ने रवींद्र जडेजा (89 रन) के साथ छठे विकेट के लिए 203 रन और वॉशिंगटन सुंदर (42 रन) के साथ सातवें विकेट के लिए 144 रन की साझेदारी की।
ट्रिपल सेंचुरी से चूक गए गिल (Shubman Gill double hundred)
वह ट्रिपल सेंचुरी की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन जोश टंग की गेंद पर कैच आउट हो गए। इस शानदार पारी के साथ शुभमन गिल भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले छठे कप्तान बन गए हैं। आइए जानें उन भारतीय कप्तानों के बारे में जिन्होंने इससे पहले टेस्ट में दोहरे शतक लगाए हैं। शुभमन गिल के अलावा कई ऐसे भारतीय कप्तान हैं जो दोहरा शतक लगा चुके हैं।

विराट कोहली के नाम 7 दोहरे शतक
विराट कोहली टेस्ट कप्तानी के दौरान दोहरे शतकों के मामले में सबसे आगे हैं। उन्होंने कुल 7 दोहरे शतक लगाए हैं। उन्होंने पहला दोहरा शतक वेस्टइंडीज के खिलाफ साल 2016 में लगाया था। फिर न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ कोहली ने साल 2016 में डबल सेंचुरी पूरी की। इसके बाद साल 2017 में कोहली ने बांग्लादेश और श्रीलंका के खिलाफ दोहरा शतक लगाया। वहीं कोहली ने अपना आखिरी दोहरा शतक साल 2019 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ जड़ा था।
एमएस धोनी के नाम 1 दोहरा शतक
धोनी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चेन्नई टेस्ट (2013) में 224 रन बनाए। 265 गेंदों में 24 चौके और 6 छक्के लगाए। भारत ने यह मैच 8 विकेट से जीता और धोनी प्लेयर ऑफ द मैच रहे।
सचिन तेंदुलकर के नाम 1 दोहरा शतक
साल 1999 में न्यूजीलैंड के खिलाफ अहमदाबाद टेस्ट में तेंदुलकर ने 217 रन बनाए। उन्होंने 344 गेंदों में 29 चौके लगाए। मैच ड्रॉ रहा लेकिन ये उनका पहला दोहरा शतक था।
सुनील गावस्कर के नाम 1 दोहरा शतक
साल 1979 में वेस्टइंडीज के खिलाफ मुंबई टेस्ट में गावस्कर ने 205 रन बनाए। उन्होंने 342 गेंदों में 29 चौके और 2 छक्के लगाए। ये मैच भी ड्रॉ रहा लेकिन गावस्कर की कप्तानी में बेहतरीन प्रदर्शन था।
मंसूर अली खान पटौदी के नाम 1 दोहरा शतक
1964 में दिल्ली टेस्ट में पटौदी ने नाबाद 203 रन बनाए। उन्होंने 430 मिनट तक बल्लेबाजी की और 23 चौके व 2 छक्के लगाए। भारत ने दूसरी पारी में 463/4 रन बनाए और मैच ड्रॉ रहा। अब शुभमन गिल इस सूची में शामिल हो चुके हैं और उन्होंने 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ 269 रन बनाकर इतिहास रच दिया।












Click it and Unblock the Notifications