पाकिस्तान को ICC से बड़ा झटका! ओलंपिक गेम्स 2028 में क्रिकेट से कटेगा पत्ता, टीम इंडिया की एंट्री तय
पाकिस्तान की पुरुष क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि 2028 में लॉस एंजिल्स में होने वाले आगामी ओलंपिक (Olympics) के लिए क्वालीफाई करने में उसे मुश्किल हो रही है। एक रिपोर्ट के अनुसार, अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने क्षेत्रीय क्वालीफाइंग फॉर्मेट अपनाने का फैसला किया है। इसी कारण पाकिस्तान और न्यूजीलैंड जैसी टीमें इस आयोजन में हिस्सा नहीं ले पाएंगी।
दरअसल, क्रिकेट करीब 128 साल के लंबे अंतराल के बाद ओलंपिक में वापसी कर रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, एशिया, ओशिनिया, यूरोप और अफ्रीका की नंबर 1 पुरुष टीम, मेजबान अमेरिका के साथ टूर्नामेंट के लिए ऑटोमेटिक क्वालीफाई कर लेगी, जो अमेरिका का प्रतिनिधित्व करेगा।

भारत को सीधे ओलंपिक में जगह दी जाएगी
द गार्जियन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एशिया से भारत और ओशिनिया से ऑस्ट्रेलिया को सीधे ओलंपिक में जगह दी जाएगी, जो ICC रैंकिंग के आधार पर तय होगी। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) क्षेत्रीय क्वालिफाइंग को प्राथमिकता देती है ताकि दुनियाभर के सभी हिस्सों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके और ओलंपिक वाकई एक ग्लोबल इवेंट बन सके।'
मेजबान होने के आधार पर अमेरिका के क्वालीफाई करने की संभावना के साथ, वेस्टइंडीज की संभावना भी कम है। रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि, 'इसका उन वेस्ट इंडीज के द्वीपों पर प्रभाव पड़ेगा जो प्रतिस्पर्धा की उम्मीद कर रहे हैं।'
कुल छह टीमों का होगा चयन
इस आयोजन के लिए कुल छह टीमों का चयन किया जाएगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि पांच स्थानों के लिए योग्यता तय हो चुकी है, लेकिन छठी टीम के लिए प्रक्रिया अभी तय नहीं हुई है।
फेयरग्राउंड्स स्टेडियम में खेले जाएंगे मैच
क्रिकेट की बहुप्रतीक्षित ओलंपिक वापसी 2028 में लॉस एंजेलेस गेम्स के दौरान होगी। यह मुकाबले लॉस एंजेलेस से करीब 50 किलोमीटर दूर पोमोना (Pomena) शहर के फेयरग्राउंड्स स्टेडियम में खेले जाएंगे। मैचों की शुरुआत 12 जुलाई से होगी, जबकि मेडल मुकाबले 20 और 29 जुलाई को आयोजित किए जाएंगे।
दोनों वर्गों में कुल छह-छह टीमें हिस्सा लेंगी
2028 ओलंपिक में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में कुल छह-छह टीमें हिस्सा लेंगी। कुल 180 खिलाड़ी टी20 फॉर्मेट में मैदान में उतरेंगे। ये मुकाबले उस ओलंपिक मंच पर होंगे, जहां क्रिकेट को अब तक सिर्फ एक बार-साल 1900 में-शामिल किया गया था।
आयोजकों द्वारा जारी प्रतियोगिता कार्यक्रम के अनुसार, 14 और 21 जुलाई को कोई मैच निर्धारित नहीं है और अधिकांश मैच दो दिन के होंगे। ओलंपिक में यह जेंटलमैन गेम एकमात्र बार 1900 में पेरिस में खेला गया था। केवल दो टीमों, ग्रेट ब्रिटेन और फ्रांस, ने दो दिवसीय मैच में भाग लिया था, जिसमें ग्रेट ब्रिटेन ने गोल्ड मेडल जीता था।
पुरुष और महिला वर्ग में कुल 90 एथलीट कोटा आवंटित किए गए हैं, जिसके तहत 12 प्रतिस्पर्धी टीमें 15-सदस्यीय टीमों की घोषणा कर सकती हैं। क्रिकेट की बढ़ती लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि अमेरिका के तीन शहरों-ग्रैंड प्रेयरी, लॉडरहिल और न्यूयॉर्क-ने 2024 टी20 वर्ल्ड कप के कई मैचों की मेजबानी की थी। इस टूर्नामेंट की संयुक्त मेज़बानी अमेरिका और वेस्टइंडीज ने की थी।
अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) ने 2028 के खेलों में शामिल होने वाले पांच नए खेलों के रूप में क्रिकेट, बेसबॉल/सॉफ्टबॉल, फ्लैग फुटबॉल, लैक्रोस (सिक्स) और स्क्वैश को मंजूरी दी थी।












Click it and Unblock the Notifications