'खेलों में राजनीति घसीटने की जरूरत नहीं,' रामदास अठावले ने IND vs PAK मैच रद्द करने पर जताई नाराजगी
भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर मचे बवाल के बीच केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले (Ramdas Athawale) ने WCL के फैसले को आड़े हाथों लिया है। रविवार को उन्होंने भारत-पाकिस्तान मैच रद्द करने के कदम की कड़ी आलोचना करते हुए साफ कहा कि खेलों में राजनीति नहीं घुसाई जानी चाहिए।
अठावले ने ANI से कहा कि, 'खेलों में राजनीति घसीटने की कोई जरूरत नहीं है। अगर मैच भारत में होता, तो यह गंभीर होता। लेकिन मैच इंग्लैंड में है। हमने पाकिस्तान को युद्ध में हराया है। हमने उनकी क्रिकेट टीम को भी हराया है। इसलिए विपक्ष को इसमें राजनीति नहीं घसीटनी चाहिए।'

आतंकी गतिविधियों और खेल आयोजनों के बीच अंतर बताया
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले का जिक्र करते हुए अठावले ने राष्ट्रीय भावना को स्वीकार किया, लेकिन आतंकी गतिविधियों और खेल आयोजनों के बीच अंतर बताया।
उन्होंने आगे कहा कि, 'भारत बनाम पाकिस्तान मैच इंग्लैंड (WCL ) में होना था। यह सच है कि आतंकवादियों ने पहलगाम में हमला किया और उसके बाद आतंकी कैंप को निष्क्रिय कर दिया गया। लेकिन मैच का मामला अलग है।'
प्रियंका चतुर्वेदी ने किया फैसले का स्वागत
इस बीच शिवसेना (UBT) नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने रविवार को वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स द्वारा भारत-पाकिस्तान मैच रद्द करने के फैसले का स्वागत किया और इसे हाल ही में हुई आतंकी घटनाओं के मद्देनजर देश की सामूहिक भावनाओं की जीत बताया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में चतुर्वेदी ने लिखा, 'देश की सामूहिक आवाज पहाड़ों को हिला सकती है। उन सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद जिन्होंने कड़ा रुख अपनाया और भारत-पाक क्रिकेट संबंधों के खिलाफ खड़े हुए, खासकर पहलगाम और ऑपरेशन सिंदूर के बाद और मैच रद्द करने के मेरे आह्वान का समर्थन किया। डब्ल्यूसीएल ने भारत-पाकिस्तान मैच रद्द कर दिया है। जय हिंद।'
WCL ने की हाई-प्रोफाइल मैच रद्द करने की पुष्टि
इससे पहले आज डब्ल्यूसीएल ने इस हाई-प्रोफाइल मैच के रद्द होने की पुष्टि की और जनता और भारतीय क्रिकेट के दिग्गजों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए माफी मांगी। एक बयान में टूर्नामेंट आयोजकों ने कहा कि भारत-पाकिस्तान मैच का प्रस्ताव शुरू में दोनों देशों के बीच हाल ही में हुए वॉलीबॉल मुकाबले के बाद 'फैंस के लिए सुखद यादें' बनाने के इरादे से रखा गया था।
इसके बाद, मैच रद्द करने का निर्णय लिया गया। WCL ने भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए माफ़ी भी मांगी।पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद जनता और खिलाड़ियों के बढ़ते विरोध के बीच यह कदम उठाया गया है। सुरेश रैना और शिखर धवन सहित कई पूर्व क्रिकेटरों ने पहले ही मीडिया को सूचित कर दिया था कि वे पाकिस्तान के खिलाफ मैच में हिस्सा नहीं लेंगे।












Click it and Unblock the Notifications