बांग्लादेश टीम ने रचा नया इतिहास, ODI में बनाया सबसे बड़ा स्कोर, मुशफिकुर का 60 बॉल में शतक
बांग्लादेश क्रिकेट टीम ने एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए वनडे का सबसे बड़ा स्कोर हासिल कर लिया, मुशफिकुर रहीम ने तेज शतक जड़ा।

Bangladesh Cricket Team Record in ODI Match: बांग्लादेश क्रिकेट टीम वनडे क्रिकेट में हर दिन नए रिकॉर्ड स्थापित कर रही है। इस बार उन्होंने कुछ ऐसा किया है, जो वनडे क्रिकेट के इतिहास में उनकी ओर से पहले कभी देखने को नहीं मिला था। आयरलैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मुकाबले में बांग्लादेश ने इतिहास रचते हुए इस प्रारूप का सबसे बड़ा स्कोर हासिल किया। पिछले मैच में बांग्लादेश ने 338 रन बनाये थे, इस बार उस स्कोर को पार करते हुए बांग्लादेश ने वनडे में अपना सर्वाधिक स्कोर हासिल कर लिया। एक और खास बात यह रही कि मुशफिकुर रहीम ने टी20 के अंदाज में खेलते हुए शतक जमा दिया। उन्होंने एक व्यक्तिगत कीर्तिमान भी बनाया।
आयरलैंड के खिलाफ सिलहट में दूसरे एकदिवसीय मुकाबले के दौरान बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 349 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया। इससे पिछले मैच में 8 विकेट पर 338 रनों का स्कोर सर्वाधिक था लेकिन उस रिकॉर्ड को दो दिन में तोड़कर बांग्लादेश ने नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया। बांग्लादेश का प्रयास 350 का स्कोर हासिल करना था लेकिन इससे एक रन पहले 50 ओवर पूरे हो गए।
मुशफिकुर रहीम की बदौलत मेजबान टीम को यह इतिहास रचने में सफलता हासिल हुई। रहीम ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी की। ऐसा लगा जैसे वह टी20 क्रिकेट में बल्लेबाजी कर रहे हैं। उन्होंने 60 गेंदों का सामना करते हुए 100 रनों की नाबाद पारी खेली।बांग्लादेश की तरफ से यह सबसे तेज वनडे शतक रहा। रहीम के बल्ले से 14 चौके और 2 छक्के देखने को मिले।
आयरलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया और यह गलत साबित हो गया। तमीम इकबाल और लिटन दास ने पहले विकेट के लिए 42 रन जोड़े। इसके बाद इकबाल 23 रन के निजी स्कोर पर रन आउट हो गए। लिटन दास ने नजमुल होसैन के साथ मिलकर शतकीय भागीदारी की। लिटन दास 70 रन बनाकर आउट हो गए। उनके बाद शाकिब अल हसन 17 के निजी स्कोर पर चलते बने। नजमुल होसैन भी 73 के स्कोर पर चलते बने। यहां से मुशफिकुर और तोहिद हृदोय ने मोर्चा संभाल लिया। हृदोय ने 49 रन की पारी खेली। रहीम 100 रन बनाकर नाबाद रहे।












Click it and Unblock the Notifications