धोनी ने 2 साल बाद इंस्टाग्राम पर की वापसी, फैंस ने कहा- एक ही दिल है कितनी बार जीतोगे माही
एमएस धोनी ने जनवरी 2021 में इंस्टाग्राम पर आखिरी पोस्ट डाली थी। उस पोस्ट में धोनी ने एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें वो लीची खाते दिख रहे थे। ताजा वीडियो में धोनी एक खेत की जुताई कर रहे हैं।
पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी पूरे 25 महीने के बाद इंस्टाग्राम पर एक्टिव हुए हैं। दरअसल, धोनी ने 2 साल के बाद इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड किया है, जिसने सोशल मीडिया पर सनसनी मचा दी है। धोनी ने इंस्टाग्राम पर आखिरी पोस्ट जनवरी 2021 में अपलोड की थी। धोनी ने अपनी उस पोस्ट में एक वीडियो अपलोड किया था जिसमें वो लीची खाते हुए दिख रहे थे। 2 साल बाद धोनी की इंस्टाग्राम पोस्ट ने लोगों का दिल जीत लिया है, क्योंकि धोनी उस वीडियो में एक खेत की जुताई करते हुए दिख रहे हैं।

माही ने ट्रैक्टर से की खेत की जुताई
धोनी ने इंस्टा पर इस वीडियो को अपलोड करते हुए कैप्शन में लिखा है, 'कोई नई चीज सीखना अच्छा है, लेकिन काम खत्म करने में काफी अधिक समय लग गया।' आपको बता दें कि इस वीडियो में धोनी एक खेती की जुताई कर रहे हैं और इस काम के लिए उन्होंने ट्रैक्टर का सहारा लिया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि धोनी किसी पेशेवर किसान की तरह खेत की जुताई कर रहे हैं। धोनी के इस वीडियो को लोग काफी पसंद कर रहे हैं।

धोनी के वीडियो पर लोगों ने लुटाया प्यार
सोशल मीडिया पर आने के बाद धोनी के इस वीडियो को 1 घंटे के अंदर 1.3 मिलियन लोगों ने लाइक कर दिया है। 35 हजार के करीब यूजर्स ने वीडियो पर कॉमेंट भी कर दिए हैं। धोनी की वीडियो को लोग इसलिए भी पसंद कर रहे हैं क्योंकि अक्सर बाइक और कार में नजर आने वाले धोनी पहली बार ट्रैक्टर पर नजर आ रहे हैं। धोनी के फैंस 2 साल बाद उनकी इंस्टाग्राम पर वापसी का जश्न मना रहे हैं। धोनी के वीडियो पर कॉमेंट करते हुए एक यूजर ने लिखा है- "एक ही दिल है कितनी बार जीतोगे माही। धोनी के वीडियो पर CSK के ऑफिशियल अकाउंट से भी कॉमेंट किया गया है।

धोनी एकबार फिर दिखेंगे आईपीएल में
आपको बता दें कि महेंद्र सिंह धोनी इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, लेकिन वो अभी आईपीएल में खेल रहे हैं। माना जा रहा है कि धोनी इस साल अपना आखिरी आईपीएल खेलेंगे। 41 साल के हो चुके धोनी इस बार भी चेन्नई सुपरकिंग्स की कप्तानी करते हुए दिखेंगे। आईपीएल के आगामी सीजन के लिए उन्होंने अपनी तैयारी भी शुरू कर दी है। हाल ही में धोनी रांची में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 मैच से पहले टीम इंडिया से मिलने भी पहुंचे थे।












Click it and Unblock the Notifications