IPL 2026: CSK के लिए कब मैदान पर वापसी करेंगे महेंद्र सिंह धोनी, आ गया है अपडेट
MS Dhoni: आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस के लिए सबसे बड़ी खबर महेंद्र सिंह धोनी की फिटनेस को लेकर सामने आ रही है। टीम के दिग्गज खिलाड़ी इस सीजन की शुरुआत से ही चोट के कारण मैदान से दूर हैं, जिससे CSK की परफॉर्मेंस पर भी असर पड़ा है।
अब सभी की नजरें 14 अप्रैल को होने वाले अहम मुकाबले पर टिकी हैं, जहां उनकी वापसी की उम्मीद जताई जा रही है। हालांकि इससे पहले चेन्नई सुपर किंग्स को 11 अप्रैल के दिन भी एक मुकाबला खेलना है, जो दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होना है।

आईपीएल शेड्यूल के अनुसार 14 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स और केकेआर के बीच मुकाबला खेला जाना है। यही मैच अब धोनी की वापसी का संभावित मंच बन सकता है। टीम मैनेजमेंट और फैंस दोनों को उम्मीद है कि इस बड़े मैच में धोनी मैदान पर उतर सकते हैं, लेकिन उनकी फिटनेस को लेकर अभी पूरी तरह स्पष्टता नहीं है।
धोनी वापसी के लिए कर रहे मेहनत
धोनी फिलहाल पिंडली की चोट से जूझ रहे हैं। इसी वजह से वह आईपीएल 2026 के शुरुआती मुकाबलों में हिस्सा नहीं ले पाए। टीम उन्हें पूरी तरह फिट होने का समय देना चाहती है, ताकि आगे के मैचों में उनका योगदान प्रभावी रहे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह लगातार रिहैब और ट्रेनिंग सेशन में लगे हुए हैं और धीरे-धीरे फिटनेस हासिल कर रहे हैं।
CSK के लिए क्यों अहम है धोनी की वापसी?
धोनी सिर्फ एक खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि टीम के सबसे अनुभवी और भरोसेमंद लीडर भी हैं। उनकी गैरमौजूदगी में टीम को कई अहम मौकों पर मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। दबाव में फैसले लेने की उनकी अद्भुत क्षमता टीम के काम आएगी, इसके अलावा वह विकेट के पीछे से गेंदबाजों को गाइड करते रहते हैं। एक और अहम बात उनकी फिनिशिंग क्षमता भी है। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए माही की वापसी इसलिए भी जरूरी हो गई है क्योंकि टीम ने इस सीजन अभी तक एक भी मुकाबला नहीं जीता है।












Click it and Unblock the Notifications