‘उसको T20 में सलेक्ट कीजिए, वो महान गेंदबाज है’, पूर्व भारतीय पेसर ने उठाए चयनकर्ताओं पर सवाल
पूर्व तेज गेंदबाज का ऐसा मानना है कि शमी को टीम इंडिया की टी20 टीम का हिस्सा होना चाहिए।
नई दिल्ली, 31 अगस्त: पूर्व भारतीय चयनकर्ता और 1983 में वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम के प्रमुख सदस्य मदन लाल ने मोहम्मद शमी के टी20 टीम में ना होने पर सवाल उठाए हैं। पूर्व तेज गेंदबाज का ऐसा मानना है कि शमी को टीम इंडिया की टी20 टीम का हिस्सा होना चाहिए। गौरतलब है कि पिछले साल यूएई में हुए टी20 वर्ल्ड कप के बाद शमी को फटाफट फॉर्मेट के लिए भारतीय टीम का हिस्सा नहीं बनाया गया है।

टी20 वर्ल्ड कप टीम में मिलनी चाहिए जगह
स्पोर्ट्सकीड़ा से बात करते हुए मदन लाल ने कहा कि, ''शमी को टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम में जरूर होना चाहिए। जसप्रीत बुमराह के बाद वह हमारे सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज हैं। मैं ऐसे गेंदबाज की तलाश करूंगा, जो मुझे विकेट दिला सके। मैं ऐसे गेंदबाज नहीं चाहता जो केवल रन गति को रोके रखें। बल्लेबाज इस फॉर्मेट में रन बनाते रहेंगे। रनों की गति को रोकने का एकमात्र तरीका विकेट लेना है।''

समझ से परे चयनकर्ताओं की सोच
मदन लाल ने आगे कहा कि, ''मोहम्मद शमी को नहीं चुनने पर भारतीय चयनकर्ता बड़ी गलती करेंगे। वह एक महान गेंदबाज हैं और उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में अच्छा प्रदर्शन किया है। मुझे समझ नहीं आता कि वे उन्हें टी20 के लिए क्यों नहीं चुन रहे हैं। आपको लगता है कि वह उन लोगों से बेहतर गेंदबाज नहीं है जो अभी खेल रहे हैं? वह विश्व क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में से एक हैं।''

भारत के लिए खेले सिर्फ 17 मैच
31 वर्षीय मोहम्मद शमी ने टीम इंडिया के लिए अपना T20I डेब्यू 2014 में पाकिस्तान के खिलाफ किया था। पिछले 8 सालों में उनको केवल 17 T20I मैच खेलने का मौका मिला और वह 31.56 की औसत से कुल 18 विकेट ही ले सके। उनका सबसे बढ़िया प्रदर्शन 3/15 का रहा। हालांकि, पिछले साल यूएई में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के 5 मुकाबलों में शमी ने 23.33 की औसत से कुल 6 विकेट अपने नाम किए थे।

क्या प्लान का हिस्सा नहीं है शमी?
टी20 वर्ल्ड कप अक्टूबर-नवंबर में ऑस्ट्रेलिया के मैदानों पर खेला जाएगा। हाल फिलहाल में कई रिपोर्ट्स सामने आई थी कि शमी विश्व कप के लिए चयनकर्ताओं के प्लान का हिस्सा नहीं है। टीम युवा तेज गेंदबाजों पर निवेश कर रही है और अनुभव के नाम पर टीम के पास पहले बुमराह और भुवनेश्वर कुमार मौजूद है। युवा गेंदबाजों में आवेश खान, अर्शदीप सिंह, दीपक चाहर और उमरान मलिक के नाम शामिल है। ऐसे में इस फॉर्मेट में शमी के लिए टीम में जगह बनाना वाकई में आसान नहीं होगा।

IPL में दिखाया था दम
T20I में भले ही अनुभवी पेसर को भारत की ओर से कम मौके मिले हो, लेकिन आईपीएल में उनका रिकॉर्ड बहुत शानदार रहा है। इस बार गुजरात टाइटन्स को खिताब जीताने में उन्होंने बड़ा रोल प्ले किया था। शमी 16 मैचों में 20 विकेट लेने में सफल रहे थे। ओवरऑल आईपीएल के 93 मैचों में मो. शमी ने 29.19 की औसत से कुल 99 विकेट हासिल किए हैं।












Click it and Unblock the Notifications