अब इस तेज गेंदबाज ने पेश की भारतीय टेस्ट की कप्तानी संभालने की दावेदारी, जानें क्या बोले

नई दिल्ली। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच हाल ही में खत्म हुई द्विपक्षीय सीरीज में भारतीय टीम को काफी शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा, जहां पर उसे वनडे सीरीज में 3-0 से मात मिली तो वहीं पर टेस्ट सीरीज में उसने 2-1 से सीरीज गंवा दी। भारतीय टीम ने टेस्ट सीरीज की शुरुआत 113 रनों की ऐतिहासिक जीत के साथ की थी जिसके बाद उम्मीद थी कि विराट कोहली की कप्तानी वाली यह टीम पहली बार सीरीज जीतने की ऐतिहासिक उपलब्धि भी अपने नाम करेगी, हालांकि ऐसा हुआ नहीं और उसे सीरीज के बचे हुए दोनों मैचों में हार का सामना करना पड़ा। सीरीज हार के बाद जिस चीज ने सबसे ज्यादा लोगों को चौंकाया वह था विराट कोहली का कप्तानी छोड़ने का फैसला।
और पढ़ें: Legends League Cricket: केविन पीटरसन ने उड़ाई एशिया लॉयन्स की धज्जियां, रोमांचक हुआ फाइनल का गणित
विराट कोहली ने सीरीज खत्म होने के महज 24 घंटे बाद ही सोशल मीडिया पर अपने टेस्ट करियर की कप्तानी को छोड़ने का ऐलान कर दिया जिसके बाद से खेल जगत में तहलका मच गया। जहां कुछ लोग कोहली के फैसले के पीछे की वजह को लेकर अटकलें लगाने लगे तो वहीं पर कुछ लोग अगले कप्तान के नाम पर बात करने लगे। इस बीच जिन खिलाड़ियों का नाम कप्तानी की रेस में सबसे आगे रहा है उसमें रोहित शर्मा, केएल राहुल, ऋषभ पंत और जसप्रीत बुमराह शामिल है, हालांकि अब एक और भारतीय पेसर ने टेस्ट प्रारूप की कप्तानी को लेकर अपनी दावेदारी पेश की है और कहा है कि वो हर जिम्मेदारी के लिये तैयार हैं।
और पढ़ें: IND vs WI: 4 खिलाड़ी जिनके सेलेक्शन ने किया सबसे ज्यादा हैरान, नहीं थी किसी को भी चयन की उम्मीद

शायद ही कोई कप्तानी नहीं करना चाहेगा
भारतीय टीम के लिये साउथ अफ्रीका दौरे पर सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट हासिल करने वाले तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने टेस्ट क्रिकेट की कप्तानी संभालने की अपनी इच्छा बताते हुए कहा कि शायद ही कोई खिलाड़ी होगा जो इस जिम्मेदारी को नहीं संभालना चाहेगा।
इंडिया डॉट कॉम से बात करते हुए शमी ने कहा,'मैं इस वक्त कप्तानी के बारे में ज्यादा नहीं सोच रहा हूं, हालांकि मैं किसी भी तरह की जिम्मेदारी के लिये तैयार हूं, जो मुझे मैनेजमेंट की ओर से दी जायेगी। सच कहूं, तो कौन भारतीय टीम की कप्तानी नहीं करना चाहता लेकिन यह इकलौती चीज नहीं है जिसमें अपना योगदान देने की ओर मैं देख रहा हूं, मैं टीम को जीत हासिल करने के लिये किसी भी तरह से योगदान देने के लिये तैयार हूं।'

सीमित ओवर्स में भी वापसी को तैयार हैं शमी
इस दौरान मोहम्मद शमी ने यह भी साफ किया कि वह कप्तानी संभालने के लिये तैयार तो हैं लेकिन वह इस तरह के ख्यालों और विचारों से दूर रहना पसंद करेंगे। उल्लेखनीय है कि मोहम्मद शमी साउथ अफ्रीका दौरे पर भारत की टेस्ट टीम का हिस्सा थे लेकिन टेंबा बावुमा की कप्तानी वाली वनडे टीम के सामने खेलने नहीं उतरे थे। वनडे टीम से बाहर रखे जाने पर जब उनसे सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि वह सीमित ओवर्स प्रारूप में वापसी करने की ओर देख रहे हैं।
उन्होंने कहा,'मैं सभी प्रारूप के चयन के लिये उपलब्ध हूं और अगर मुझे मौका मिलता है तो उसे पूरी तरह से भुनाने की ओर देख रहा हूं।'

बेहतरीन फॉर्म में हैं मोहम्मद शमी
गौरतलब है कि मोहम्मद शमी ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली गई टेस्ट सीरीज में कुल 14 विकेट चटकाये, जिसमें से सीरीज के पहले ही मैच में उन्होंने 5 विकेट हॉल अपने नाम किया। मोहम्मद शमी की इस शानदार गेंदबाजी के दम पर ही भारतीय टीम ने सेंचुरियन के मैदान पर 113 रनों की ऐतिहासिक जीत हासिल की थी।












Click it and Unblock the Notifications