'बोर्ड हमें नहीं पाल रहा, हम बोर्ड को कमा कर दे रहे हैं', BCB की तानाशाही पर मेहदी हसन का करारा तमाचा
Mehidy Hasan on Bangladesh Board: बांग्लादेश क्रिकेट में मचे घमासान के बीच स्टार ऑलराउंडर मेहदी हसन मिराज ने बोर्ड अधिकारियों को आईना दिखाया है। पिछले कुछ दिनों से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के पूर्व निदेशक नजमुल इस्लाम और खिलाड़ियों के बीच छिड़ी जुबानी जंग अब एक नए स्तर पर पहुंच गई है। मिराज ने साफ लफ्जों में कहा है कि बोर्ड खिलाड़ियों पर कोई एहसान नहीं कर रहा, बल्कि बोर्ड का अस्तित्व ही खिलाड़ियों की मेहनत पर टिका है।
गुस्से में नजर आए मेहदी हसन मिराज (Mehidy Hasan on Bangladesh Board)
गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मेहदी हसन मिराज काफी गुस्से में नजर आए। उन्होंने उन दावों को सिरे से खारिज कर दिया कि क्रिकेटर्स टैक्सपेयर्स या बोर्ड के अहसानों पर पल रहे हैं। मिराज ने कहा कि बोर्ड के पास आज जो भी पैसा है, वह बांग्लादेश की जर्सी पहनकर खेले गए हर एक मैच का नतीजा है। यह खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत से कमाया गया पैसा है और इसमें सबका हक है।

खिलाड़ियों की वजह से बोर्ड को मिलता है पैसा
उन्होंने आगे कहा कि हम ICC टूर्नामेंट खेलते हैं, इसलिए पैसा आता है। अगर क्रिकेट नहीं होगा, तो प्रायोजक नहीं आएंगे और न ही ICC से रेवेन्यू मिलेगा। बोर्ड आज जहां खड़ा है, वह खिलाड़ियों की वजह से है। विवाद की शुरुआत तब हुई जब BCB के वित्त समिति के अध्यक्ष नजमुल इस्लाम ने तमीम इकबाल को लेकर विवादित टिप्पणी की और खिलाड़ियों को धमकी दी कि अगर वे 2026 टी20 वर्ल्ड कप में नहीं खेलते हैं, तो उन्हें वित्तीय नुकसान उठाना होगा।
इस पर मिराज ने कहा कि हम हमेशा कहते हैं कि बोर्ड हमारा अभिभावक है। लेकिन जब वहां से इस तरह की अपमानजनक टिप्पणियां आती हैं, तो ड्रेसिंग रूम में बहुत निराशा होती है। यह सिर्फ एक व्यक्ति का मुद्दा नहीं है, बल्कि यह पूरे खेल जगत के लिए शर्मनाक है।
मिराज ने स्वीकार किया कि खराब प्रदर्शन पर आलोचना होना स्वाभाविक है, लेकिन उसे निजी अपमान में नहीं बदलना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई क्रिकेटर नहीं है जिसे खराब प्रदर्शन के बाद आलोचना का सामना न करना पड़ा हो। लेकिन बोर्ड में बैठे जिम्मेदार व्यक्ति द्वारा ऐसी बातें करना स्वीकार्य नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications