WPL 2023: 5 वर्ल्ड कप जीतने वाली खिलाड़ी को दिल्ली ने बनाया कप्तान, अब IPL ट्रॉफी जीतने के लिए लगाएगी जान
WPL 2023, Delhi Capitals captain: महिला आईपीएल में हिस्सा लेने वाली दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने अपनी कप्तानी की घोषणा कर दी है। दिल्ली का पहला मैच आरसीबी से होना है।

WPL 2023, Delhi Capitals captain: वूमेंस प्रीमियर लीग का आगाज शनिवार 4 मार्च से होने जा रहा है। 4 मार्च से 26 मार्च तक खेले जाने वाले महिला आईपीएल में पांच टीमों के बीच कुल 22 मैच खेले जाएंगे। दिल्ली कैपिटल्स की टीम इस पहले सीजन के लिए पूरी तरह से तैयार है। टीम ने नीलामी के दौरान कई बड़े खिलाड़ियों को अपने साथ जोड़ने का काम किया था। दिल्ली की कोशिश पहली बार आईपीएल की ट्रॉफी जीतने की होगी।

मैग लैनिंग बनी दिल्ली कैपिटल्स की कप्तान
ऑस्ट्रेलिया को हाल ही में वर्ल्ड कप दिलाने वाली मैग लैनिंग को दिल्ली कैपिटल्स ने कप्तान बनाया है। मैग लैनिंग ने अपनी कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया को 5 बार वर्ल्ड कप का खिताब जिताया है। मैग लैनिंग की गिनती क्रिकेट इतिहास की सबसे सफल कप्तानों में की जाती है। यही वजह है कि दिल्ली की टीम ने मैग लैनिंग पर भरोसा जताया है। मैग लैनिंग की कोशिश भी इस भरोसे पर खरे उतरने की होगी।

धोनी और पोंटिंग को पीछे छोड़ा
ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम की कप्तान मैग लैनिंग पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिहं धोनी और महान ऑस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग से आगे हैं। दुनिया की सबसे सफल व्हाइट बॉल कप्तान मैग लैनिंग ही हैं। उन्होंने पांच बार आईसीसी की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है। जबकि रिकी पोंटिंग 4 और धोनी तीन बार यह कारनामा कर चुके हैं। जेमिमा रोड्रिग्ज, शेफाली वर्मा, शिखा पांडे, तानिया भाटिया, राधा यादव, पूनम यादव जैसी भारतीय खिलाड़ियों के साथ मिलकर अब मैग लैनिंग के पास आईपीएल की ट्रॉफी जीतने की चुनौती होगी। जैमिमा रोड्रिग्ज और शेफाली के अलावा मरिजाना काप से भी टीम को खासी उम्मीदें होंगी। टीम ने मरिजाना काप पर ऑक्शन के दौरान काफी पैसे खर्च किए हैं।

दिल्ली कैपिटल्स में कई मैच विनर
दिल्ली कैपिटल्स की टीम- जेमिमा रॉड्रिग्ज, मेग लेनिंग, शेफाली वर्मा, राधा यादव, शिखा पांडे, मारिजाने कैप, तितस साधू, ऐलिस कैपसी, टारा नौरिस, लौरा हैरिस, जासिया अख्तर, मीनु मनी, अरुंधती रेड्डी, तानिया भाटिया, पूनम यादव, जेस जोनासेन, स्नेहा दीप्ति और अपर्णा मंडल।












Click it and Unblock the Notifications