IPL 2024: कौन हैं सीजन का पहला 5 विकेट हॉल लेने वाले यश ठाकुर? धोनी की तरह बनना था कीपर, फिर ऐसे बने बॉलर
Lucknow Super Giants vs Gujarat Titans Who Is Yash Thakur: रविवार यानी 7 अप्रैल को लखनऊ सुपरजायंट्स ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ एक शानदार जीत हासिल की। गुजरात टाइटंस को 33 रनों से हराकर लखनऊ ने इस सीजन की अपनी तीसरी जीत दर्ज की। लखनऊ के कप्तान केएल राहुल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि, लखनऊ की टीम 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 163 रन ही बना सकी। लेकिन गुजरात टाइटंस इस इस लक्ष्य को पानी में नाकाम रही।
लखनऊ को मिली बड़ी जीत
164 रनों का पीछा करते हुए गुजरात टाइटंस के कप्तान सुमन गिल और साईं सुदर्शन ने गुजरात को अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ही बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 54 रन जोड़ने का काम किया। ऐसा लग रहा था कि गुजरात टाइटंस इस मुकाबले को आसानी से जीत जाएगी। लेकिन कप्तान शुभमन गिल के आउट होने के साथ ही गुजरात की टीम ताश के पत्तों की तरफ बिखर गई। गुजरात टाइटंस 18.5 ओवर में 130 रनों पर ऑल आउट हो गई और लखनऊ सुपरजायंट्स ने इस मुकाबले को 33 रनों से अपने नाम कर लिया।

यश ठाकुर रहे जीत के हीरो
लखनऊ सुपरजायंट्स की तरफ से जीत के हीरो तेज गेंदबाज यश ठाकुर और ऑलराउंडर खिलाड़ी कुणाल पंड्या रहे। यश ठाकुर ने इस मुकाबले में पांच विकेट झटके तो वहीं कुणाल पंड्या ने भी तीन अहम विकेट चटकाए। इन दोनों ही खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन की बदौलत लखनऊ सुपरजायंट्स गुजरात के खिलाफ आसानी से जीत हासिल कर ली। यश ठाकुर इस सीजन आईपीएल में पांच विकेट हॉल लेने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
धोनी को देखकर लगा क्रिकेट का चस्का
विदर्भ से घरेलू क्रिकेट खेलने वाले यश ठाकुर की कहानी बेहद दिलचस्प है। साल 2011 वर्ल्ड कप फाइनल में धोनी को देखकर यश ठाकुर को क्रिकेट खेलने का चस्का लगा। उन्होंने अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज की थी। उन्होंने विकेटकीपिंग की शुरुआत की। उनका सपना एक दिन धोनी की तरह बड़ा खिलाड़ी बनने का था।
कीपर से बने बॉलर
लेकिन यश ठाकुर के कोच प्रवीण हिंगणीकर ने उन्हें एक दिन गेंदबाजी करते देखा। इसके बाद कोच ने यश को कीपिंग की जगह गेंदबाजी करने की सलाह दी। फिर क्या था यश ठाकुर ने विकेट कीपिंग छोड़कर अपने हाथ में गेंद थाम लिया। यश ठाकुर भारतीय टीम के तेज गेंदबाज उमेश यादव को अपना आदर्श मानते हैं। 25 साल के यश ठाकुर ने पिछले सीजन चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अपना आईपीएल डेब्यू किया था।
नीलामी में मिले इतने रुपये
नीलामी में यश ठाकुर को लखनऊ ने 45 लाख रुपये में खरीदा था। गुजरात टाइटंस के खिलाफ पांच विकेट लेने के बाद यश ठाकुर रातों-रात हीरो बनकर सामने आए है। यश ठाकुर के करियर की बात करें तो विदर्भ के लिए उन्होंने रणजी मैच में कई मैच विनिंग स्पेल डालने का काम किया है। रणजी ट्रॉफी के फाइनल में मुंबई के खिलाफ उन्होंने 6 विकेट झटके थे। लखनऊ की जीत के बाद कप्तान केएल राहुल ने भी यश ठाकुर की जमकर प्रशंसा की।












Click it and Unblock the Notifications