Chris Gayle: फिर मैदान पर लंबे-लंबे छक्के लगाते नजर आएंगे यूनिवर्स बॉस, ये टूर्नामेंट खेलने भारत आ रहे हैं
यूनिवर्स बॉस के नाम से मशहूर क्रिस गेल की मैदान पर वापसी हो रही है।
नई दिल्ली, 5 अगस्त: यूनिवर्स बॉस के नाम से मशहूर क्रिस गेल की मैदान पर वापसी हो रही है। अपने लंबे-लंबे छक्कों के लिए जाने जाने वाले गेल जल्द ही भारत आने वाले हैं। लीजेंड्स लीग क्रिकेट का दूसरा सीजन भी भारत में होना है। कई दिग्गज पूर्व खिलाड़ियों के इसमें खेलने की पुष्टि हो चुकी है। अब इस लिस्ट में क्रिस गेल का नाम भी जुड़ गया है। क्रिस गेल के लीजेंड्स लीग क्रिकेट में खेलने का आधिकारिक ऐलान हो गया है।

ये रिकॉर्ड गेल के नाम
टी-20 में सबसे ज्यादा शतक, सबसे तेज शतक, सबसे ज्यादा चौके छक्के और 10000 से अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है। लीजेंड्स लीग में खेलने की पुष्टि करते हुए गेल ने कहा है कि यह बहुत खुशी कि बात है कि मुझे लीजेंड्स लीग में खेलने का मौका मिल रहा है। इस लीग में दुनियाभर के महान खिलाड़ी खेलते हैं। मैं इस लीग में खेलने को लेकर काफी उत्साहित हूं। वहीं लीजेंड्स लीग क्रिकेट के CEO रमन रहेजा ने कहा,क्रिस गेल के आने से लीग और बड़ी हो गयी है। मशहूर पूर्व क्रिकेटर्स के साथ इस बार ये सीजन और शानदार होने वाला है।
View this post on Instagram

17 सितंबर से शुरू होगी लीग
लीजेंड्स लीग 17 सितंबर से 8 अक्टूबर तक भारत में खेली जाएगा, इसमें 4 टीमें खेलेंगी। कुछ दिनों पहले ही दिग्गज भारतीय क्रिकेटर और वर्तमान में बीसीसीआई के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने भी इस लीग में खेलने की पुष्टि की थी। ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों का मनोरंजन दोगुना हो जाएगा। पिछले साल यह लीग मस्कट में खेली गई थी। वहीं इस साल भारत के 6 शहरों में लीग का आयोजन होगा। इसमें दिल्ली, लखनऊ, जयपुर, कोलकाता, कटक और राजकोट को वेन्यू चुना गया है।

सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड
टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट की बात करें तो क्रिस गेल ने 79 मैचों में 1899 रन बनाए हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर 117 रन का है। गेल ने टी20 इंटरनेशनल में 14 अर्धशतक और 2 शतक जड़े हैं। आईपीएल में उन्होंने 142 मैचों में 4965 रन बनाए हैं। पिछले साल हुए आईपीएल ऑक्शन में क्रिस गेल ने अपना नाम नहीं दिया था। क्रिस गेल ने इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के लगाए हैं। उन्होंने 483 मैच की 551 पारियों में 553 छक्के लगाए हैं। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर पाकिस्तानी दिग्गज शाहिद अफरीदी हैं जिन्होंने 476 छक्के लगाए हैं। वहीं तीसरे पायदान पर 474 छक्कों के साथ भारतीय कप्तान रोहित शर्मा हैं।












Click it and Unblock the Notifications