ALN vs IM: 48 साल के मिस्बाह की विस्फोटक बल्लेबाजी, एशिया लॉयंस ने इंडिया महाराजा को दिया 166 रन का लक्ष्य
लीजेंड्स लीग क्रिकेट के पहले मैच में एशिया लॉयंस का मुकाबला इंडिया महाराज से है। एशिया ने इंडिया को 166 रन का लक्ष्य दिया है। मिस्बाह उल हक ने 73 रन की विस्फोटक पारी खेली है।

लीजेंड्स लीग क्रिकेट का कतर की राजधानी दोहा में धमाकेदार आगाज हुआ है। टूर्नामेंट के पहले ही मैच में विस्फोटक बल्लेबाजी देखने को मिली है। दरअसल, एशिया लॉयंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए इंडिया महाराजा को 166 रन का लक्ष्य दिया है। एशिया की टीम की ओर से पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी मिस्बाह उल हक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 50 गेंदों में 73 रन बनाए हैं। मिस्बाह ने अपनी पारी में 2 चौके लगाए, जबकि 4 छक्के जड़े। इस दौरान मिस्बाह का स्ट्राइक रेट 146 का रहा। मिस्बाह के अलावा श्रीलंका के पूर्व खिलाड़ी उपुल थरंगा ने भी 40 रनों का योगदान दिया। वहीं गेंदबाजी में इंडिया की ओर से स्टुअर्ट बिन्नी और परविंदर अवाना को 2-2 विकेट मिले। इरफान पठान और अशोक डिंडा को 1-1 विकेट मिला।
मिस्बाह और थरंगा के बीच हुई शतकीय साझेदारी
आपको बता दें कि एशिया लॉयंस के कप्तान शाहिद अफरीदी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। उपुल थरंगा और तिलकरत्ने दिलशान पारी की आगाज करने उतरे थे, लेकिन 17 के स्कोर पर ही एशिया लॉयंस को पहला झटका लग गया था। दिलशान सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए थे। इसके बाद असगर अफगान के रूप में एशिया को दूसरा झटका 18 के स्कोर पर लगा था। 2 विकेट जल्दी गिर जाने के बाद मिस्बाह उल हक बल्लेबाजी के लिए आए और शुरू में उन्होंने संभलकर पारी को आगे बढ़ाया और फिर सेट होने के बाद उन्होंने अपने हाथ खोले। मिस्बाह ने सिर्फ 35 गेंदों में ही अपनी हाफ सेंचुरी पूरी कर ली थी। मिस्बाह ने उपुल थरंगा के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए 108 रन की साझेदारी की।
इंडिया के इन बल्लेबाजों पर होगी लक्ष्य हासिल करने की जिम्मेदारी
एशिया लॉयंस की ओर से दिए गए इस लक्ष्य को हासिल करने की जिम्मेदारी अब इंडिया महाराजा के 5-6 खिलाड़ियों पर होगी। इसमें कप्तान गौतम गंभीर, रॉबिन उथप्पा, मुरली विजय, सुरेश रैना, मोहम्मद कैफ और इरफ़ान पठान का नाम शामिल है।
इंडिया महाराजा की प्लेइंग इलेवन
गौतम गंभीर, रॉबिन उथप्पा, मुरली विजय, सुरेश रैना, मोहम्मद कैफ, युसूफ पठान, स्टुअर्ट बिन्नी, इरफान पठान, हरभजन सिंह, अशोक डिंडा और प्रवीण तांबे
एशिया लॉयंस की प्लेइंग इलेवन
तिलकरत्ने दिलशान, उपुल थरंगा, असगर अफगान, मिस्बाह उल हक, शाहिद अफरीदी, पारस खड़का, थिसारा परेरा, अब्दुल रज्जाक, सोहेल तनवीर












Click it and Unblock the Notifications