9 सालों से घर नहीं लौटा मुंबई इंडियंस का यह युवा स्टार, पहली जीत के बाद सुनाई दिल छू लेने वाली कहानी
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन में आखिरकार मुंबई इंडियंस की लगातार हार का सिलसिला रुक गया है। आईपीएल के इतिहास में सबसे ज्यादा बार खिताब जीतने वाली मुंबई इंडियंस की टीम के लिये यह सीजन बहुत ही शर्मनाक गुजरा है और लगातार 8 मैचों में हार का सामना करने के बाद वो प्लेऑफ की रेस से भी बाहर हो गई, हालांकि टीम के प्रदर्शन को देखकर ऐसा लग रहा था जैसे कि उसके लिये इस सीजन पहली जीत मिल पाना ही बड़ी उपलब्धि होगी। लेकिन कप्तान रोहित शर्मा के जन्मदिन के मौके पर मुंबई इंडियंस की टीम ने वापसी करते हुए राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सीजन की पहली जीत हासिल की और हार के सिलसिले को रोक दिया।

मुंबई इंडियंस की टीम के लिये इस मैच में कई खिलाड़ियों ने छोटे लेकिन अहम योगदान दिये जिसके चलते टीम को अपनी पहली जीत मिली, इसमें अपना डेब्यू मैच खेल रहे गेंदबाज कुमार कार्तिकेय भी शामिल रहे, जिन्होंने अपने पहले ही ओवर की दूसरी गेंद पर संजू सैमसन का विकेट लेकर राजस्थान को बड़ा झटका दिया तो वहीं पर अपने 4 ओवर के स्पेल में महज 19 रन देकर बेहद किफायती भी साबित हुए।
और पढ़ें: IPL 2022 में कहां हो रही है दिल्ली कैपिटल्स से गलती, वसीम जाफर ने गिनाई टीम की कमजोरी
Recommended Video

डेब्यू मैच में कार्तिकेय ने किया प्रभावित
मध्यप्रदेश से आने वाले इस 24 वर्षीय युवा गेंदबाज ने अपने प्रदर्शन से दुनिया भर के दिग्गजों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। जहां मैच के बाद कप्तान रोहित शर्मा ने कार्तिकेय की तारीफ की तो वहीं पर टीम की मालकिन नीता अंबानी ने भी उन्हें ऐसे ही आगे बढ़ते रहने की शुभकामनायें दी। उल्लेखनीय है कि जिस वक्त कार्तिकेय गेंदबाजी करने आये थे उस वक्त राजस्थान के कप्तान संजू सैमसन काफी खतरनाक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे थे।कार्तिकेय के डेब्यू से पहले संजू सैमसन ने ऋतिक शौकीन के ओवर में लॉन्ग ऑफ और लॉन्ग ऑन पर दो छक्के जड़े थे, लेकिन कार्तिकेय ने अपने पहले ही ओवर में उनका विकेट लेकर अपनी टीम को राहत की सांस दिलाई।

9 साल से नहीं गया घर
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के रहने वाले कुमार कार्तिकेय घरेलू स्तर पर मध्यप्रदेश की ओर से क्रिकेट खेलते हैं, जिनका मानना है कि वो एक मिस्ट्री बॉलर हैं। राजस्थान की पारी समाप्त होने के बाद जब इस गेंदबाज से बात की गई तो उन्होंने बताया कि वो सफलता की तलाश में पिछले 9 साल से अपने घर नहीं गये हैं।
उन्होंने कहा,'मैं पिछले 9 सालों से घर नहीं गया हूं। मैंने निर्णय लिया था कि मैं तभी घर वापस जाउंगा जब अपने करियर में कुछ हासिल कर लूंगा, मेरे माता-पिता मुझे अक्सर फोन कर घर आने को कहते हैं, लेकिन मैंने खुद से यह वादा किया था और अब जब मैंने आईपीएल में खेलकर कुछ हासिल कर लिया है तो अब मैं अपने घर पर जा सकता हूं। मेरे कोच संजय सर ने मेरा नाम मध्य प्रदेश की टीम के लिये दिया था। मेरे पहले साल में जब मेरा नाम अंडर 23 की टीम के स्टैंड बॉय खिलाड़ी के रूप में आया तो मुझे काफी राहत मिली और अहसास हुआ कि मैं सही राह पर हूं।'

एक रात में सभी बल्लेबाजों के लिये तैयार किया प्लान
गौरतलब है कि राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गये मैच में कार्तिकेय ने अपने स्पेल के दौरान 9 डॉट गेंद फेंकी और अपने आईपीएल डेब्यू के दौरान सिर्फ एक ही बाउंड्री खाई।
उन्होंने कहा,'मैं एक मिस्ट्री बॉलर हूं और मैं अच्छा महसूस कर रहा हूं। जब मुझे पता चला कि आज मैं खेलने वाला हूं तो मैं थोड़ा नर्वस था लेकिन मैंने एक रात के अंदर सभी बल्लेबाजों के लिये प्लान तैयार किया। मैं सैमसन के पैड पर गेंद फेंकने की कोशिश कर रहा था, जब सचिन सर ने मुझे सलाह दी तो मुझे काफी आत्मविश्वास मिला। मैं चाहता था कि मेरी टीम जीते, गेंद थोड़ा घूम रही थी जिसका मैंने फायदा उठाया।'












Click it and Unblock the Notifications