केकेआर के खब्बू बल्लेबाज ने दिखाया वनमैन शो लेकिन शतक से रह गया पीछे, राजस्थान की लगातार दूसरी हार
RR vs KKR: केकेआर ने आईपीएल में अपना पहला मुकाबला जीतकर सीजन में अंक तालिका में खाता खोल लिया। टॉस जीतकर केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया और यह फैसला सही साबित हुआ। टीम के गेंदबाजों ने धमाल कर दिया।
केकेआर के गेंदबाजों ने रॉयल्स के बल्लेबाजों को टिकने का मौका ही नहीं दिया। जायसवाल ने 29 और सैमसन ने 13 रन बनाए। लोकल बॉय रियान पराग के बल्ले से 25 रन आए। रॉयल्स की फ्लॉप बैटिंग के बीच ध्रुव जुरेल ने टिककर खेलने की हिम्मत दर्शाई।

जुरेल के बल्ले से 33 रनों की पारी आई और राजस्थान रॉयल्स का स्कोर 9 विकेट पर 151 रनों तक पहुंचा। गुवाहाटी में पिच अन्य मैदानों की तरह बल्लेबाजों के लिए अच्छी नहीं थी। यहाँ गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला। इसी वजह से रॉयल्स के बल्लेबाज रन बनाने में नाकाम साबित हुए। वरुण चक्रवर्ती, हर्षित राणा, मोईन अली आदि गेंदबाजों को 2-2 विकेट हासिल हुए और राजस्थान रॉयल्स को इन सबने मिलकर कम स्कोर पर रोक दिया।
दूसरी पारी में बैटिंग थोड़ी आसान हुई क्योंकि ओस का प्रभाव था। रॉयल्स के खिलाफ क्विंटन डी कॉक ने वन मैन आर्मी वाला शो दिखाया और अकेले खड़े रहे। हालांकि दूसरे छोर से दो ही विकेट गिरे लेकिन डी कॉक ने अपनी लगातार धाकड़ बैटिंग से दबाव नहीं आने दिया। उन्होंने 61 गेंदों में नाबाद 97 रनों की पारी खेली। डी कॉक के बल्ले से 6 छक्के और 8 छक्के देखने को मिले। केकेआर ने 18वें ओवर में 8 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। जीत के हीरो डी कॉक रहे।












Click it and Unblock the Notifications