किरोन पोलार्ड की मुंबई इंडियंस में वापसी, बड़ी जिम्मेदारी देकर बुलाया गया, जयवर्धने की हो गई छुट्टी
आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस ने अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव किया है। पांच बार की आईपीएल चैंपियन टीम ने वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर किरोन पोलार्ड को अपना नया हेड कोच नियुक्त किया है। पोलार्ड इससे पहले टीम के बैटिंग कोच की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब वह महेला जयवर्धने की जगह मुख्य कोच के रूप में टीम को गाइड करेंगे।
पोलार्ड मुंबई इंडियंस के लिए कोई नया चेहरा नहीं हैं। वह लंबे समय तक इस फ्रेंचाइजी के लिए क्रिकेट खेल चुके हैं और टीम की पांच खिताबी जीत का हिस्सा रहे हैं। खिलाड़ी के तौर पर टीम की सफलता में अहम योगदान देने के बाद उन्होंने कोचिंग की जिम्मेदारी संभाली। ऐसे में फ्रेंचाइजी को उम्मीद होगी कि उनका अनुभव टीम को आईपीएल 2027 में बेहतर प्रदर्शन करने में मदद करेगा।

किरोन पोलार्ड ने मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल में 189 मैच खेले। इस दौरान उन्होंने 3412 रन बनाए और 69 विकेट अपने नाम किए। मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने कई मौकों पर टीम को मुश्किल परिस्थितियों से बाहर निकाला। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और दबाव में प्रदर्शन करने की क्षमता मुंबई इंडियंस के साथ उनके लंबे जुड़ाव की प्रमुख वजहों में शामिल रही है।
उनको हेड कोच बनाए जाने के साथ ही महेला जयवर्धने का मुंबई इंडियंस के साथ मुख्य कोच के रूप में सफर समाप्त हो गया है। जयवर्धने के नेतृत्व में टीम ने 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल का खिताब जीता था।
हालांकि पिछले कुछ सीजन में टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस 10 टीमों की अंक तालिका में नौवें स्थान पर रही थी। ऐसे में फ्रेंचाइजी ने आगामी सीजन से पहले कोचिंग की जिम्मेदारी में बदलाव किया है।
मुंबई इंडियंस ने अपना पिछला आईपीएल खिताब 2020 में जीता था। इसके बाद से टीम खिताब जीतने में सफल नहीं रही है। ऐसे में नए हेड कोच के रूप में पोलार्ड के सामने टीम को फिर से खिताबी दौड़ में मजबूती से खड़ा करने की चुनौती होगी।


Click it and Unblock the Notifications
