40 की उम्र में गेंद से कहर बरपा रहे हैं एंडरसन, बोल्ड होने पर पाकिस्तानी बल्लेबाज को नहीं हुआ यकीन
PAK vs ENG 2nd Test: इंग्लैंड के लिए टेस्ट क्रिकेट में जेम्स एंडरसन कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं। टेस्ट में आज भी उनकी गिनती बेस्ट तेज गेंदबाजों में की जाती है।

James Anderson Mohammad Rizwan, PAK vs ENG 2nd Test: पाकिस्तान के खिलाफ इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है। मुल्तान टेस्ट की दूसरी पारी में इंग्लैंड की टीम 275 रन पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड ने पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 355 रनों का लक्ष्य रखा है। पाकिस्तान की तरफ से इस लक्ष्य को पीछा करने के लिए अब्दुल्ला शफीक के साथ मोहम्मद रिजवान ने पारी की शुरुआत की।
एंडरसन ने किया रिजवान को बोल्ड
पाकिस्तान ने लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार शुरुआत की। दोनों ही बल्लेबाजों ने तीसरे दिन के लंच तक बिना कोई विकेट गंवाए 64 रन बना लिए थे। लेकिन लंच के बाद जैसे ही खेल शुरू हुआ, पाकिस्तान की ओर से विकेट भी गिरने की शुरुआत हो गई। जेम्स एंडरसन ने अपने स्पेल की एक कमाल की गेंद पर मोहम्मद रिजवान को क्लीन बोल्ड कर दिया। रिजवान 30 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
आउट होने के बाद नहीं आया यकीन
मोहम्मद रिजवान एक परफेक्ट गेंद पर बोल्ड हुए। रिजवान की जगह दूसरा कोई भी बल्लेबाज यहां होता तो शायद वह भी आउट हो जाता। आउट होने के बाद कुछ समय तक रिजवान पिच पर ही खड़े रहे। मोहम्मद रिज़वान के बाद कप्तान बाबर आजम भी ओली रॉबिन्सन की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। इंग्लैंड ने दो बड़े विकेट लेने के साथ मैच में अपनी पकड़ भी मजबूत की।
दोनों टीमों में शामिल हैं ये खिलाड़ी
पाकिस्तान (प्लेइंग इलेवन): अब्दुल्ला शफीक, इमाम-उल-हक, बाबर आजम (कप्तान), मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), आगा सलमान, सऊद शकील, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, जाहिद महमूद, मोहम्मद अली, अबरार अहमद।
इंग्लैंड (प्लेइंग इलेवन): जैक क्राउली, बेन डकेट, ओली पोप (विकेटकीपर), जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), विल जैक, ओली रॉबिन्सन, जैक लीच, मार्क वुड, जेम्स एंडरसन।












Click it and Unblock the Notifications