ईशान किशन ने बल्ले से मचाई तबाही, 28 गेंदों में फिफ्टी के साथ टी20 अंतरराष्ट्रीय में रचा बड़ा मुकाम
ईशान किशन जब लय में होते हैं तो गेंदबाजों के लिए उन्हें रोकना आसान नहीं होता। न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें टी20 मुकाबले में भी उनका यही आक्रामक अंदाज देखने को मिला। उन्होंने मैदान के चारों ओर आकर्षक शॉट लगाए और तेजी से रन बटोरते हुए भारतीय पारी को रफ्तार दी। इस दौरान ईशान ने एक ऐसी उपलब्धि भी हासिल की, जो उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर के लिए खास है।
उन्होंने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर शुरुआत से ही दबाव बनाया। खब्बू बल्लेबाज ने महज 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। टीम इंडिया ने अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन के विकेट महज 19 के कुल स्कोर पर गंवा दिए थे। वहां से किशन का तूफान आया।

उनकी बल्लेबाजी में आक्रामकता साफ़ तौर पर नजर आई। इस पारी के दौरान उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 2000 रन भी पूरे कर लिए। फिफ्टी जड़ने के बाद वह आउट होकर चले गए लेकिन अपना काम बखूबी कर गए।
अभिषेक और सूर्या से पीछे हैं ईशान
भारत के लिए सबसे कम गेंदों में 2000 टी20 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करने के मामले में ईशान किशन तीसरे स्थान पर हैं। इस सूची में शीर्ष पर अभिषेक शर्मा का नाम है, जिन्होंने केवल 1024 गेंदों में यह आंकड़ा छुआ था। सूर्यकुमार यादव ने 1164 गेंदों में 2000 रन पूरे किए थे। वहीं ईशान किशन को इस मुकाम तक पहुंचने के लिए 1345 गेंदें लगीं।
ईशान किशन ने लगाई 10 बाउंड्री
किशन की पारी में 5 चौके और इतने ही छक्के आए। वह 32 गेंदों में 61 रन बनाकर आउट हो गए। श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर उन्होंने टीम इंडिया का स्कोर तेजी से ऊपर उठा दिया। 19/2 के स्कोर को पार करते हुए उन्होंने टीम इंडिया को 100 पार पहुंचाते हुए कीवी टीम को वापस पीछे धकेल दिया। ईशान किशन के आउट होने पर श्रेयस अय्यर ने भी अपनी फिफ्टी पूरी कर डाली, वह 22 गेंद में यह आंकड़ा पार करने में सफल रहे और 50 के स्कोर पर आउट हो गए।


Click it and Unblock the Notifications
