'उससे तुलना करना बेवकूफी है, वो बेस्ट लीग है', ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज ने खत्म की IPL बनाम PSL की डिबेट
नई दिल्ली। पाकिस्तान दौरे पर 24 साल बाद पहली बार कोई द्विपक्षीय टेस्ट सीरीज खेलने पहुंची ऑस्ट्रेलिया की टीम फिलहाल टेस्ट सीरीज की तैयारियां कर रही है। 1998 में आखिरी बार पाकिस्तान का दौरा करने वाली ऑस्ट्रेलिया की टीम को 4 मार्च से पहला मैच खेलना है, जिससे पहले कंगारू टीम के कई खिलाड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया से बात करते नजर आ रहे हैं और दौरे को लेकर अपनी-अपनी राय दे रहे हैं कि कैसे पाकिस्तान में उनका स्वागत किया गया। इस दौरान टेस्ट सीरीज को लेकर भी खिलाड़ी अपने प्लान की बात कर रहे हैं।

ऑस्ट्रेलिया की टीम को पाकिस्तान के खिलाफ 3 मैचों की टेस्ट, 3 मैचों की वनडे और एक मैच की टी0 सीरीज खेलनी है, जिसका आयोजन 4 मार्च से 5 अप्रैल के बीच किया जाना है। बुधवार को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने दोनों देशों के बीच खेली जाने वाली इस टेस्ट सीरीज को बेनॉड-कादिर ट्रॉफी के नाम से बुलाये जाने का ऐलान किया है। उल्लेखनीय है कि यह नाम दोनो देशों के दिग्गज लेग स्पिनर्स रिची बेनॉड और अब्दुल कादिर के सम्मान में रखा गया है।

आईपीएल से पीएसएल की तुलना करना बेवकूफी
मीडिया से बात करने वाले इन ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों में एक नाम पाकिस्तान मूल के उस्मान ख्वाजा का भी है, जिन्होंने मीडिया से बात करते हुए कई मुद्दों पर अपनी राय रखी है। इस दौरान उस्मान ख्वाजा से दुनिया की दो मशहूर टी20 लीग आईपीएल और पीएसएल को लेकर भी राय पूछी गई कि दोनों के बीच कौन सी ट्रॉफी ज्यादा बड़ी और बेहतर है।
इस सवाल का जवाब देते हुए ख्वाजा ने कहा,'मेरे हिसाब से पीएसएल एक लीग है जो दुनिया के नक्शे पर अपनी जगह बना चुकी है। तेज गेंदबाजी के मामले में पाकिस्तान हमेशा से ही अविश्वसनीय रहा है। यह काफी मजबूत लीग हे लेकिन आईपीएल दुनिया की सबसे मजबूत फ्रैंचाइजी आधारित लीग है। यहां पर दोनों के बीच कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है, उनकी तुलना करना भी बेवकूफी है।'

दुनिया की सबसे मजबूत लीग है आईपीएल
ख्वाजा ने आगे बात करते हुए कहा कि दुनिया में कई टी20 लीग हैं लेकिन इंडियन प्रीमियर लीग सबसे ऊपर है। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलियाई टीम के दिग्गज ने अपनी राय के पीछे का कारण भी बताया।
उन्होंने कहा,'जब आप आईपीएल की बात करते हुए दुनिया के सारे खिलाड़ी वहां खेलने के लिये आते हैं, साथ ही दुनिया की इकलौती लीग है जिसमें भारतीय खिलाड़ियों को खेलने की इजाजत है। इस वजह से यह दुनिया की बेस्ट लीग बन जाती है। बिग बैश लीग, पाकिस्तान सुपर लीग, द हंड्रेड और कैरिबियन प्रीमियर लीग सभी अच्छी लीग हैं जिसमें हर कोई भाग लेना चाहता है, लेकिन आईपीएल इन सबमें सबसे ऊपर है।'

दोनों लीग में खेल चुके हैं उस्मान ख्वाजा
गौरतलब है कि उस्मान ख्वाजा अपने करियर के दौरान आईपीएल और पीएसएल दोनों में ही खेल चुके हैं। जहां पर साल 2016 में वो राइजिंग पुणे सुपरजाएंट की टीम का हिस्सा बने थे, तो वहीं पिछले साल पाकिस्तान सुपर लीग के रिशेड्यूल्ड लेग में इस्लामाबाद युनाइटेड टीम का हिस्सा बने थे। आपको बता दें कि पाकिस्तान सुपर लीग के 7वें सीजन का हाल ही में समापन हुआ है, जिसमें लाहौर कलंदर्स की टीम ने मुल्तान सुल्तान्स को हराकर खिताब अपने नाम किया है।












Click it and Unblock the Notifications