IPL लीजेंड क्रिस गेल ने CSK और GT को किया मुंबई इंडियंस से सावधान, इतना आसान नहीं होगा MI से मुकाबला
IPL 2023 Mumbai Indians: क्रिस गेल ने चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के बारे में बात करते हुए कहा है कि मुंबई इंडियंस अगर फाइनल में पहुंचती है तो धोनी एंड कंपनी को यह ज्यादा रास नहीं आने वाला है।

IPL 2023 in Hindi: इंडियन प्रीमियर लीग में समीकरण ऐसे बन चुके हैं कि 16वें सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस की टीम एक बार फिर से खिताबी जंग में एक-दूसरे के आमने-सामने हो सकती है। अगर ऐसा होता है तो यह आईपीएल फैंस के लिए किसी ट्रीट की तरह होगा क्योंकि दोनों ही टीमें अभी तक 9 बार आईपीएल ट्रॉफी हासिल कर चुकी है।
हालांकि उसके लिए मुंबई इंडियंस को आज यानी 26 मई की रात गुजरात टाइटंस के खिलाफ एक बड़ी बाधा से पार भी पाना होगा। वेस्टइंडीज के पूर्व बल्लेबाज और आरसीबी के धाकड़ खिलाड़ी रहे क्रिस गेल ने मुंबई इंडियंस की टीम से सावधान रहने की सलाह दी है जो अभी अपनी जीत की लय पर है।
मुंबई ने एलिमिनेटर मैच में लखनऊ की टीम को बुरी तरह से हराया था। गेल मानते हैं कि गुजरात टाइटंस के पास नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेलने का घरेलू एडवांटेज तो रहेगा लेकिन मुंबई के टीम जीत के घोड़े पर सवार है। अगर वे फाइनल में पहुंच जाते हैं तो चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खिताब जीतना इतना आसान नहीं होगा।
गेल ने जियो सिनेमा पर बात करते हुए कहा, "मुंबई इंडियंस गुजरात के होम ग्राउंड में जा रही है और यह गुजरात के लिए काफी बड़ा एडवांटेज है। लेकिन अभी मोमेंटम मुंबई के पास है। क्या मुंबई फाइनल में जाने वाली है? अगर वे ऐसा करते हैं तो चेन्नई सुपर किंग्स की टीम मुंबई जैसी धाकड़ टीम को फाइनल में नहीं देखना चाहेगी।"
रोहित शर्मा एंड कंपनी पिछले दो मैचों में बड़ी जीत के साथ आ रही है। उन्होंने पिछले मुकाबले में लखनऊ की टीम को 81 रनों से हराया था। चेन्नई सुपर किंग्स हालांकि बहुत प्रभावित करने वाली टीम रही है और गुजरात टाइटंस का सामना करना भी इतना आसान नहीं है तो कुल मिलाकर इस बार आईपीएल की ट्रॉफी हथियाना उतना आसान नहीं लग रहा है जितना आमतौर पर आप पहले ही किसी टीम को दावेदार के तौर पर देख लेते हैं।
कई लोगों का दिल मुंबई के साथ होगा तो गुजरात टाइटंस के स्टाइलिश खेल के भी फैंस मुरीद है। धोनी के लिए फैंस की धड़कन तेज हो जाती हैं और शायद अपने आखिरी सीजन में खेल रहे माही को भी जीतते हुए हर कोई देखना चाहेगा। फिलहाल रोहित शर्मा एंड कंपनी हार्दिक पांड्या की टीम के सामने अपने प्ले ऑफ में खेलने के अनुभव को पूरी तरह झोंकते हुए अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में उतरेगी।












Click it and Unblock the Notifications