किस स्कूल में पढ़ते हैं Vaibhav Suryavanshi, कितनी देते हैं फीस? करोड़ों के खिलाड़ी की पढ़ाई का खर्चा आया सामने
IPL 2026, Vaibhav Suryavanshi School: राजस्थान रॉयल्स (RR) के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इन दिनों अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के साथ-साथ अपने एक साहसी फैसले के कारण चर्चा में हैं। महज 15 साल की उम्र में क्रिकेट की दुनिया में नाम कमाने वाले वैभव ने खेल को प्राथमिकता देते हुए अपनी साल 2026 की 10वीं बोर्ड की परीक्षाएं छोड़ दी हैं। वैभव के कोच मनीष ओझा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि वैभव का पूरा ध्यान फिलहाल आगामी क्रिकेट सीजन और अपनी ट्रेनिंग पर फोकस है।
कितनी है वैभव की स्कूल फीस (IPL 2026, Vaibhav Suryavanshi School)
वैभव बिहार के ताजपुर स्थित मोडेस्टी स्कूल के छात्र हैं। जहां आज के दौर में बड़े खिलाड़ियों के बच्चों या स्टार्स की पढ़ाई पर लाखों खर्च किए जाते हैं, वहीं वैभव के स्कूल का ढांचा बेहद जमीन से जुड़ा हुआ है। जानकारी के मुताबिक इस स्कूल में सीनियर क्लासेज की मासिक फीस महज 950 रुपए है। 700 से अधिक छात्रों वाले इस संस्थान में विज्ञान और वाणिज्य जैसे विषयों की पढ़ाई होती है।

IPL में रचा इतिहास: 35 गेंदों में जड़ा था शतक
वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2025 में उस समय इतिहास रच दिया था, जब उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ जयपुर के मैदान पर महज 35 गेंदों में शतक जड़ दिया। वह टी-20 क्रिकेट के इतिहास में शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने। 38 गेंदों पर 101 रनों की उनकी यह पारी आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक है।
13 साल की उम्र में बने थे करोड़पति
वैभव की काबिलियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जब वह महज 13 साल के थे, तब आईपीएल 2025 की नीलामी में राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 1.1 करोड़ रुपए की भारी-भरकम राशि में खरीदा था। वह आईपीएल इतिहास में अनुबंध पाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बने थे। टी-20 इतिहास में सबसे कम उम्र में 100 रन बनाने का रिकॉर्ड के साथ-साथ आईपीएल का दूसरा सबसे तेज शतक (35 गेंद) में जड़ने का रिकॉर्ड वैभव के नाम है।















Click it and Unblock the Notifications