चिन्नास्वामी स्टेडियम में सुरक्षा से खिलवाड़, तोड़फोड़ कर 240 सीसीटीवी कैमरे किए बंद, 2 लोग हुए गिरफ्तार
IPL 2026: बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में 24 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के मैच के दौरान एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए दो युवकों ने सीसीटीवी (CCTV) सर्विलांस सिस्टम को बुरी तरह तहस-नहस कर दिया, जिससे मैच के दौरान 240 से ज्यादा कैमरे बंद हो गए।
मैच के दौरान जब पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां भीड़ और सुरक्षा पर नजर रख रही थीं, उसी समय स्टेडियम के सीसीटीवी कंट्रोल रूम में घुसकर तोड़फोड़ की गई। आरोपियों ने नेटवर्क वीडियो रिकॉर्डर (NVR) सिस्टम और फाइबर कनेक्शन को काट दिया। इसका नतीजा यह हुआ कि एंट्री गेट, बाउंड्री वॉल और स्टैंड्स की लाइव फीड पुलिस के पास पहुंचना बंद हो गई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ा खतरा पैदा हो गया।

कौन हैं आरोपी?
कब्बन पार्क पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को नामजद किया है। एक कर्नाटक का रहने वाला मंजूनाथ है जिसकी उम्र 37 वर्ष है। दूसरा उत्तर प्रदेश से आने वाला अब्दुल कलाम है। जिसकी उम्र 19 साल है। दोनों को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है।
क्यों की तोड़फोड़?
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उन्होंने बताया कि यह तोड़फोड़ उन्होंने गुस्से में की थी। आरोपियों का दावा है कि उनका 10 लाख रुपये का भुगतान (Dues) बकाया था, जिसे बार-बार मांगने पर भी नहीं दिया जा रहा था। इसी पेमेंट के विवाद के चलते उन्होंने जानबूझकर सिस्टम को नुकसान पहुंचाया।
कैसे पकड़े गए?
सुरक्षा समाधान देने वाली कंपनी 'स्टैक टेक्नोलॉजीज' के कर्मचारी आदित्य भट्ट की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया। सीसीटीवी फुटेज की जांच में पाया गया कि आरोपी बिना वैध पास के प्रतिबंधित क्षेत्रों और कंट्रोल रूम में दाखिल हुए थे।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सुरक्षा में बाधा डालने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि यह एक व्यक्तिगत विवाद (पेमेंट) का मामला लग रहा है, लेकिन मैच के दौरान इतनी बड़ी संख्या में कैमरों का बंद होना सुरक्षा की दृष्टि से एक गंभीर चूक मानी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications