IPL Retirement: CSK के बाहर होते ही भारतीय खिलाड़ी ने लिया संन्यास, वर्ल्ड कप टीम में हुई थी सरप्राइज एंट्री!
IPL 2026 Retirement: भारतीय क्रिकेट और आईपीएल (IPL) से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। भारत के पूर्व ऑलराउंडर और पिछले सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का हिस्सा रहे विजय शंकर ने भारतीय घरेलू क्रिकेट और आईपीएल से संन्यास की घोषणा कर दी है। तमिलनाडु के 35 वर्षीय ऑलराउंडर ने सोशल मीडिया पर एक लंबा और भावुक बयान जारी कर अपने इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अपने खेल करियर को लंबा खींचने के लिए अब विदेशी (ओवरसीज) टी20 लीग्स में नए अवसरों की तलाश करेंगे।
विजय शंकर ने लिया संन्यास (IPL 2026 Retirement)
यह फैसला आईपीएल 2026 के ऑक्शन में उन्हें कोई खरीदार न मिलने (अनसोल्ड रहने) के बाद आया है। जहां उन्होंने खुद को एक अनकैप्ड खिलाड़ी के रूप में रजिस्टर्ड कराया था। विजय शंकर ने अपने संन्यास के नोट में भारतीय टीम के लिए खेलने को अपने जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण बताया। इस दौरान उन्होंने अपने करियर की दो सबसे बड़ी उपलब्धियों को याद किया।

साल 2019 वर्ल्ड कप में हुई थी सरप्राइज एंट्री
साल 2019 वर्ल्ड कप में उनकी सरप्राइज एंट्री हुई थी। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ मैच में अपनी पहली ही गेंद पर विकेट लिया, जो एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड है। नागपुर में खेले गए इस भारत के 500वें मैच में भारत के लिए आखिरी ओवर फेंककर उन्होंने टीम को जीत दिलाई थी। शंकर ने अपने करियर में भारत के लिए 12 वनडे और 9 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। उन्होंने आखिरी बार जून 2019 में विश्व कप के दौरान भारतीय जर्सी पहनी थी।
घरेलू और आईपीएल करियर के आंकड़े
विजय शंकर का घरेलू और आईपीएल करियर काफी लंबा और उतार-चढ़ाव भरा रहा है। उन्होंने 77 प्रथम श्रेणी मैचों में 4,253 रन बनाए और 43 विकेट चटकाए। आईपीएल के 10 सीजन के दौरान उन्होंने 4 अलग-अलग टीमों (गुजरात टाइटंस, सनराइजर्स हैदराबाद, चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स) के लिए कुल 78 मैच खेले, जिसमें उन्होंने 1,233 रन बनाए और 9 विकेट हासिल किए। पिछले सीजन में वे सीएसके का हिस्सा थे, लेकिन बल्ले से प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे, जिसके बाद फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिलीज कर दिया था।
अपने विदाई संदेश में विजय शंकर ने करियर के दौरान मिलने वाली आलोचनाओं और सोशल मीडिया पर होने वाली ट्रोलिंग पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि मैंने अपने करियर में अवास्तविक नफरत और नकारात्मकता का सामना किया है। लेकिन मैंने हमेशा इसे नजरअंदाज कर आगे बढ़ने का विकल्प चुना। अगर मैं ऐसा कर सकता हूं, तो कोई भी कर सकता है। सकारात्मक सोचें और कड़ी मेहनत करें।















Click it and Unblock the Notifications