IPL 2026 LSG vs GT: नवाबों के शहर में टाइटंस देगी चुनौती! हेड-टू-हेड में आखिर किसका पलड़ा रहा है भारी?
IPL 2026 LSG vs GT: आईपीएल 2026 (IPL 2026) का 19वां मुकाबला आज यानी रविवार को इकाना स्टेडियम में दोपहर 3:30 बजे खेला जाएगा। घरेलू मैदान पर खेल रही लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का सामना गुजरात टाइटंस (GT) से होगा। दोनों टीमें अपने पिछले मैच आखिरी गेंद पर जीतकर यहां पहुंची हैं। लेकिन आज की चिलचिलाती धूप में असली चुनौती रणनीतियों की होगी। ऐसे में बेहतर प्रदर्शन करने वाली टीम को जीत मिलने की संभावना अधिक है।
जानिए आखिर किसका पलड़ा रहा है भारी (IPL 2026 LSG vs GT)
आंकड़ों की बात करें तो गुजरात टाइटंस का पलड़ा भारी है, लेकिन लखनऊ ने हाल के समय में जबरदस्त वापसी की है। दोनों टीमों के बीच अब तक 7 मुकाबले हुए हैं। इनमें से गुजरात ने 4 और लखनऊ ने 3 जीते हैं। गुजरात ने शुरुआती दो साल (2022-23) दबदबा बनाया था। लेकिन लखनऊ ने पिछले तीन लगातार मैचों (2024-25) में गुजरात को धूल चटाई है। आज लखनऊ के पास जीत की चौकी लगाने का मौका है।

पिच से किसे मिलेगा फायदा
इकाना स्टेडियम में टॉस की भूमिका किसी भी अन्य मैदान से ज्यादा अहम है। यहां पिछले 23 मैचों में से 15 बार (65.22%) टॉस जीतने वाली टीम ने ही मैच जीता है। चूंकि यह दोपहर का मैच है, ओस का कोई प्रभाव नहीं होगा। पिच शुरुआत में तेज गेंदबाजों को उछाल देगी, लेकिन खेल आगे बढ़ने पर धीमी हो जाएगी। टॉस जीतने वाला कप्तान पहले गेंदबाजी चुनकर शाम की थोड़ी बेहतर परिस्थितियों में लक्ष्य का पीछा करना पसंद करेगा।
इन खिलाड़ियों पर रहेगी नजर
आज के मैच का सबसे बड़ा मुकाबला मिडिल ओवर्स में दिखेगा। साल 2025 में फीके रहने वाले राशिद खान 2026 में अपने पुराने रंग में लौट आए हैं। उनका स्ट्राइक रेट हर 14 गेंद पर एक विकेट का है।ऋषभ पंत राशिद के सामने संघर्ष करते रहे हैं। राशिद ने पंत को 107 गेंदों में 3 बार आउट किया है और रन भी नहीं बनाने दिए। इसके अलावा प्रसिद्ध कृष्णा भी पंत के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं।
निकोलस पूरन ने बढ़ाई लखनऊ की चिंता
निकोलस पूरन की खराब फॉर्म और निचले क्रम में बल्लेबाजी की गहराई की कमी टीम के लिए चिंता का विषय है। आवेश खान और प्रिंस यादव नई गेंद से गिल को रोकने की जिम्मेदारी संभालेंगे। मोहम्मद सिराज का पावरप्ले में विकेट न निकाल पाना गुजरात के लिए सबसे बड़ी समस्या है। हालांकि, जोस बटलर (औसत 39) और शुभमन गिल की मौजूदगी टॉप ऑर्डर को स्थिरता देती है।












Click it and Unblock the Notifications