IPL 2024: चेन्नई-आरसीबी मैच के सभी टिकट पल भर में बिके, अश्विन ने अपने बच्चों के लिए मांगी सोशल मीडिया पर मदद
IPL 2024: आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स और आरसीबी के बीच इस सीजन का पहला मुकाबला खेला जाना है। इस मुकाबले के टिकटों की बिक्री 18 मार्च को शुरू हुई और पलक झपकते ही बिक्री के लिए उपलब्ध टिकट बिक गए। पल भर में सभी टिकट सोल्ड आउट हो गए।
चेन्नई में होने वाले इस मैच के लिए दोनों टीमों के फैन्स ने टिकट खरीदे। जब भी दो बड़ी टीमों के बीच मुकाबला होता है, तो टिकट इसी तरह बिकते हैं। जहाँ तक प्राइस की बात करें, तो यह कम नहीं थी लेकिन चेन्नई और आरसीबी के फैन्स ने जमकर टिकट खरीदे।

पहले मैच के लिए टिकट प्राइस 1700 से लेकर 7500 रुपये तक रखी गई थी लेकिन फैन्स बिक्री शुरू होते ही टूट पड़े और सभी टिकट खरीद डाले। यहाँ तक कि भारतीय टीम के खिलाड़ी रविचंद्रन अश्विन को भी टिकट नहीं मिला और उन्होंने सोशल मीडिया पर इसे लेकर प्रतिक्रिया दी।
अश्विन ने टिकट के लिए चेन्नई सुपर किंग्स से सोशल मीडिया पर गुहार लगाई। अश्विन ने लिखा कि चेन्नई और आरसीबी के बीच आईपीएल के पहले मैच के लिए टिकटों की अवास्तविक मांग है। मेरे बच्चे इस मैच को देखना चाहते हैं, चेन्नई सुपर किंग्स कृपया मदद करें।
गौरतलब है कि चेन्नई सुपर किंग्स के टिकट हर सीजन जल्दी बिकते हैं। देश के किसी भी कोने में मैच हो, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है और टिकट तुंरत बिक जाते हैं। धोनी को देखने के लिए फैन्स की बाढ़ सी आ जाती है। इस वजह से टिकटों को लेकर मारामारी देखने को मिलती है।
चेन्नई सुपर किंग्स पिछले साल आईपीएल की विजेता टीम है। इस सीजन चेन्नई के कुछ खिलाड़ी चोटिल हैं। धोनी की कप्तानी इस टीम को अन्य टीमों से अलग बनाती है। आरसीबी के खिलाफ 22 मार्च को चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में महामुकाबला देखने को मिलेगा। दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications