GT के खिलाफ सूर्यकुमार यादव का आतिशी शतक है उनकी बेस्ट टी20 पारी, स्टार बल्लेबाज ने खुद किया खुलासा
IPL 2023 Suryakumar Yadav: 135 आईपीएल मैच खेलने के बाद अपना पहला 20 शतक लगाने वाले सूर्यकुमार यादव ने अपनी ताजा पारी को बेस्ट करार दिया है।

IPL 2023 in Hindi: सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) आईपीएल 2023 की लीग स्टेज का समापन आते-आते अपनी टॉप की फॉर्म में आ चुके हैं। स्काई ने 12 मई की शाम जिस तरह की पारी गुजरात टाइटंस (Gujarat Titans) के खिलाफ खेली उसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सूर्यकुमार यादव अभी तक 5 T20 सेंचुरी मार चुके हैं और उनमें बेस्ट को चुनना बहुत मुश्किल काम है लेकिन दुनिया के नंबर एक T20 इंटरनेशनल बल्लेबाज ने अपनी ताजा पारी को बेस्ट चुना है।
स्काई ने 49 गेंदों पर 103 रनों की पारी खेली और आईपीएल के अपने 135 मैचों के करियर में पहला शतक भी लगाया। इस दौरान उन्होंने 360-degree की जो स्किल दिखाई उसने गुजरात की टीम को कहीं का नहीं छोड़ा।
यादव ने 6 छक्के और 10 चौके लगाए। उन्होंने अंतिम गेंद पर छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया जबकि एक समय वे 18 गेंदों पर 23 रन बनाकर खेल रहे थे। लेकिन उसके बाद जो उड़ान भरी उसके सभी दीवाने हो गए।
यादव की पारी के दम पर मुंबई इंडियंस की टीम ने 218 का बहुत बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया जिसको राशिद खान की बेहतरीन 79 रनों की पारी के बावजूद हासिल नहीं किया जा सका और मुंबई इंडियंस की टीम 27 रनों से मैच जीत गई।
इस मुकाबले के बाद जब सूर्यकुमार यादव को प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड दिया गया तो उन्होंने कहा, "यह मेरी बेस्ट T20 शतकीय पारी है। ऐसा मै कह सकता हूं। जब भी मैं रन बनाता हूं तो टीम को जीतना चाहिए।"
सूर्यकुमार यादव ने खुलासा किया कि मुंबई इंडियंस की टीम ने पहली पारी में बल्लेबाजी करने के दौरान उसी तरह का माइंडसेट रखा था जैसे वे 200 या 220 रनों के स्कोर का पीछा करते हुए रखते हैं।
यादव ने आगे कहा, "मैदान पर काफी ओस होती है। ये सात-आठ ओवर में ही आनी शुरू हो गई थी। इसलिए मुझे पता था कि मैं किस तरह के शॉट खेलने जा रहा हूं।"
अब मुंबई इंडियंस की टीम इस जीत के साथ चौथे स्थान से तीसरे स्थान पर आ चुकी है और उनके 12 मैचों में 14 पॉइंट है। सूर्यकुमार यादव इन मुकाबलों में 479 रन बनाकर ऑरेंज कैप की रेस में आ गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications