'रोहित और टीम की नजरें उस पर होंगी', सौरव गांगुली ने बताया Delhi Capitals का ये खिलाड़ी है भारत के लिए रेडी
IPL 2023 Delhi Capitals: आईपीएल 2023 में सौरव गांगुली फिर से दिल्ली कैपिटल्स के साथ जुड़ें दिखाई देंगे। उन्होंने टीम के ऐसे खिलाड़ी की पहचान की है जो भारत की ओर से खेलने के लिए रेडी है।

IPL 2023 तीन दिनों के अंदर शुरू होने जा रहा है जहां सौरव गांगुली फिर से दिल्ली कैपिटल्स की टीम के साथ दिखाई देंगे। पूर्व बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली अब डीसी के क्रिकेट डायरेक्टर हैं। गांगुली ने अपनी टीम से एक सुपरस्टार का नाम लिया है जो भारत के लिए खेलने के लिए रेडी है। गांगुली ने तो ये तक कहा है कि रोहित शर्मा और सिलेक्टरों की नजरें निश्चित तौर पर इस खिलाड़ी पर करीब से होंगी।

दिल्ली कैपिटल्स का ये खिलाड़ी है तैयार
ये खिलाड़ी हैं पृथ्वी शॉ जो इस आईपीएल में अपना जलवा बिखेरकर साल के अंत में भारत में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए अपना दावा मजबूत करना चाहेंगे। अलग फॉर्मेट होने के बावजूद भी आईपीएल भारतीय टीम के चयन में निर्णायक भूमिका अदा करता रहा है और ये सीजन भी कोई अलग नहीं होने जा रहा है। गांगुली ने हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में कहा कि, मुझे लगता है पृथ्वी शॉ भारत की ओर से खेलने के लिए रेडी है। ये स्लॉट पर निर्भर करेगा कि उसको मौका कब मिलेगा। मुझे यकीन है रोहित शर्मा और चयनकर्ताओं की नजरें उस पर बनी हुई हैं। वह अच्छा खिलाड़ी है और रेडी है।

पृथ्वी शॉ के लिए ये आईपीएल अहम
शॉ ने 2021 में भारत के लिए खेला था। फिर वे इस साल जनवरी में श्रीलंका के खिलाफ सफेद गेंद सीरीज में चुने गए लेकिन शुभमन गिल को प्लेइंग 11 में मौका मिला और वे आज टॉप के प्लेयर में शुमार हैं।
हालांकि भारत के पूर्व बल्लेबाज मुरली विजय गिल के साथ शॉ को भी टॉप का ही प्लेयर बताते हैं। उन्होंने हिंदुस्तान टाइम्स से ही बात करते हुए कहा था, मेरे लिए भारत की ओर से चयनित होने वाले 15 खिलाड़ी पहले ही सुपरस्टार हैं लेकिन मैं शुभमन गिल और पृथ्वी शॉ की स्किल को बहुत ही खास आंकता हूं। दोनों टॉप के प्लेयर हैं। पंत ने भी बहुत अच्छा किया है और मैं उनकी तेज रिकवरी की प्रार्थना करता हूं। श्रेयस अय्यर भी अच्छा कर रहा है।

मुरली विजय भी शॉ के मुरीद
जब मुरली विजय से शॉ की गैरमौजूदगी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि ये सवाल आपको टीम मैनेजमेंट से पूछना होगा। मुझे नहीं पता इसका कारण क्या है।
दिल्ली कैपिटल्स की टीम को अपना पहला मुकाबला 1 अप्रैल को अटल बिहारी वाजपेई इकाना स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ खेलना है।












Click it and Unblock the Notifications