IPL 2023: कोच के बाद कप्तान बदलने की तैयारी में पंजाब किंग्स, इस दिग्गज को मिल सकती है कमान
आईपीएल 2023 से पहले पंजाब किंग्स अपने कप्तान को बदलने पर विचार कर रही है। पंजाब ने पिछले सीजन ही मयंक अग्रवाल को टीम की कमान सौंपी थी।
नई दिल्ली, 22 अगस्त: आईपीएल 2023 से पहले पंजाब किंग्स अपने कप्तान को बदलने पर विचार कर रही है। पंजाब ने पिछले सीजन ही मयंक अग्रवाल को टीम की कमान सौंपी थी। हाल ही में फ्रेंचाइजी ने अपने कोच अनिल कुंबले का कॉन्ट्रैक्ट आगे नहीं बढ़ाने का फैसला लिया था। पंजाब किंग्स अपने अगले कोच के लिए इयोन मॉर्गन और ट्रेवोर बेलिस जैसे दिग्गजों से सम्पर्क में हैं, हालांकि अभी इसको लेकर कुछ अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।

बल्लेबाजी पर फोकस करेंगे
इनसाइडस्पोर्ट्स की रिपोर्ट के मुताबिक मयंक अग्रवाल की बात करें तो फ्रेंचाइजी उनको रिलीज नहीं करेगी और ना ही ट्रेडिंग करेगी, वह टीम का हिस्सा रहेंगे लेकिन कप्तानी नहीं करेंगे। पंजाब किंग्स के एक अधिकारी के मुताबिक, मयंक अग्रवाल हमारे अगले कप्तान नहीं होंगे। वह अपनी बल्लेबाजी पर फोकस कर करेंगे। मयंक पंजाब किंग्स के महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं। वहीं अनिल कुंबले के बारे में अधिकारी ने कहा, हम इसको लेकर बात कर रहे हैं, विकल्प तालाश रहे हैं लेकिन अभी कुछ अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। अभी हमारे पास इसको लेकर समय है, हम सही समय पर आखिरी फैसला करेंगे।

पिछले सीजन में प्रदर्शन
आईपीएल के 15वें सीजन से पहले मयंक अग्रवाल को पंजाब किंग्स की कमान सौंपी गई थी। इससे पहले केएल राहुल फ्रेंचाइजी की कमान संभाल रहे थे। लेकिन आईपीएल 2022 में नई फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जायंट्स ने राहुल को साइन कर फ्रेंचाइजी का कप्तान बना दिया था। आईपीएल 2022 में मयंक अग्रवाल ने 13 मुकाबले खेले थे। इस दौरान 12 पारियों में उन्होंने 16.33 की औसत और 122.50 के स्ट्राइक रेट से 196 रन बनाए थे।

बेयरस्टो को मिल सकती है कमान
मयंक अग्रवाल की कप्तानी में पंजाब किंग्स ने 14 मैच खेले और 7 में जीत हासिल की। पॉइंट टेबल में उनकी टीम छठे पायदान पर रही। मयंक अग्रवाल से अगर पंजाब किंग्स की कप्तानी छीनी जाती है तो जॉनी बेयरस्टो को अगला कप्तान चुना जा सकता है। बेयरस्टो तूफानी बल्लेबाज हैं और पिछले साल उन्होंने पंजाब किंग्स के लिए अच्छी बल्लेबाजी की थी। बेयरस्टो ने आईपीएल 2022 के 11 मुकाबलों में 23.00 की औसत और 144.57 के स्ट्राइक रेट से 253 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 2 अर्धशतक भी जड़े थे।












Click it and Unblock the Notifications