MI vs GT: सूर्यकुमार यादव ने लगाया सीजन में अपना पहला शतक, 'सूर्य' की चमक के सामने एकदम बुझ गए जीटी के गेंदबाज
MI vs GT Match in Hindi: राशिद खान की मास्टरक्लास के बीच सूर्यकुमार यादव ने अपनी बैटिंग की प्रचंडता दिखाकर। सूर्य की चमक में फीके साबित हुए जीटी के गेंदबाज

MI vs GT Match: इंडियन प्रीमियर लीग 2023 के 57वें मुकाबले में राशिद खान (Rashid Khan) की बेहतरीन गेंदबाजी के बाद सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) की जबरदस्त बल्लेबाजी देखने के लिए मिली। यादव ने सीजन में अपना पहला शतक ठोकते हुए आईपीएल के इतिहास में अपना सर्वोच्च स्कोर भी खड़ा कर दिया।
इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया और स्काई के तूफानी 103 रनों के दम पर मुंबई इंडियंस की टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 218 रन बनाए। यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में हो रहा है।
'सूर्य' का तेज- सूर्यकुमार ने तब ऐसी पारी खेली जब राशिद खान एक के बाद एक विकेट निकालकर मुंबई के लिए खतरा पैदा करते जा रहे थे। कहना होगा मुंबई की शुरुआती तूफानी हुई लेकिन अंजाम सूनामी हुआ। ये सूर्य का तेज था जिसने राशिद को छोड़कर सबको फीका कर दिया।
शुरुआत ऐसी रही- मुंबई इंडियंस की सलामी जोड़ी ईशान किशन और रोहित शर्मा ने पावरप्ले में 61 रन बनाकर अपनी टीम को जोरदार शुरुआत दी थी लेकिन फिर राशिद खान ने लगातार तीन ओवरों में तीन विकेट चटका कर मुंबई की पारी को खतरे में डाल दिया।
राशित खान का जलवा- राशिद खान ने अपने पहले ओवर में रोहित शर्मा को चलता किया जो स्लिप में राहुल तेवतिया के हाथों आउट हुए। रोहित ने आउट होने से पहले 18 गेंदों पर तीन चौके व दो छक्के लगाकर 29 रनों की पारी खेली।
इसके बाद अगले ओवर में ईशान किशन भी राशिद खान की फुलर को उड़ाने के प्रयास में सीधे एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। किशन ने 20 गेंदों पर चार चौके और एक छक्का लगाते हुए 31 रन बनाए।
फिर पिछले तीन मैच से शानदार पारी खेल रहे नेहन वढेरा का नंबर आया जो राशिद खान की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। नेहल आज भी अच्छी फॉर्म में दिखाई दिए थे उन्होंने 7 गेंदों पर एक चौका और एक छक्का जड़ते हुए 15 रनों की पारी खेली थी।
फिर स्काई चमके- एक समय बिना किसी विकेट के 61 रनों के बाद मुंबई के टीम के 3 विकेट 88 रनों पर गिर चुके थे और यहां से सूर्यकुमार यादव और विष्णु विनोद का हिटिंग शो शुरू हो गया। सूर्यकुमार यादव बहुत ही टॉप की फॉर्म में चल रहे हैं और उन्होंने एक बार फिर से इसे साबित करते हुए अपना धुआंधार अर्धशतक पूरा बनाया।
अर्धशतक लगाने के दौरान सूर्य कुमार ने 6 चौके व दो छक्के लगाए। दूसरे छोर पर विनोद ने भी आतिशी शॉट्स खेले और मोहित शर्मा की गेंद पर आउट होने से पहले 20 गेंदों पर दो चौके व दो छक्के लगाते हुए 30 रनों की पारी खेली।
हालांकि इसके बाद राशिद खान अपना चौथा फेंकने आए और उन्होंने एक और सफलता हासिल करते हुए तूफानी टिम डेविड को अपनी ही गेंद पर लपक लिया। यह बल्लेबाज केवल 5 रन बनाकर चलता बना।
हार्दिक पांड्या की कप्तानी ने कहीं ना कहीं एक ट्रिक मिस कर दी क्योंकि राशिद खान शुरुआती 3 ओवर में तीन विकेट निकाल चुके थे और उनको तभी एक ओवर देने का जुआ खेला जा सकता था ताकि वे सूर्यकुमार यादव पर और आक्रामकता के साथ गेंदबाजी करते। राशिद ने चौथे ओवर में भी एक विकेट लेकर इसको साबित भी किया। पर तब तक स्काई आसमान पर पहुंच गए थे।
स्काई ने आईपीएल में अपना सर्वोच्च स्कोर बनाते हुए अंतिम गेंद पर छक्का लगाकर अपना सीजन का पहला शतक पूरा किया। उन्होंने 49 गेंदों पर 103 रनों की पारी खेली।
गेंदबाजी में मोहम्मद शमी की बखिया उधेड़ दी गई। इस गेंदबाज ने चार ओवर में 53 रन दिए। मोहित शर्मा ने अनुभव दिखाया और पिटाई होने के बावजूद 4 ओवर में 43 रन देकर एक विकेट लिया। नूर अहमद का नूर कुछ हद तक जरूर चमका जिन्होंने 4 ओवर में 38 रन दिए।
अलजर्री जोसेफ भी मोहम्मद शमी के भाई साबित हुए जिन्होंने 4 ओवर में 52 रन दिए। यह केवल राशिद खान थे जो अकेले खड़े रहकर तमाशा देख रहे थे। इस गेंदबाज ने चार ओवर में 30 रन देकर चार विकेट लिए।












Click it and Unblock the Notifications