लखनऊ सुपर जायंट्स ने लॉन्च की नई जर्सी, अगले सीजन कुछ नया अंदाज होगा
पिछले साल लखनऊ की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया था, इस बार कप्तान केएल राहुल की बल्लेबाजी पर निगाहें रहेंगी।

Lucknow Super Giants New Jersey: महिला प्रीमियर लीग के साथ अब आईपीएल के नए सीजन की तैयारियां भी जोरों पर है। आईपीएल से पहले टीमों के कैम्प और अन्य चीजों पर काम जारी है। जो खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नहीं खेल रहे हैं, वे नेट अभ्यास और ट्रेनिंग सेशन को समय दे रहे हैं। पिछले साल लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटंस के रूप में दो नई टीमों को शामिल किया गया था। एक साल बाद ही लखनऊ ने अपनी जर्सी बदल दी है। सुपर जायंट्स ने इस सीजन के लिए नई जर्सी लॉन्च कर दी है। (Photo: Twitter)
इवेंट में की गई जर्सी लॉन्च
लखनऊ सुपर जायंट्स की नई जर्सी में गहरा नीला रंग रखा गया है। एक इवेंट में जर्सी को लॉन्च किया गया। इस दौरान टीम के कई अहम खिलाड़ी मौजूद थे। उनमें सबसे ख़ास नाम कप्तान केएल राहुल और टीम के मेंटर गौतम गंभीर का रहा। उनके अलावा बीसीसीआई के सचिव जय शाह भी इस मौके पर मौजूद रहे।
अहमदाबाद में हुआ खास कार्यक्रम
पिछली बार की तुलना में इस जर्सी में कुछ बदलाव हैं। इसमें मुख्य परिवर्तन कलर कॉम्बिनेशन का है। अहमदाबाद में बोर्डर-गावसर ट्रॉफी का चौथा टेस्ट मैच खेला जाना है। इसके लिए केएल राहुल और बोर्ड सचिव जय शाह वहां हैं। उनके अलावा गौतम गंभीर कॉमेंट्री पैनल का हिस्सा हैं। ऐसे में सभी लोग एक मौजूद होने की वजह से जर्सी लॉन्चिंग कार्यक्रम भी अहमदाबाद में ही आयोजित किया गया।
इस सीजन केएल राहुल पर रहेंगी नज़रें
पिछले साल आईपीएल में लखनऊ की टीम का पहला सीजन था। इस दौरान उनका प्रदर्शन अच्छा रहा था। लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम ने अपना अभियान तीसरे स्थान के साथ समाप्त किया था। आईपीएल में इस सीजन लखनऊ के लिए कप्तान केएल राहुल की फॉर्म काफी खास रहने वाली है। टेस्ट क्रिकेट में वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मौजूदा सीरीज में फ्लॉप रहे हैं। ऐसे में देखने वाली बात होगी कि वह इस बार आईपीएल में बल्ले से किस तरह का प्रदर्शन करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications