रिंकू सिंह होने जा रहे हैं घर-घर लिया जाने वाला नाम, ब्रेट ली ने बताया एंटरटेनर, पार्थिव पटेल भी हुए फैन
IPL 2023 Rinku Singh: रिंकू सिंह ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ लगातार पांच छक्के लगाकर अपनी टीम को मैच जिताया था और अब उन्होंने अर्शदीप सिंह जैसे गेंदबाज की अंतिम गेंद पर चौका जड़कर एक और बेहतरीन जीत दिलाई।

ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज पेसर ब्रेट ली ने रिंकू सिंह (Rinku Singh) की तारीफ की है जिन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) की टीम को एक बार फिर बेहतरीन जीत दिलाई। रिंकू सिंह गुजरात टाइटंस के खिलाफ लगातार 5 गेंदों पर 5 छक्के लगाकर अपनी टीम को पहले ही इस सीजन की सबसे फेमस जीत दिला चुके हैं।
अब उन्होंने 8 मई की शाम ईडन गार्डन में पंजाब किंग्स के खिलाफ भी अंतिम गेंद पर यही काम किया। इस बार रिंकू सिंह ने बाएं हाथ से यॉर्कर मारने में माहिर गेंदबाज अर्शदीप सिंह को बाउंड्री पर भेज कर मैच की गजब की पटकथा लिख दी।
इस जीत के साथ केकेआर को 10 अंक मिल चुके हैं और वह अंकतालिका की रेस में जिंदा है। केकेआर की टीम 11 में से 5 मैच जीत पाई है और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली रिंकू सिंह से प्रभावित हैं।
उन्होंने इस मैच की समाप्ति के बाद कहा कि, रिंकू सिंह ने वह सारे काम किए हैं कि आपको उनसे प्यार हो जाएगा। वे एक मैच विनर हैं, वे एक एंटरटेनर हैं, वह अपनी टीम को जिताने के लिए खेलते हैं। एक युवा खिलाड़ी को यह सब चीजें करते देखना कितना रोमांचक है। रिंकू घर-घर में लिए जाने वाला नाम बनने जा रहे हैं और वे वाकई में अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं।
रिंकू सिंह ने अपनी इस पारी में 10 गेंदों पर नाबाद 21 रन बनाए जिसके चलते पंजाब के खिलाफ ये टाइट मुकाबला जीत लिया। इससे पहले अंतिम दो ओवर में बहुत ही रोचक मामला बन गया था लेकिन रिंकू की मौजूदगी के चलते केकेआर टीम का बेड़ा पार हो गया।
भारत के पूर्व क्रिकेटर पार्थिव पटेल ने भी कहा है कि, रिंकू दबाव में जिस तरह से बल्लेबाजी कर रहे हैं यह वाकई में प्रभावित करने वाली बात है। उनके बहुत बड़ी जिम्मेदारी थी। दबाव में परफॉर्म करना बहुत ही महत्वपूर्ण होता है। एक खिलाड़ी के तौर पर यह आपके माइंड सेट को दिखाता है। हम देख चुके हैं कि 5 छक्के जड़कर रिंकू ने अपनी काबिलियत दिखाई थी लेकिन आज और भी ज्यादा चैलेंजिंग हालात थे।
कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान नितीश राणा अपनी टीम की जीत से खुश हैं। अब उनको अपने बाकी गेम भी जीतने हैं ताकि वे प्लेऑफ में आए लेकिन पूरी टीम को देखते हुए इस बार भी उनके लिए थोड़ी मुश्किलें दिखाई दे रही है।
असल में टॉप पर मौजूद गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग तो प्लेऑफ में जाती हुई दिखाई दे रही है लेकिन मुंबई इंडियंस, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, लखनऊ सुपर्जायंट्स, राजस्थान रॉयल्स जैसी टीमें भी कमतर नहीं है। देखना होगा कि प्लेऑफ की इस जंग में रिंकू सिंह अपनी टीम का आगे कितना बेड़ा पार करते हैं।












Click it and Unblock the Notifications