सामने थे क्रिकेट का सबसे बड़ा रिकॉर्ड पर जड्डू ने छोड़ दिये अपने ओवर, मैच के बाद अश्विन ने किया बड़ा खुलासा
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच खेली जा रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच मोहाली के मैदान पर खेला गया, जहां पर रोहित शर्मा की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने इतिहास रचते हुए श्रीलंका के खिलाफ भारत की दूसरी सबसे बड़ी जीत हासिल की। वहीं ओवरऑल श्रीलंका के खिलाफ हासिल की सबसे बड़ी जीत में यह तीसरे पायदान पर रही। भारतीय टीम ने मोहाली के मैदान पर खेले गये इस मैच में एक पारी और 222 रनों से हरा दिया है और सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है।

भारतीय टीम को सीरीज का अगला मुकाबला 12 मार्च से बेंगलुरू के मैदान पर डे नाइट प्रारूप में खेलना है, जिसके लिये टीम 9 मार्च को मोहाली से उड़ान भरेगी। भारतीय टीम के लिये यह मैच कई मायनों में ऐतिहासिक साबित हुआ और भारतीय टीम के हरफनमौला खिलाड़ी रविंद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन ने बल्ले और गेंद से अहम योगदान देते हुए खुद के करियर में भी कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड जोड़े।
और पढ़ें: BCCI ने किया TATA IPL 2022 के शेड्यूल का ऐलान, जानें कब और किससे खेले जायेंगे मैच

ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी बन सकते थे जडेजा
जहां रविचंद्रन अश्विन ने पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव के टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने के रिकॉर्ड को तोड़कर इस फेहरिस्त में दूसरा स्थान हासिल किया, तो वहीं पर रविंद्र जडेजा ने 7वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाने के रिकॉर्ड से लेकर एक मैच में 150 रन और 5 विकेट हॉल लेने वाले गेंदबाज बनने का आंकड़ा भी अपने नाम किया। रविंद्र जडेजा ने अपने टेस्ट करियर के इस मैच में कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम किये। हालांकि उनके पास इस मैच में टेस्ट क्रिकेट का सबसे बड़ा रिकॉर्ड नाम करते हुए एक बेहद अनोखा आंकड़ा अपने नाम करने का मौका था लेकिन दूसरी पारी में एक विकेट नहीं चटका पाने की वजह से वह इस उपलब्धि को अपने नाम करने से चूक गये।
उल्लेखनीय है कि रविंद्र जडेजा ने इस मैच में नाबाद 175 रनों की पारी खेली तो वहीं पर गेंदबाजी में 9 विकेट अपने नाम किये जबकि रविचंद्रन अश्विन ने बल्लेबाजी से 61 रनों का योगदान दिया तो वहीं पर गेंदबाजी में 6 विकेट अपने नाम किये। वह 436 विकेट के साथ टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिये सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज बन गये हैं। इस दौरान रविंद्र जडेजा के पास एक मैच में 150 से ज्यादा रन और 10 विकेट हासिल करने वाले पहले खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड अपने नाम करने का बड़ा मौका था।

जयंत यादव की वजह से दूसरी पारी में छोड़ा 5 विकेट हॉल
मैच के बाद भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि किस वजह से जडेजा इस रिकॉर्ड को अपने नाम नहीं कर सके और इसके पीछे उनका टीम भावना के प्रति समर्पण और तीसरे स्पिनर के रूप में खेल रहे जयंत यादव का उत्साह बढ़ाने का बहुत ही बड़ा फैसला रहा।
अश्विन ने इस पर बात करते हुए कहा,'मैच के दौरान जब हमने श्रीलंका के 8 विकेट चटका दिये थे हमें एहसास हुआ कि हमारे तीसरे स्पिनर जयंत यादव ने ज्यादा गेंदबाजी नहीं की और क्योंकि उन्हें कोई विकेट नहीं मिली थी तो एक स्पिनर और सीनियर होने के नाते उनका ख्याल रखना हमारी जिम्मेदारी है। जड्डू ने ये देखते हुए निर्णय लिया कि वो अपने ओवर्स आगे नहीं डालेंगे और उनकी जगह जयंत को मौका दिया जाये। खास तौर पर उस छोर से जहां पर स्पिन को ज्यादा मदद हो। इसके बाद उन्होंने अपने छोर से गेंदबाजी छोड़ दी। जड्डू 5 विकेट हॉल लेने की कगार पर थे लेकिन उनका यह फैसला बताता है कि उनके लिये ज्यादा क्या मायने रखता है।'

टॉप ऑर्डर बल्लेबाज की तरह खेल रहे हैं जडेजा
इस दौरान अश्विन ने रविंद्र जडेजा की बल्लेबाजी की भी जमकर तारीफ की और कहा कि पिछले कुछ सालों में उनकी बल्लेबाजी में बहुत ज्यादा सुधार देखने को मिला है और वो इस समय किसी टॉप ऑर्डर बल्लेबाज की तरह खेल रहे हैं।
उन्होंने कहा,' पिछले 4-5 सालों में जडेजा के अंदर काफी बदलाव आया है और बल्लेबाजी के लिहाज से वो काफी बेहतर खिलाड़ी बन चुके हैं। मेरे हिसाब से वो जिस तरह से बल्लेबाजी कर रहे हैं, उसे देखते हुए उनका बल्लेबाजी का स्थान थोड़ा सा नीचे है लेकिन उन्हें अच्छे से पता है कि वो क्या कर रहे हैं और यह चीज उनकी बल्लेबाजी और खेल में साफ नजर आती है।'












Click it and Unblock the Notifications