IPL 2022 में विराट कोहली को किस पायदान पर बल्लेबाजी करनी चाहिये, रवि शास्त्री ने दी अपनी राय
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का आगाज होने में बस एक दिन का समय रह गया है और इसके शुरू होने से पहले फैन्स के बीच जिस बात की सबसे ज्यादा चर्चा हो रही है वो है विराट कोहली के बल्लेबाजी पोजिशन की। आईपीएल के 15वें सीजन में विराट कोहली बतौर बल्लेबाज वापसी कर रहे हैं, जिसमें वो लंबे समय के बाद कप्तानी करते हुए नजर नहीं आयेंगे। कुछ लोगों का मानना है कि विराट कोहली को अपनी कप्तानी करना जारी रखना चाहिये तो वहीं पर इसके साथ ही उनकी बल्लेबाजी पोजिशन को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।

आईपीएल 2022 में कुछ लोगों का मानना है कि विराट कोहली को इस सीजन पारी का आगाज करना चाहिये तो वहीं पर कुछ लोगों का मानना है कि उनके लिये तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करना ही सही रहेगा। इस बीच भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री ने आरसीबी की प्लेइंग 11 में विराट कोहली की बल्लेबाजी पोजिशन को लेकर अपनी राय दी है।
और पढ़ें: 'बिना उम्र जाने राहुल भाई ने टीम में दी थी जगह', द्रविड़ का मुरीद हुआ दिग्गज स्पिनर

रवि शास्त्री ने दी कोहली के बल्लेबाजी क्रम पर अपनी राय
टी20 विश्वकप में रोहित शर्मा के साथ संभावित रूप से पारी का आगाज करने की बात को देखते हुए विराट कोहली ने यूएई में खेले गये आईपीएल के दूसरे लेग में ओपनिंग की और 15 पारियों में 28.9 की औसत से 339 रन बनाये। इस दौरान उन्होंने 3 अर्धशतकीय पारियां खेली और 119.5 की स्ट्राइक रेट से रन बनाये। हालांकि सीजन के पहले लेग में वो नंबर 3 पर ही बल्लेबाजी करते नजर आये थे। ईएसपीएन क्रिकइंफो से बात करते हुए रवि शास्त्री ने कहा कि कोहली को इस सीजन भी पारी का आगाज करना चाहिये हालांकि टीम के संतुलन को देखते हुए यह फैसला उन्हें करना चाहिये।
उन्होंने कहा,'यह टीम के संतुलन पर निर्भर करता है। मुझे नहीं पता कि उनके मध्यक्रम का ऑर्डर कैसा रहने वाला है लेकिन अगर उनका मध्यक्रम मजबूत होता है तो मेरे हिसाब से कोहली को पारी का आगाज करना चाहिये, जिसमें किसी को कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिये।'

ओपनिंग करते हुए ज्यादा बेहतर है कोहली का रिकॉर्ड
उल्लेखनीय है कि विराट कोहली का टी20 प्रारूप में पारी का आगाज करना बेहतर प्रस्ताव है क्योंकि अगर वो मध्यक्रम में वापसी करते हैं तो उन्होंने आईपीएल 2019 में 7-15 ओवर्स के बीच 6.67 की गति से रन बनाये हैं तो वहीं पर हर 12.7वीं गेंद में बाउंड्री लगायी है, जो कि हर दो ओवर के बाद आती है। वहीं पर जब वो नई गेंद से खेलते हैं तो उनके रन बनाने की गति 7.8 हो जाती है और वो हर 5.2 गेंद पर बाउंड्री लगाते हैं। अगर कोहली आरसीबी के लिये पारी का आगाज करते हैं तो आरसीबी की टीम को फाफ डुप्लेसिस के साथ वो मजबूत आगाज मिलेगा जिसकी उन्हें जरूरत है। जहां पर वो नंबर 3 पर अनकैप्ड खिलाड़ी अनुज रावत और मध्यक्रम में ग्लेन मैक्सवेल, दिनेश कार्तिक को मौका दे सकते हैं। अगर कोहली पारी का आगाज करते हैं तो आरसीबी का मध्यक्रम काफी मजबूत नजर आता है।

विटोरी ने भी कहा था कोहली को करनी चाहिये ओपनिंग
इससे पहले आरसीबी के पूर्व कप्तान डैनियल विटोरी ने भी कोहली की बल्लेबाजी क्रम पर अपनी राय देते हुए कहा कि कोहली को पारी का आगाज करना चाहिये।
उन्होंने कहा,'मुझे लगता है कि यह सवाल हर साल चर्चा का विषय बनता है। हर साल जब सीजन खत्म होता है तो विराट कोहली पारी का आगाज करने के सबसे सही विकल्प होते हैं। यह सवाल फिर मायने नहीं रखता कि उनके साथ दूसरा बल्लेबाज कौन हैं और मुझे लगता है कि वो परिस्थितियों के हिसाब से बेहतर होते जाते हैं। पहले 6 ओवर में उन्हें ज्यादा समय मिलता है और वो बेहतर स्ट्रोक के साथ रन बना सकते हैं।'












Click it and Unblock the Notifications