IPL 2022 के आखिरी लीग मैच में उमरान मलिक ने दिखाया खौफ का ट्रेलर, डर गये होंगे साउथ अफ्रीकी बैटर
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का आखिरी मैच वानखेड़े के मैदान पर सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स की टीम के बीच खेला गया, जिसमें पंजाब किंग्स की टीम ने 29 गेंद पहले ही 5 विकेट से जीत हासिल की। प्लेऑफ के लिहाज से यह मैच पूरी तरह से नदारद था, लेकिन इस मैच का नतीजा टीमों के स्थान पर असर डालने वाला था। पंजाब किंग्स की टीम ने जीत के साथ 14 अंक बटोरे और छठे पायदान पर रहते हुए अपने सफर को समाप्त किया तो वहीं पर सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 8वें पायदान पर रही।
Recommended Video

इस मैच से पहले ही आईपीएल 2022 के प्लेऑफ में पहुंचने वाली चारों टीमों का फैसला हो गया था लेकिन दोनों टीमों के लिये भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने खुश होने की वजह मैच शुरू होने से पहले दे दी थी। दरअसल भारतीय क्रिकेट टीम के चयनकर्ताओं ने रविवार को साउथ अफ्रीका के खिलाफ अगले महीने घर पर खेली जाने वाली टी20 सीरीज के लिये 18 सदस्यीय टीम का ऐलान किया, जिसका आगाज 9 जून से होना है।
और पढ़ें: SRH vs PBKS: लिविंगस्टोन की आतिशी पारी के दम पर जीता पंजाब, आईपीएल में पहली बार लगे 1000 छक्के

अच्छी गेंदबाजी के चलते भारतीय टीम से आया बुलावा
भारतीय चयन समिति की ओर से घोषित की गई इस टीम में जहां सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज उमरान मलिक को शामिल किया गया है तो वहीं पर पंजाब किंग्स के लिये डेथ ओवर स्पेशलिस्ट बनें अर्शदीप सिंह को भी 3 सीजन में अच्छी गेंदबाजी करने का फल मिला है। दोनों खिलाड़ियों को पहली बार भारतीय टीम से बुलावा आया है। इसके साथ ही उमरान मलिक जम्मू-कश्मीर से आकर भारतीय टीम के लिये खेलने वाले दूसरे खिलाड़ी बन सकते हैं। उमरान मलिक ने अपनी स्पीड से इस सीजन सभी को हैरान किया है और उनका यह कारनामा पंजाब किंग्स के खिलाफ भी जारी रहा।

मयंक ने पहले की थी उमरान को स्लेज करने की कोशिश
आईपीएल 2022 के आखिरी लीग मैच में जब सनराइजर्स हैदराबाद की टीम पहले बल्लेबाजी कर रही थी तो आखिरी ओवर में उमरान मलिक को बल्लेबाजी करने के लिये उतरना पड़ा। उमरान मलिक ने एक गेंद का सामना किया और जब इस पर रन लेने की कोशिश की तो पंजाब के फील्डर्स ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। इसके बाद जब खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम की तरफ जाते नजर आये तो मयंक अग्रवाल और उमरान मलिक के बीच स्लेजिंग की छोटी सी घटना होती दिखी, जिसका बदला इस तेज गेंदबाज ने बाद में लिया और गेंदबाजी का वो नमूना दिखाया जिसे देखकर आगामी टी20 सीरीज में खेलने वाले साउथ अफ्रीकी बैटर खौफजदा हो गये होंगे।

पसली पर गेंद मारकर किया मयंक का स्वागत
पंजाब किंग्स की बल्लेबाजी के दौरान जैसे ही पावरप्ले समाप्त हुआ उमरान मलिक को गेंदबाजी के लिये बुलाया गया। उमरान मलिक ने पहले ही ओवर की तीसरी गेंद पर शाहरुख खान का विकेट लेकर अपनी टीम को दूसरी सफलता दिलाई, जिसके बाद कप्तान मयंक अग्रवाल बल्लेबाजी करने के लिये आये और उमरान मलिक ने पहले ही गेंद पर उनका स्वागत स्वैग से किया। उमरान मलिक ने मयंक अग्रवाल के खिलाफ शॉर्ट बॉल का इस्तेमाल किया जो कि सीधा जाकर इस बल्लेबाज की पसलियों पर लगा। गेंद की स्पीड इतनी थी कि मयंक अग्रवाल ने जैसे तैसे बाय का यह रन पूरा किया और नॉन स्ट्राइकर एंड पर जाकर गिर गये।

चोट के चलते सिर्फ 4 ही गेंद खेल सके मयंक अग्रवाल
इसके चलते पंजाब किंग्स के फिजियो तुरंत मैदान पर आये और मयंक अग्रवाल का प्राथमिक इलाज करने लगे। इस दौरान मयंक अग्रवाल काफी देर तक दर्द से कराहते नजर आये। मयंक इस चोट से इस कदर प्रभावित नजर आये कि अगले ही ओवर में वो आउट होकर वापस पवेलियन लौट गये। उमरान मलिक ने भले ही उनका विकेट न हासिल किया हो लेकिन अपनी गेंदबाजी से उन्होंने साफ कर दिया कि उनसे भिड़ना वाला कोई भी बैटर सुरक्षित नहीं है, ऐसे में अगर साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज में अगर उन्हें डेब्यू का मौका मिलेगा तो वो उन बैटर्स के साथ भी ऐसा कुछ करते नजर आ सकते हैं। इस फुटेज को देखकर साउथ अफ्रीकी बैटर्स का डरना लाजमी है।












Click it and Unblock the Notifications