IPL 2022 के लिये आरसीबी ने डुप्लेसिस को बनाया कप्तान, जानें क्या बोले विराट कोहली
नई दिल्ली। दुनिया की सबसे मशहूर टी20 लीग आईपीएल के 15वें सीजन का आगाज 26 मार्च से किया जाना है, जिससे पहले सभी टीमें अपनी तैयारियां शुरू कर चुकी हैं। इस बीच रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम ने बेंगलुरू में आरसीबी अनबॉक्सिंग के फैन इवेंट का आयोजन किया है, जिसमें टीम के नये खिलाड़ियों और फैन से जुड़ी कई गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी इवेंट के दौरान रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम ने अपने नये कप्तान का भी ऐलान कर दिया है और बताया है कि कौन सा खिलाड़ी इस साल टीम का नेतृत्व करता नजर आयेगा।

उल्लेखनीय है कि पिछले सीजन के दूसरे लेग के दौरान विराट कोहली ने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की कप्तानी छोड़ने का फैसला कर दिया था और इस साल बतौर बल्लेबाज के रूप में ही खेलते नजर आयेंगे। आरसीबी की टीम के साथ जुड़े रहने के लिये विराट कोहली ने अपनी सैलरी में कटौती की है तो वहीं पर आरसीबी की टीम ने इस सीजन के लिये फाफ डुप्लेसिस को टीम की कमान सौंप दी है।
और पढ़ें: ICC Women World Cup: झूलन गोस्वामी ने रचा इतिहास, नाम किया विश्वकप का सबसे बड़ा रिकॉर्ड

टीम के भरोसे पर खरा उतरने की होगी कोशिश
साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान और सीएसके के लिये पिछले कुछ सीजन से लगातार शानदार बल्लेबाजी करते नजर आ रहे फाफ डुप्लेसिस को आरसीबी की टीम ने इस साल नीलामी के दौरान 7 करोड़ रुपये देकर अपने खेमे में शामिल किया, तो वहीं पर दिनेश कार्तिक और ग्लेन मैक्सवेल भी टीम में कप्तानी संभालने के बड़े दावेदार थे। हालांकि आरसीबी की टीम ने फाफ डुप्लेसिस पर भरोसा जताते हुए उन्हें टीम की कमान सौंप दी है। फाफ डुप्लेसिस ने पिछले सीजन सीएसके की खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाते हुए 631 रन बनाये थे और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज की लिस्ट में दूसरे पायदान पर रहे।
टीम की कमान सौंपे जाने पर फाफ डुप्लेसिस ने कहा,'आरसीबी जैसी फ्रैंचाइजी की कप्तानी संभालने का मौका मिलना एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है और मुझे इस रोल को निभाकर काफी खुशी होगी। हमारे लिये काम शुरू हो चुका है और हम पिछले कुछ सालों में मिली सफलता को आगे ले जाने पर काम करेंगे। मैं आरसीबी के मैनेजमेंट और कोचिंग टीम को धन्यवाद कहना चाहता हूं जिन्होंने मुझ पर कप्तानी के रोल के लिये भरोसा जताया है और टीम को इस सीजन सफलता दिलाने के लिये पूरा प्रयास करूंगा ताकि हमें मनचाहा फल मिल सके।'

डुप्लेसिस को कप्तान बनाने पर जानें क्या बोले कोहली
वहीं आरसीबी की टीम की कमान डुप्लेसिस को सौंपे जाने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम ने पूर्व कप्तान विराट कोहली का भी एक वीडियो शेयर किया है जिसमें उन्होंने डुप्लेसिस की कप्तानी में खेलने पर प्रतिक्रिया दी है।
उन्होंने कहा,'आप सभी को यह बताते हुए काफी खुशी हो रही है कि फाफ डुप्लेसिस हमारी टीम की कमान संभालने वाले हैं और मुझे बहुत ज्यादा खुशी हो रही है कि मैं कप्तानी की मशाल उस खिलाड़ी को दे रहा हूं जो लंबे समय से मेरे दोस्त रहे हैं और हम एक दूसरे को अच्छे से जानते हैं। मैं फाफ डुप्लेसिस के साथ खेलने और उनकी कप्तानी में काम करने को लेकर काफी उत्साहित हूं, हमारी टीम काफी संतुलित लग रही है और मुझे उम्मीद है कि हम जीत हासिल करेंगे।'

माइक हेसन ने बताई डुप्लेसिस को कप्तान बनाने की वजह
गौरतलब है कि फाफ डुप्लेसिस ने आईपीएल 2021 में चेन्नई सुपर किंग्स को चौथी बार खिताब जिताने में बेहद अहम भूमिका निभाई थी। वहीं आरसीबी को टीम का नया कप्तान बनाये जाने पर टीम के क्रिकेट ऑपरेशन्स डायरेकर माइक हेसन ने कहा,'मैं डुप्लेसिस को आरसीबी का कप्तान बनाये जाने पर ढेर सारी बधाइयां देता हूं। वह सिर्फ वर्ल्ड क्लास प्लेयर ही नहीं है ब्लकि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने कई मौकों पर अपनी कप्तानी की काबिलियत को तीनों प्रारूप में साबित किया है। एक खिलाड़ी के रूप में उनका टीम के लिये योगदान बहुत शानदार रहता है जो कि बाकी के खिलाड़ियों को उदाहरण देकर यह दोहराने की प्रेरणा देता है। उनका अनुभव और कप्तानी की शानदार स्टाइल उन्हें आरसीबी की टीम में कप्तानी के लिये सबसे बड़ा दावेदार बना रही थी। कप्तानी का मतलब सिर्फ रणनीति बनाने से नहीं है बल्कि प्लेयर्स को निजी तौर पर जानकर उन्हें खास चीजें हासिल करने में मदद करना होता है। हमें पूरा यकीन है कि एक टीम के रूप में हम इस सीजन वो सफलता हासिल करेंगे, जिसकी हमें लंबे समय से तलाश है।'












Click it and Unblock the Notifications