ICC Women World Cup: झूलन गोस्वामी ने रचा इतिहास, नाम किया विश्वकप का सबसे बड़ा रिकॉर्ड
नई दिल्ली। न्यूजीलैंड की मेजबानी में खेले जा रहे वनडे विश्वकप का 10वां मैच हैमिल्टन के सेडन पार्क मैदान पर खेला गया, जहां पर भारतीय महिला टीम का सामना वेस्टइंडीज से हुआ। भारतीय महिला टीम ने विश्वकप में वेस्टइंडीज के खिलाफ लगातार अजेय रहने के रिकॉर्ड को बरकरार रखा है और लगातार 7वीं बार कैरिबियाई टीम को महिला विश्वकप में मात देने का काम किया। इस मैच में जहां वेस्टइंडीज की टीम लगातार 2 मैचों में जीत हासिल करने के बाद पहुंची थी तो वहीं पर भारतीय टीम पिछले मैच में न्यूजीलैंड के हाथों हार का सामना करने के बाद पहुंची।

जीत की राह पर वापसी करने की ओर देख रही भारतीय महिला टीम ने इस मैच में पहले हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना की शतकीय पारियों के दम पर 317 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया तो वहीं पर गेंदबाजी में उसने स्नेह राणा (3 विकेट), मेघना सिंह (2 विकेट) और झूलन गोस्वामी जैसे गेंदबाजों के दम पर वेस्टइंडीज को 162 रन पर समेट कर 155 रनों की विशाल जीत हासिल की।
और पढ़ें: क्या IPL 2022 में RCB की कप्तानी के लिये फिर लौटेंगे विराट कोहली, वेटोरी ने दी बड़ी अपडेट

झूलन गोस्वामी ने रचा इतिहास
भारतीय टीम के लिये इस मैच उसकी तेज गेंदबाज झूलन गोस्वामी ने इतिहास रचने का काम किया है और महिला विश्वकप में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाली गेंदबाज बन गई हैं। झूलन गोस्वामी ने इस रिकॉर्ड को अपने नाम करने के लिये ऑस्ट्रेलिया की लिन फुलस्टोन को पीछे छोड़ा। गोस्वामी ने वेस्टइंडीज की अनिसा मोहम्मद को तानिया भाटिया के हाथों कैच कराकर विश्वकप का 40वां विकेट अपने नाम किया और सबसे विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में टॉप पर पहुंच गई हैं। गोस्वामी ने यह उपलब्धि अपने 31वें विश्वकप मैच में हासिल की।
इस फेहरिस्त में झूलन गोस्वामी (40 विकेट) के अलावा ऑस्ट्रेलिया की लिन फुलस्टोन (39 विकेट), इंग्लैंड की कैरोल हॉज (37), इंग्लैंड की क्लेयर टेलर (36) और ऑस्ट्रेलिया की कैथरिन फिट्जपैट्रिक (33) का नाम शामिल है। मौजूदा समय में सक्रिय प्लेयर्स की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया की मेगन शूट (27 विकेट) इस रिकॉर्ड में गोस्वामी के सबसे करीब हैं।

मंधाना-कौर ने बनाया साझेदारी का बड़ा रिकॉर्ड
इससे पहले भारतीय टीम ने 78 रन पर 3 विकेट खो दिये थे, जिसके बाद स्मृति मंधाना (123) और हरमनप्रीत कौर (109) ने अपने-अपने शतक पूरे कर 184 रनों की साझेदारी कर डाली। यह महिला विश्वकप में भारत की ओर से किया गया चौथे विकेट के लिये सबसे बड़ी साझेदारी रही। इस भारतीय जोड़ी ने 2013 में पूनम राउत और कामिनी की ओर से 175 रनों की साझेदारी के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। इस फेहरिस्त में मिताली राज और पूनम राउत (157 रन) के बीच 2017 विश्वकप में की गई साझेदारी तीसरे पायदान पर है तो वहीं पर अंजुम चोपड़ा और कौल की ओर से 2000 विश्वकप में की गई 151 रन की पार्टनरशिप चौथे पायदान पर है। स्मृति मंधाना और पूनम राउत के साथ पिछले विश्व कप में की गई 144 रनों की साझेदारी पांचवे पायदान पर है।

हरमनप्रीत निकली सबसे आगे, मंधाना ने छोड़ा मिताली को पीछे
गौरतलब है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ इस मैच में हरमनप्रीत कौर ने अपना शतक पूरा करने के साथ ही लगातार 3 विश्वकप में शतक लगाने वाली पहली महिला बैटर का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया और विश्वकप में भारत के लिये 3 शतक पूरा करने वाली पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं। वहीं स्मृति मंधाना ने महिला विश्वकप का अपना दूसरा शतक पूरा किया, हैरानी की बात यह है कि दोनों ही शतक उनके वेस्टइंडीज के खिलाफ ही आये हैं। इसके साथ ही मंधाना ने विदेशी सरजमी पर सबसे ज्यादा शतक लगाने वाली महिला बैटर की फेहरिस्त में मिताली राज को पीछे छोड़ दिया। मंधाना ने विदेशी सरजमीं पर 5वां शतक लगाया है जबकि मिताली राज ने 4 ही ठोंके हैं।

खड़ा किया विश्वकप का सबसे बड़ा टोटल
आपको बता दें कि भारतीय टीम ने 317 रन का स्कोर खड़ा कर विश्वकप में किसी भी टीम के खिलाफ अपनी तरफ से सबसे बड़े स्कोर के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया है। भारत को अपना अगला मैच इंग्लैंड के खिलाफ 16 मार्च को खेलना है। भारत की ओर से महिला विश्वकप में खड़े किये गये सबसे बड़े स्कोर-
317/8 - बनाम वेस्टइंडीज, हैमिल्टन, 2022
284/6 - बनाम वेस्टइंडीज, 2013, मुंबई
281/3 - बनाम इंग्लैंड, 2017, डर्बी
281/4 - बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2017, डर्बी
275/4 - बनाम नीदरलैंड, 2000, लिंकन












Click it and Unblock the Notifications