RCB vs PBKS: कोहली-डुप्लेसिस की आंधी में उड़ा पंजाब, 13 छक्के - 9 चौके लगा ठोंके 205 रन
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का आगाज हो गया है जिसका पहला डबल हेडर रविवार को खेला जा रहा है। रविवार को खेले गये दो मैचों के पहले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने पासा पलटते हुए मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से हरा दिया, जिसके बाद पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम के बीच लीग का तीसरा मुकाबला डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जा रहा है। पंजाब किंग्स की टीम जहां नये कप्तान मयंक अग्रवाल के नेतृत्व में खेलने उतरी तो वहीं पर आरसीबी की टीम के लिये फाफ डुप्लेसिस एक नये अध्याय का आगाज करने उतरे।

पंजाब किंग्स की टीम के लिये कप्तान मयंक अग्रवाल ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, हालांकि रॉयल चैलेंजर्स की टीम की विस्फोटक बल्लेबाजी के सामने यह फैसला कुछ खास साबित नहीं हुआ। आरसीबी की टीम के लिये इस मैच में ग्लेन मैक्सवेल उपलब्ध नहीं हैं लेकिन कप्तान डुप्लेसिस और विराट कोहली ने उनकी कमी महसूस नहीं होने दी और निर्धारित ॅ20 ओवर्स में 2 विकेट खोकर 205 रनों का स्कोर खड़ा किया।
और पढ़ें: DC vs MI: कहां हुई मुंबई इंडियंस की टीम से गलती, ललित यादव ने दिल्ली के लिये मुंह से छीनी जीत

डुप्लेसिस-कोहली के दम पर हुई दमदार शुरुआत
आरसीबी के लिये अनुज रावत (21) और फाफ डुप्लेसिस (88) ने ताबड़तोड़ शुरुआत करते हुए महज 7 ओवर्स में 50 रन पूरे कर लिये लेकिन राहुल चाहर ने रावत का विकेट लेकर इस साझेदारी को तोड़ा। यहां पर विराट कोहली बल्लेबाजी करने आये जिन्होंने डुप्लेसिस के साथ दूसरे विकेट के लिये अगले 10 ओवर में 118 रनों की साझेदारी कर डाली। जहां डुप्लेसिस ने 57 गेंदों में 3 चौके और 7 छक्कों की मदद से 88 रनों की पारी खेली तो वहीं पर विराट कोहली ने भी 29 गेंद में एक चौके और 2 छक्कों की मदद से 41 रनों की पारी खेली।

दिनेश कार्तिक ने भी खेली आतिशी पारी
डुप्लेसिस इस मैच में शतक लगाने से चूक जरूर गये लेकिन उनकी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की वजह से आरसीबी की टीम ने 200 रनों के स्कोर को पार कर लिया। डुप्लेसिस के आउट होने के बाद दिनेश कार्तिक बल्लेबाजी करने आये जिन्होंने महज 14 गेंदों में 32 रन बना डाले। इस दौरान उन्होंने 3 चौके और 3 छक्कों की पारी खेली। कार्तिक, डुप्लेसिस और कोहली की ताबड़तोड़ पारियों के चलते आरसीबी की टीम ने निर्धारित 20 ओवर्स में 2 विकेट कोकर 205 रनों का स्कोर खड़ा किया और पंजाब के सामने जीत के लिये 206 रनों का स्कोर खड़ा किया।

पंजाब को हुआ कैच छोड़ने का नुकसान
आरसीबी की टीम ने आईपीएल 2022 के सीजन का पहला 200 से ज्यादा का स्कोर खड़ा किया है। इस दौरान उसके बल्लेबाजों ने 9 चौके और 13 छक्के लगाये और 205 रनों का स्कोर खड़ा किया। इस दौरान पंजाब किंग्स के गेंदबाजों ने 23 रन अतिरिक्त के रूप में दिये तो वहीं पर फाफ डुप्लेसिस का कैच छोड़ना मयंक अग्रवाल की टीम को भारी पड़ा। ओडिन स्मिथ पंजाब के लिये चौथा ओवर करने आये थे जिसकी चौथी ही गेंद पर डुप्लेसिस ने कैच पकड़ने का मौका दिया था, जिसे शाहरुख खान पकड़ नहीं सके और उन्होंने इस जीवनदान का पूरा फायदा उठाया।












Click it and Unblock the Notifications