सब भारतीय युवा आगे बढ़ गए, बस एक को छोड़कर, IPL में इतने मौके मिले पर कर कुछ नहीं सका
नई दिल्ली, 1 जून: कुछ खिलाड़ी ऐसे होते हैं जिनको भरपूर मौके मिलते हैं लेकिन वे उनका फायदा नहीं उठा पाते। कुछ खिलाड़ी एक-दो मौके में ही अपने आप को साबित कर देते हैं। हमने देखा कि सूर्यकुमार यादव ने किस तरीके से बहुत मुश्किल से मिले हुए मौकों में अपने आप को साबित किया और बाद में भी भारतीय क्रिकेट टीम में भी आए। लेकिन यही बात राजस्थान रॉयल्स के रियान पराग के बारे में नहीं कही जा सकती जो लंबे समय से इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा है और इस टीम ने इनके ऊपर अच्छा खासा निवेश भी किया है।

नतीजा वही ढाक के तीन पात
रियान को युवा अवस्था में फिनिशर का मुश्किल रोल दिया गया और इसके लिए उनको बैक भी किया गया, वह मैच दर मैच खेलते नजर आए, लेकिन नतीजा वही ढाक के तीन पात निकला। रियान पराग पर भरोसा जताने के लिए राजस्थान रॉयल्स की जितनी सराहना की जाए उतना कम होगा लेकिन इस युवा बल्लेबाज ने अपनी फ्रेंचाइजी को वह रिटर्न नहीं दिया है। भारत के पूर्व क्रिकेटर मदनलाल ने भी रियान पराग की आलोचना की है। हाल ही में संपन्न हुए आई पी एल 2022 में भी वे कुछ खास नहीं कर पाए थे।

केवल एक मैच में चले
वे केवल एक मैच में चले जहां उनको मैन ऑफ द मैच मिला था उसके अलावा बाकी किसी मैच में पराग अपने दम पर खेलने वाले खिलाड़ी नहीं दिखाई दिए। रियान ने 2019 में आईपीएल में डेब्यू किया था और तब से लेकर अभी तक आईपीएल के एक सीजन में 200 रन को पार करने में भी विफल रहे। हालांकि इस युवा के अंदर एटीट्यूट गजब का है और यह खिलाड़ी अपने चंचल हावभाव के लिए भी ध्यान बटोर ले जाता है लेकिन जैसे ही वह बेटिंग में आते हैं तो संघर्ष करते हुए दिखाई देते हैं।

मदन लाल ने भी की आलोचना
आईपीएल के मौजूदा सीजन में उन्होंने पूरे 17 मैच खेले उनके बल्ले से 16.64 की घटिया औसत के साथ 183 रन ही निकले। यह भी अपने आप में एक आश्चर्य की बात है कि 20 साल के इस बल्लेबाज की लगातार खराब परफॉर्मेंस भी राजस्थान रॉयल्स को कुछ समझाने में नाकाम रही है इसी वजह से यह खिलाड़ी हर मैच हर सीजन में खेलता रहता है। मदनलाल भारत की 1983 विश्व कप टीम के विजेता खिलाड़ी हैं और आज वह क्रिकेट के एक विश्लेषक है। उनका कहना है कि इस युवा बल्लेबाज ने इस सीजन में लगातार मौके मिलने के बावजूद किसी तरह की तरक्की के संकेत नहीं दिए हैं।

वह इतना बड़ा खिलाड़ी नहीं है- मदन लाल
लाल ने स्पोर्ट्स तक पर कहा, "रियान पराग ने सभी मैच खेले हैं लेकिन एक भी प्रदर्शन नहीं किया है। वह इतना बड़ा खिलाड़ी नहीं है जो खेल को बदल सकता है। अब तक जितने भी आईपीएल खिलाड़ी ले चुके हैं, और जितने भी खिलाड़ी हिस्सा ले चुके हैं, उन सभी ने सुधार दिखाया है और कदम बढ़ाया है। लेकिन इस खिलाड़ी (पराग) ने जितने मौके मिले हैं, उसे देखते हुए कोई प्रगति नहीं दिखाई है।"
71 साल के मदन ने यह भी कहा, 'वह जिस स्थान पर खेलते हैं वो टी20 क्रिकेट में बहुत महत्वपूर्ण है। क्योंकि यहीं आप तेजी ला सकते हैं और रन बना सकते हैं। अब अगर आप वहां से रन नहीं बना पाए तो आपकी मुश्किलें और बढ़ेंगी।'

कुमार संगकारा को अभी भी है भरोसा
इस बीच, फाइनल के बाद, आरआर के मुख्य कोच कुमार संगकारा ने कहा कि रियान पराग में क्षमता काफी है लेकिन अगले सीजन तक उनको अपनी बैटिंग में काफी काम करना होगा। संगकारा ने संकेत दिए कि वे रियान पराग को ऊपरी क्रम पर भी खिलाने के लिए तैयार हैं। संगकारा का अडिग विश्वास है पराग में स्पिन और पेस दोनों को खेलने की बढ़िया क्षमता है।












Click it and Unblock the Notifications