MI vs KKR: 15 गेंदों में 56 रन ठोंक पैट कमिंस ने रचा इतिहास, लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 14वां मैच कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया जहां पर रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम को लगातार तीसरे मैच में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम के लिये इस सीजन पहली बार खेल रहे पैट कमिंस ने महज 2 ओवर्स में मैच बदल दिया और केकेआर को सीजन की तीसरी जीत दिला दी। मुंबई इंडियंस की टीम ने इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए 161 रनों का स्कोर खड़ा किया जिसके जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने महज 16 ओवर्स में ही 162 रन बना दिये और 4 ओवर पहले ही मैच जीत लिया।

मुंबई इंडियंस के लिये इस मैच में डेब्यू करने वाले डेविल्ड ब्रेविस ने 19 गेंदों में 29 रनों की पारी खेली तो वहीं पर चोट के बाद वापसी करने वाले सूर्यकुमार यादव ने 36 गेंदों में 5 चौके और 2 छक्के लगाकर 52 रनों की पारी खेली। इसके चलते मुंबई इंडियंस की टीम ने 161 रनों का स्कोर खड़ा किया।
और पढ़ें: MI vs KKR: एक ओवर में 35 रन ठोंक पैट कमिंस ने कोलकाता को जिताया मैच, लगाया IPL का सबसे तेज अर्धशतक

पैट कमिंस ने 15 गेंदों में ठोंक दिये 56 रन
कोलकाता नाइट राइडर्स के लिये पैट कमिंस 14वें ओवर में बल्लेबाजी करने आये और 16वें ओवर में टीम को जीत दिलाने का काम किया। केकेआर के लिये पैट कमिंस ने पहली गेंद पर एक रन लिया तो वहीं पर टिमिल मिल्स की दूसरी गेंद पर छक्का जड़ दिया। 15वें ओवर में बुमराह गेंदबाजी करने आये, जिनकी चौथी गेंद पर कमिंस ने छक्का लगाया तो वहीं पांचवी गेंद पर चौक लगाया। आखिरी गेंद पर एक रन लेकर कमिंस ने स्ट्राइक अपने नाम कर ली। डैनियल सैम्स 16वें ओवर में गेंदबाजी करने आये, जिनकी पहली ही गेंद पर कमिंस ने छक्का, दूसरी गेंद पर चौका, तीसरी गेंद पर छक्का और चौथी गेंद पर भी छक्का लगाया। पांचवी गेंद पर सूर्यकुमार ने बाउंड्री पर जबरदस्त कैच पकड़ा लेकिन नो बॉल होने की वजह से कमिंस के खाते में 2 रन जुड़ गये। पांचवी गेंद पर कमिंस ने चौका लगाकर अपने आईपीएल करियर का तीसरा अर्धशतक लगाया तो वहीं पर ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का लगाया और जीत हासिल कर ली।

ठोंका आईपीएल इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक
पैट कमिंस ने इसके साथ ही इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक लगाने के मामले में केएल राहुल के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। केएल राहुल ने साल 2018 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 14 गेंदों में अर्धशतक लगाया था। वहीं पर पैट कमिंस ने भी 14 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। युसुफ पठान ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 2014 में 15 गेंदों में अर्धशतक लगाने का कारनामा किया। वहीं सुनील नरेन ने साल 2017 में आरसीबी के खिलाफ 15 गेंदों में अर्धशतक ठोंका था।

मुंबई के खिलाफ जमकर बोलता है पैट कमिंस का बल्ला
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब पैट कमिंस का बल्ला मुंबई इंडियंस के खिलाफ जमकर बोला है। पैट कमिंस ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछली 3 पारियों में जमकर रन बनाने का कारनामा किया है। कमिंस जब आखिरी बार मुंबई के खिलाफ खेले थे तो उन्होंने 36 गेंदों में नाबाद 53 रनों की पारी खेली थी। वहीं उससे पहले पैट कमिंस ने मुंबई के खिलाफ 12 गेंदों में 33 रनों की पारी खेली थी।

डैनियल सैम्स के नाम हुआ अनचाहा रिकॉर्ड
आपको बता दें कि जहां पर पैट कमिंस ने रिकॉर्डस की झड़ी लगा दी तो वहीं पर डैनियल सैम्स के नाम अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। पैट कमिंस की विस्फोटक बल्लेबाजी के चलते डैनियल सैम्स के 16वें ओवर में 35 रन आये, जो कि आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे महंगा रिकॉर्ड बन गया है। इस फेहरिस्त में पी परमेश्वरन का नाम सबसे ऊपर काबिज है जिन्होंने 2011 में आरसीबी के खिलाफ एक ओवर में 37 रन दिये थे। वहीं पर हर्षल पटेल ने पिछले सीजन सीएसके के खिलाफ एक ओवर में 37 रन देकर इस रिकॉर्ड की बराबरी की थी। रवि बोपारा ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ साल 2010 में एक ओवर के दौरान 33 रन दिये थे, वहीं पर परविंदर अवाना ने साल 2014 में सीएसके के खिलाफ एक ओवर में 33 रन लुटाये थे।












Click it and Unblock the Notifications