खत्म हुई IPL में क्रिस गेल की बादशाहत, 15वें सीजन में नाम नहीं देने पर जानें क्या बोले दिग्गज

नई दिल्ली। दुनिया की सबसे मशहूर क्रिकेट टी20 लीग आईपीएल के 15वें सीजन की तैयारियां जोरो-शोरों पर चल रही हैं। इसको लेकर बीसीसीआई अगले महीने खिलाड़ियों की नीलामी का आयोजन करवायेगी। बीसीसीआई ने इसको लेकर शनिवार (22 जनवरी) को इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन की नीलामी में शामिल होने वाले खिलाड़ियों के रजिस्ट्रेशन की लिस्ट जारी की है, जिसमें कुल 1214 खिलाड़ियों ने अपना नाम दिया है। इसमें 270 कैप्ड (जो कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर डेब्यू कर चुके हैं) और 312 अनकैप्ड (जिन्हें अभी भी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू का इंतजार है) खिलाड़ी भी शामिल हैं। इसमें खिलाड़ियों ने अलग-अलग बेस प्राइस में अपना नाम रजिस्टर कराया है, ऐसे में फैन्स के लिये आईपीएल 2022 की मेगा नीलामी का इंतजार और भी ज्यादा रोमांचक बन गया है।
और पढ़ें: IPL 2022 के मेगा ऑक्शन से पहले लखनऊ-अहमदाबाद से जुड़े यह खिलाड़ी, हार्दिक-राहुल बने कप्तान
हालांकि जब लिस्ट सामने आयी तो उसमें कई नाम ऐसे रहे जो कि दुनिया की सबसे मशहूर लीग की फेहरिस्त से गायब थे, जिसने फैन्स को चौंका दिया। इस लिस्ट में जिस नाम से सबसे ज्यादा चौंकाया वो है वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल, जिन्होंने आईपीएल में कई विस्फोटक पारियां खेलकर फैन्स के दिल पर लगातार राज किया है। ऐसे में जब गेल ने आईपीएल के अगले सीजन के लिये खुद के नाम का रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है तो उससे यह अटकलें भी लगायी जा रही हैं कि यूनिवर्स बॉस ने आईपीएल को अलविदा कह दिया है।
और पढ़ें: IND vs SA: 2022 में जीत को तरसी भारतीय टीम, टेस्ट के बाद वनडे सीरीज भी जीता साउथ अफ्रीका

आईपीएल में खत्म हो गया है गेल का करियर
क्रिस गेल आखिरी बार आईपीएल 2021 में पंजाब किंग्स की ओर से खेलते हुए नजर आये थे, जिसके बाद वह टी20 विश्वकप खेलने पहुंचे, हालांकि दोनों ही टूर्नामेंट में बल्ले से ज्यादा अच्छा प्रदर्शन न कर पाने की वजह से उन्होंने क्रिकेट के इस प्रारूप को अलविदा करने का इशारा कर दिया था। हालांकि गेल ने अभी तक आधिकारिक रूप से इस बात का ऐलान नहीं किया है लेकिन कुछ इंटरव्यू के दौरान उन्होंने साफ कर दिया था कि अपने देश के लिये उन्हें शायद ही कोई फेयरवेल मैच मिलेगा, तो ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि उनका करियर अब समाप्त हो गया है।
गेल के नीलामी में अपना नाम नहीं देने पर मशहूर कॉमेंटेटर हर्षा भोगले ने ट्वीट करते हुए लिखा,'तो क्रिस्टोफर हेनरी गेल ने आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन के लिये खुद का नाम रजिस्टर नहीं कराया है। इसका मतलब है कि हम सभी गेल को आखिरी बार एक खिलाड़ी के रूप में आईपीएल में खेलते हुए देख चुके हैं। अगर ऐसा है भी तो यह वक्त साथ खड़े होकर आईपीएल के सबसे बेहतरीन और विस्फोटक बल्लेबाज को सलाम करने का है। वह इस टूर्नामेंट के विकास का काफी बड़ा हिस्सा रहे हैं।'

आरसीबी की यादों में हमेशा रहेंगे क्रिस गेल
वहीं दूसरे ट्वीट में भोगले ने आगे बात करते हुए कहा कि अपने आईपीएल करियर के आखिरी सालों में भले ही क्रिस गेल ने पंजाब किंग्स की टीम के साथ काम किया लेकिन वो हमेशा कोलकाता नाइट राइडर्स और आरसीबी की टीम के साथ जुड़े रहेंगे। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के फैन बेस में क्रिस गेल और एबी डिविलियर्स का बड़ा हाथ है, जिन्हें लोगों ने सबसे ज्यादा प्यार दिया है।
गौरतलब है कि क्रिस गेल ने अपने आईपीएल करियर में 142 मैचों में शिरकत की है, जिसमें उन्होंने 39.72 की औसत से 4965 रन बनाये हैं। क्रिस गेल ने साल 2009 में 2 करोड़ की कीमत के साथ केकेआर के लिये आईपीएल में अपना डेब्यू किया था। इस दौरान उन्होंने 6 शतक और 31 अर्धशतकीय पारियां खेली, जिसमें 175 रनों की नाबाद पारी उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर भी रहा है। क्रिस गेल ने अपने आईपीएल करियर में 405 चौके और 357 छक्के जड़ने का कारनामा किया जिससे फैन्स उन्हें प्यार से गेलस्टोर्म कहकर भी पुकारने लगे।

कुछ खास नहीं रहा था पिछला सीजन
आईपीएल 2022 में खुद का नाम नहीं देने के पीछ क्रिस गेल का पिछले सीजन का प्रदर्शन बहुत बड़ा कारण रहा है। जहां पर क्रिस गेल ने आईपीएल 2021 में 5 अर्धशतकीय पारियां खेली थी और पंजाब किंग्स को बाहर होने की दहलीज से निकालकर प्लेऑफ में पहुंचने वाली टीमों की रेस में शामिल किया था तो वहीं पर 2021 में उनके बल्ले से कुल 193 रन ही आये। क्रिस गेल ने पंजाब किंग्स की ओर से 10 मैचों में शिरकत की जिसमें उन्होंने 1 (4), 14 (17), 13 (9) , 46 (24), 0 (1), 43 (35), 15 (17), 11 (9), 10 (10) और 40 (28) की ही पारियां खेली।












Click it and Unblock the Notifications