IPL 2022: लखनऊ की टीम पर भारी पड़ी केएल राहुल की बड़ी चूक, आखिरी ओवर के रोमांच में जीती गुजरात
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन में पहली बार मैच खेलने उतरी लखनऊ सुपरजाएंटस और गुजरात टाइटंस की टीम के बीच पूरी तरह से फिल्मी मुकाबला देखा गया, जहां पर आखिरी ओवर के रोमांच में गुजरात टाइटंस की टीम ने बाजी मारी। गुजरात टाइटंस की टीम ने शुरुआत में मैच पर पकड़ बनायी थी लेकिन जब लखनऊ की टीम ने वापसी की तो ऐसा लगा कि गुजरात की टीम के हाथ से मैच निकल गया, हालांकि केएल राहुल की कप्तानी में बड़ी गलती देखने को मिली जिसका फायदा पूरी तरह से गुजरात टाइटंस को हुआ और उसने आखिरी ओवर के रोमांच में 5 विकेट से जीत हासिल की।

गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपरजाएंटस के बीच आईपीएल 2022 का चौथा मैच वानखेड़े के मैदान पर खेला गया जहां पर हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और मोहम्मद शमी (3 विकेट) के दम पर महज 29 रन के स्कोर पर 4 विकेट चटका दिये।हालांकि लखनऊ सुपरजाएंटस के लिये दीपक हुड्डा (55) और डेब्यूटेंट आयुष बदौनी (54) ने अर्धशतकीय पारियां खेलकर टीम को मुश्किल परिस्थिति से बाहर निकाला और क्रुणाल पांड्या (21) की पारी के दम पर निर्धारित 20 ओवर्स में 6 विकेट खोकर 158 रन का स्कोर बना डाला। जवाब में गुजरात की टीम ने आखिरी के ओवर्स में जबरदस्त वापसी करते हुए अपनी टीम को 5 विकेट की रोमांचक जीत दिला दी।
और पढ़ें: LSG vs GT: शमी की आंधी में उड़ा था लखनऊ, फिर डेब्यूटेंट बदौनी- हुड्डा की जोड़ी ने करायी वापसी

चमीरा ने पावरप्ले में बनाया दबाव
वहीं 159 रनों का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत भी खराब रही और उसने दुष्मंत चमीरा के पहले दो ओवर्स में अपने दो विकेट खो दिये और टीम के ऊपर दबाव आ गया। गुजरात के लिये हार्दिक पांड्या (33) और मैथ्यू वेड (30) ने तीसरे विकेट के लिये 57 रनों की साझेदारी कर टीम को दबाव से बाहर जरूर निकाला लेकिन लखनऊ के लिये गेंदबाजी कर रहे क्रुणाल पांड्या ने अपनी गेंद पर छोटे भाई हार्दिक पांडया को मनीष पांडे के हाथों कैच करा दिया। हार्दिक पांड्या ने 28 गेंदों का सामना कर 5 चौके और एक छक्का लगाया पर अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।

पांड्या-हुड्डा ने करायी वापसी
हार्दिक पांड्या के आउट होने के बाद दीपक हुड्डा ने भी शानदार वापसी कराने का काम किया और 29 गेंद में 4 चौके लगाकर खेल रहे मैथ्यू वेड को बोल्ड मारा और टीम को आगे ले गये। यहां से गेंदबाजों ने गुजरात टाइटंस के ऊपर से दबाव हटने नहीं दिया और लगातार इकॉनामिकल गेंदबाजी कर गुजरात पर रनों का दबाव बना दिया। इसी की वजह से गुजरात की टीम 15 ओवर्स में 4 विकेट खोकर सिर्फ 91 रन ही बना सकी और बचे हुए 5 ओवर्स में जीत के लिये 68 रन की दरकार रह गई। यहां से गुजरात को प्रति ओवर लगभग 14 रन की दरकार थी।

केएल राहुल का यह फैसला पड़ा भारी
केएल राहुल ने 16वें ओवर में बड़ी गलती करते हुए दीपक हुड्डा को गेंदबाजी देने का फैसला किया जो कि उनकी टीम पर काफी भारी पड़ गया। राहुल तेवतिया ने दीपक हुड्डा की दूसरी ही गेंद पर छक्का, तीसरी पर चौका लगाया तो वहीं पर डेविड मिलर ने भी आखिरी दो गेंदों पर पहले चौका और एक छक्का लगाया, जिसकी वजह से 22 रन बटोर लिये। इसकी वजह से गुजरात की टीम जो मैच से बाहर हो गई थी वो दोबारा मैच में वापस आ गई। वहीं राहुल तेवतिया ने बिश्नोई के अगले ओवर में एक छक्का, दो चौके लगाकर 17 रन बटोर डाले।

आवेश खान-चमीरा ने करायी वापसी
गुजरात टाइटंस के लिये राहुल तेवतिया और डेविड मिलर ने 12 गेंदों में 39 रनों की साझेदारी कर के मैच के रुख को पूरी तरह से बदल दिया और 60 रनों की साझेदारी कर डाली, हालांकि आवेश खान ने डेविड मिलर (30) का विकेट लेकर अपनी टीम की वापसी करायी लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। गुजरात को जीत के लिये आखिरी के दो ओवर्स में 20 रन चाहिये थे लेकिन चमीरा की गेंद पर युवा बल्लेबाज अभिनव मनोहर ने चौका लगा दिया, जिसकी वजह से 19वें ओवर में 9 रन आये और आखिरी ओवर में जीत के लिये 11 रन बचे।

ऐसा था आखिरी ओवर का रोमांच
आखिरी ओवर में आवेश खान को गेंदबाजी करने का मौका दिया गया लेकिन युवा बल्लेबाज अभिनव मनोहर ने मैच को एकतरफा कर आवेश खान की पहली दो गेंदों पर दो चौके लगा दिये तो वहीं पर तीसरी गेंद में एक रन निकाल दिया। राहुल तेवतिया ने आवेश खान की चौथी गेंद पर चौका लगाकर अपनी टीम को 5 विकेट से जीत दिला दी।












Click it and Unblock the Notifications