IPL 2022 में कौन बनेगा CSK के लिये डुप्लेसिस-चाहर का रिप्लेसमेंट, इरफान पठान ने सुझाया नाम
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का आगाज होने में अब बस 5 दिन का ही समय रह गया है, जिसका पहला मैच चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला जायेगा। टूर्नामेंट का आगाज होने से पहले डिफेंडिंग चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स के लिये परेशानियां लगातार कम होने का नाम ही नहीं ले रही है। टीम के तेज गेंदबाज दीपक चाहर के चोटिल होने और इस सीजन कई पुराने खिलाड़ियों के दूसरे टीम में चले जाने की वजह से उसके लिये प्लेइंग 11 को तैयार कर पाना किसी चुनौती से कम नहीं है।

सीएसके के लिये इस साल पारी का आगाज करने के लिये ऋतुराज गायकवाड़ तो मौजूद हैं लेकिन फाफ डुप्लेसिस के आरसीबी में चले जाने के बाद से फैन्स को उनके रिप्लेसमेंट को लेकर चिंता है कि कौन सा खिलाड़ी प्लेइंग 11 में उनकी जगह लेता नजर आयेगा। एक्सपर्टस के अनुसार सीएसके की टीम अपने पुराने टेम्पलेट पर ही इस साल भी खेलती नजर आयेगी, जिसमें एक भारतीय बल्लेबाज के साथ एक विदेशी ओपनर पारी का आगाज करेगा।
और पढ़ें: IPL 2022 में क्या होगी दिल्ली की चुनौती, हेड कोच रिकी पोंटिंग ने सीजन को लेकर किया खुलासा

कॉन्वे के अलावा कौन कर सकता है पारा का आगाज
अगर ऐसा होता है तो चेन्नई सुपर किंग्स की टीम के पास न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज डेवोन कॉन्वे का नाम मौजूद है जो कि इस सीजन एक करोड़ की रकम में सीएसके के साथ जुड़े हैं। इस बीच पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने स्टार स्पोर्टस के शो गेम प्लान में बात करते हुए बताया कि सीएसके के पास दो विकल्प मौजूद हैं, लेकिन इसमें से किसे गायकवाड़ के साथ पारी का आगाज करना ज्यादा बेहतर होगा। इरफान पठान ने इस दौरान सीएसके के सामने कॉन्वे के अलावा उथप्पा को भी आदर्श विकल्प बताया जिन्हें नीलामी के दौरान टीम ने 2 करोड़ रुपये में अपने खेमे में शामिल किया है।
उन्होंने कहा,'सीएसके के पास दो विकल्प हैं, पहला विकल्प न्यूजीलैंड के ओपनर डेवोन कॉन्वे का है, जो कि आपको थोड़ा सहूलियत प्रदान करते हैं। महाराष्ट्र में वानखेड़े और सीसीआई की पिचें काफी बेहतर हैं, जब आप यहां खेलते हैं तो विदेशी खिलाड़ियों को यहां खेलने में काफी आसानी होती है। लेकिन अगर आप कॉन्वे को नहीं खिलाते हैं तो आपके पास उथप्पा का विकल्प है, जो कि बहुत शानदार सलामी बल्लेबाज हैं।'

पठान ने बताया कौन ले डुप्लेसिस की जगह
इरफान पठान ने इस दौरान दोनों विकल्पों पर अपनी राय रखते हुए यह भी कहा कि अगर चेन्नई सुपर किंग्स उथप्पा के साथ पारी का आगाज करती है तो उसे ज्यादा फायदा होगा क्योंकि फिर उसके पास श्रीलंका के मिस्ट्री स्पिनर महीष तीक्ष्णा को टीम में जगह देने का मौका रहेगा, जिन्हें टीम ने 70 लाख रुपये में खरीदा है।
उन्होंने कहा,' अगर कॉन्वे नहीं खेलते हैं और उथप्पा पारी का आगाज करते हैं तो आपके पास महीष तीक्ष्णा को शुरुआत से प्लेइंग 11 में शामिल करने का मौका रहेगा। जाहिर सी बात है कि आप और भी विदेशी खिलाड़ियों के साथ उतरेंगे लेकिन महाराष्ट्र की पिच पर आपको अतिरिक्त गति की जरूरत होती है, ऐसे में एडम मिल्ने को मौका दे सकते हैं। आपके पास ब्रावो और मोइन अली भी हैं तो आपके चारों स्लॉट भरे हुए होंगे। लेकिन अगर आप कॉन्वे को खिलाते हैं तो आप महीष तीक्ष्णा को मौका नहीं दे पायेंगे जो कि मिस्ट्री स्पिनर हैं।'

शार्दुल ठाकुर के जाने के बाद रिप्लेसमेंट ढूंढना जरूरी है
गौरतलब है कि चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को इस बार दोहरा झटका लगा है, जहां पर उसके तेज गेंदबाज दीपक चाहर चोट की वजह से टूर्नामेंट के पहले 4 हफ्तों तक शिरकत कर पाने में नाकाम नजर आ रहे हैं तो वहीं पर शार्दुल ठाकुर भी टीम से दूर हो गये हैं। सीएसके की टीम ने नीलामी के दौरान अंडर 19 विश्वकप के सुपरस्टार राज्यवर्धन हांगरेकर को मौका दिया है तो वहीं पर पठान का मानना है कि यह युवा खिलाड़ी दीपक चाहर की कमी को पूरा कर पाने की काबिलियत रखता है।
उन्होंने कहा,'आपके पास शार्दुल ठाकुर भी नहीं है तो आपके लिये एक रिप्लेसमेंट ढूंढना जरूरी है। उनके पास एक खिलाड़ी हैं जो अभी युवा है और नया है-हांगरेकर, आप जानते हैं कि उस युवा खिलाड़ी में कितना टैलेंट है। अगर एक युवा खिलाड़ी दूसरी टीम में जाता तो मैं शायद थोड़ा परेशान होता लेकिन उनके पास धोनी के रूप में कप्तान है, जो कि स्टंप के पीछे खड़ा होते हैं और युवा खिलाड़ियों के लिये चीजें आसान कर देते हैं। तो मुझे लगता है कि उन्होंने चाहर का रिप्लेसमेंट ढूंढ लिया है।'

सीएसके को देना चाहिये हांगरेकर को मौका
उल्लेखनीय है कि दीपक चाहर को भारत-वेस्टइंडीज सीरीज के दौरान खेले गये तीसरे टी20 मैच में चोट लग गई थी, जिसके बाद से वो टूर्नामेंट के पहले हाफ से बाहर हो गये हैं। हालांकि पठान का मानना है कि सीएसके की टीम को चाहर के वापस लौटने तक हांगरेकर को मौका देना होगा और वो उनके लिये वो काम कर सकते हैं जो चाहर किया करते थे।
उन्होंने कहा,'जाहिर सी बात है कि दीपक चाहर जो स्किल और टैलेंट अपने साथ लेकर आते हैं उसकी भरपाई कर पाना आसान नहीं है। वो गेंद को स्विंग कराने के साथ ही शुरुआत में जल्दी विकेट भी चटका कर देते हैं। जैसे ही वो फिट होंगे वो टीम की प्लेइंग 11 में वापसी करते नजर आयेंगे लेकिन तब तक उन्हें हांगरेकर पर विश्वास जताना होगा। मुझे लगता है कि वो ऐसा खिलाड़ी हैं जिसमें काफी टैलेंट हैं।'












Click it and Unblock the Notifications