5 खिलाड़ी जिनका T20 विश्वकप 2022 में खेलना हुआ मुश्किल, IPL 2022 में हुए फ्लॉप
नई दिल्ली, 6 अप्रैल: दुनिया की सबसे मशहूर टी20 लीग आईपीएल का 15वां सीजन इन दिनों भारत में खेला जा रहा है, जिस पर न सिर्फ दुनिया भर के फैन्स की नजर है बल्कि चयनकर्ताओं ने भी पैनी नजर बनाये रखी है। इस साल ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी में खेले जाने वाले टी20 विश्वकप को देखते हुए सभी देशों के चयनकर्ता इस टी20 लीग में भाग ले रहे अपने-अपने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर करीब से नजर रखे हुए हैं, ऐसे में कई खिलाड़ियों ने लीग में शानदार प्रदर्शन किया है तो कई ऐसे भी प्लेयर्स रहे जिन्होंने उम्मीदों के विपरीत फ्लॉप प्रदर्शन किया है।

आइये एक नजर भारतीय टीम के उन 5 खिलाड़ियों पर डालें जिनको लेकर आईपीएल 2022 से काफी उम्मीदें थी, हालांकि जिस तरह से उनका प्रदर्शन रहा है, उसे देखते हुए टी20 विश्वकप की टीम से उनका पत्ता कटता नजर आ रहा है।
और पढ़ें: महेला जयवर्धने ने चुनी अपनी ड्रीम टी20 टीम, सिर्फ इस भारतीय खिलाड़ी को किया शामिल

वेंकटेश अय्यर (Venkatesh Iyer)
इस फेहरिस्त में पहला नाम वेंकटेश अय्यर का है जिन्हें भारतीय टीम में हार्दिक पांड्या के विकल्प के रूप में तैयार किया जा रहा था। वेंकटेश अय्यर ने पिछले सीजन में शानदार प्रदर्शन कर न सिर्फ केकेआर को फाइनल तक पहुंचाया था बल्कि इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें भारतीय टीम में डेब्यू करने का भी मौका मिला। जिसके बाद से उन्हें लगातार भारतीय टीम में एक गेंदबाजी ऑलराउंडर के तौर पर तैयार किया जा रहा था, जो जरूरत पड़ने पर मैच को फिनिश भी कर सके। वेंकटेश अय्यर ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन आईपीएल 2022 में उनका बल्ला पूरी तरह से शांत रहा है। वेंकटेश अय्यर ने आईपीएल 2022 में अब तक खेली गई 9 पारियों में सिर्फ 132 रन जोड़ने का काम किया है, जिसमें सिर्फ एक अर्धशतकीय पारी आई है।

हार्दिक के प्रदर्शन ने वापसी की मुश्किल
केकेआर ने उनके फ्लॉप शो को देखते हुए बल्लेबाजी क्रम में भी बदलाव किया लेकिन जब कोई नतीजा नहीं निकला तो उन्हें टीम से बाहर बिठा दिया। अय्यर के टीम से बाहर होने का कारण सिर्फ उनका फ्लॉप शो नहीं है बल्कि हार्दिक पांड्या का फॉर्म में लौटना भी है, जिन्होंने इस सीजन गुजरात टाइटंस की कप्तानी करते हुए 9 मैचों में 309 रन बनाये हैं तो वहीं पर गेंदबाजी में भी अच्छे स्पेल डालते हुए 4 विकेट अपने नाम किये हैं। हार्दिक के फॉर्म में लौटने और वेंकटेश अय्यर के फ्लॉप हो जाने की वजह से इस युवा ऑलराउंडर की विश्वकप की राह मुश्किल होती नजर आ रही है।

वाशिंगटन सुंदर (washington Sundar)
सनराइजर्स हैदराबाद के लिये आईपीएल 2022 में खेलने वाले वाशिंगटन सुंदर का भी टी20 विश्वकप की टीम में जगह बना पाना मुश्किल नजर आ रहा है। इसके पीछे इस गेंदबाज की फॉर्म नहीं बल्कि चोट कारण बना हुआ है। वाशिंगटन सुंदर को आईपीएल 2022 के दौरान एक ही जगह पर दो बार चोट लग चुकी है जिसकी वजह से वो अपनी टीम के लिये पूरी तरह से उपलब्ध नहीं हो सके हैं। ऐसे में चोट से उबरने के बाद उन्हें खुद के फॉर्म को साबित करने के लिये पूरा मौका मिलना मुश्किल है, जिसे देखते हुए यह कहा जा सकता है कि वो टी20 विश्वकप की टीम में जगह बना पाने में नाकाम रहेंगे।

हर्षल पटेल (Harshal Patel)
आईपीएल के 14वें सीजन में सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले तेज गेंदबाज हर्षल पटेल के लिये 15वां सीजन कुछ खास नहीं बीता है, जिसमें वो 10 मैच खेलकर सिर्फ 13 ही विकेट हासिल कर सके हैं। इतना ही नहीं हर्षल पटेल इस सीजन काफी महंगे भी साबित हुए हैं और डेथ ओवर्स में भी वो दमखम नहीं दिखा पा रहे हैं, जिसके लिये जाने जाते हैं। वहीं पर चोट से वापसी कर रहे टी नटराजन ने एक बार फिर अपनी यॉर्कर्स से धमाल मचाया है और टी20 विश्वकप में बुमराह का साथ निभाने वाले गेंदबाज का सबसे बड़ा विकल्प बनकर उभरे हैं।

आर अश्विन (R Ashwin)
रविचंद्रन अश्विन को जब यूएई में खेले गये टी20 विश्वकप की टीम में शामिल किया गया तो फैन्स समेत कई दिग्गज हैरान रह गये। जहां कई खिलाड़ियों ने इसे गेंदबाज की मेहनत का फल बताया तो कई दिग्गजों ने इंग्लैंड दौरे पर टीम में जगह नहीं देने के बदले दिया गया कंसोलेशन प्राइज करार दिया। हालांकि चयनकर्ताओं की तरफ से किया गया यह प्रयोग पूरी तरह से फ्लॉप साबित हुआ। अश्विन को विश्वकप के बाद भी सीमित ओवर्स प्रारूप में मौका दिया गया लेकिन वो इन मौकों को भुना नहीं पाये, वहीं आईपीएल 2022 में भी उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा है और वो 10 मैचों में सिर्फ 8 ही विकेट हासिल कर सके हैं। वहीं कुलदीप यादव ने जिस तरह से आईपीएल 2022 में प्रदर्शन कर अपनी फॉर्म के वापस लौटने का ऐलान किया है, उसके बाद चयनकर्ताओं के लिये उन्हें नजरअंदाज करना मुश्किल हो गया है।

मोहम्मद सिराज (Mohammad Siraj)
मोहम्मद सिराज ने पिछले कुछ सालों में भारत के लिये अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट के हर प्रारूप में शानदार प्रदर्शन किया है लेकिन आईपीएल 2022 में जिस तरह से उनका अब तक का प्रदर्शन रहा है उसने टी20 विश्वकप की राह मुश्किल कर दी है। मोहम्मद सिराज ने इस सीजन खेले गये 11 मैचों में 9.47 की इकॉनमी से रन लुटाते हुए महज 8 विकेट चटकाये हैं, तो वहीं पर भुवनेश्वर कुमार ने सनराइजर्स हैदराबाद के लिये शानदार प्रदर्शन कर अपनी दावेदारी को मजबूत किया है। भुवनेश्वर कुमार ने अब तक खेले गये 10 मैचों में महज 7.17 की इकॉनमी से रन देते हुए 10 विकेट चटकाये हैं तो पावरप्ले और डेथ ओवर्स में भी अच्छी गेंदबाजी की है।
यह भी पढ़ें- IPL से T20 WC का बैटिंग ऑर्डर सेट कर रहे हैं प्रसाद, बेहतरीन ओपनर को भेजा नंबर 4 पर












Click it and Unblock the Notifications