महेला जयवर्धने ने चुनी अपनी ड्रीम टी20 टीम, सिर्फ इस भारतीय खिलाड़ी को किया शामिल
नई दिल्ली। श्रीलंका के पूर्व कप्तान और मुंबई इंडियंस की टीम के मौजूदा कोच महेला जयवर्धने ने अपनी ड्रीम टी20 11 का ऐलान किया है, जिसमें उन्होंने मौजूदा समय के 5 खिलाड़ियों को जगह दी है। जयवर्धने ने आईसीसी से बात करते हुए इस टीम का ऐलान किया जिसमें उनसे पूछा गया कि अगर उन्हें एक ड्रीम टी20 11 तैयार करने की जिम्मेदारी दी जाये तो वो किन खिलाड़ियों को जगह देने का काम करेंगे। जयवर्धने ने अपनी ड्रीम टीम में मौजूदा समय के दो पाकिस्तानी, तो वहीं पर भारत, इंग्लैंड और अफगानिस्तान के एक-एक खिलाड़ी को शामिल किया है।

महेला जयवर्धने ने अपनी ड्रीम टी20 टीम में भारतीय टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को शामिल किया जो कि उनकी इकलौती भारतीय च्वाइस रहे। बुमराह ने अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर में 57 टी20 मैच खेले हैं और 6.5 की इकॉनमी रेट से 67 विकेट अपने नाम किये हैं।
और पढ़ें: 'ठुकरा के मेरा प्यार मेरा इंतकाम देखेगी', हैदराबाद के खिलाफ पहले ही मैच में वॉर्नर ने लिया बदला

सिर्फ एक भारतीय को दी टीम में जगह
उन्होंने कहा,'जसप्रीत बुमराह वो व्यक्ति हैं जिसे मैंने हमेशा सम्मान दिया है क्योंकि उनके पास एक पारी के दौरान अलग-अलग परिस्थितियों में गेंदबाजी करने की काबिलियत है। वह हमेशा आपके लिये एक विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज का विकल्प रहते हैं और जब आपको किसी बल्लेबाज की पारी समाप्त करने की दरकार होती है तो जसप्रीत बुमराह से बेहतर विकल्प दूसरा कोई नहीं होता है।'

राशिद खान गेंदबाजी की पहली पसंद
आईपीएल 2022 में गुजरात टाइटंस की ओर से खेल रहे अफगानिस्तान के लेग स्पिनर राशिद खान इस दिग्गज क्रिकेटर की ड्रीम टीम की दूसरी पसंद रहे। जयवर्धने ने राशिद की तारीफ करते हुए कहा कि वो आपके लिये मुश्किल परिस्थितियों में विकेट चटकाने के साथ बल्ले से बेहद अहम रन बनाने का काम करते हैं।
उन्होंने कहा,'मेरे लिये टी20 क्रिकेट का सबसे अहम हिस्सा उसके गेंदबाज होते हैं और राशिद खान एक अच्छे स्पिनर हैं जो कि बल्लेबाजी करना जानते हैं। वह नंबर 7 और 8 पर बल्लेबाजी करने के लिये अच्छा विकल्प हैं और आप उन्हें अलग-अलग परिस्थितियों में अलग संयोजन के हिसाब से इस्तेमाल कर सकते हैं। वह पारी के दौरान पावरप्ले, बीच के ओवर्स और डेथ ओवर्स में भी गेंदबाजी कर सकते हैं, ऐसे में राशिद मेरी टीम में गेंदबाजी की पहली पसंद रहेंगे।'

अफरीदी को भी टीम में किया शामिल
जयवर्धने ने अपनी गेंदबाजी में पाकिस्तान के बायें हाथ के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी को भी जगह दी है जिन्होंने पिछले कुछ समय में अपनी गेंदबाजी से सीमित ओवर्स प्रारूप में एक खास मुकाम हासिल कर लिया है।
उन्होंने कहा,'मैं पाकिस्तान के शाहीन शाह अफरीदी को भी अपने गेंदबाजी विभाग में शामिल करूंगा जिन्होंने पिछले साल विश्वकप में बेहद शानदार प्रदर्शन किया और नई गेंद से काफी शानदार गेंदबाजी की। उनके पास गेंद को जल्दी स्विंग करने के अलावा भी काफी काबिलियत है। वह टीम के लिये एक विकेट निकालने वाला ऑप्शन हैं जिसका इस्तेमाल डेथ ओवर्स में भी किया जा सकता है, वह अटैक करने के लिये अच्छे विकल्प हो सकते हैं।'

इन खिलाड़ियों को भी दी जगह
जयवर्धने ने अपनी टीम में आईपीएल 2022 में 3 शतक लगा चुके जोस बटलर और पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को भी जगह दी है। इतना ही नहीं उन्होंने बटलर के साथ पारी का आगाज करने के लिये क्रिस गेल को चुना।
उन्होंने कहा,'मैं पारी का आगाज करने के लिये जोस बटलर को चुनुंगा जो कि तेज और स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ काफी आक्रामक बल्लेबाजी करते हैं और पिछले कुछ समय से आईपीएल में काफी अच्छी फॉर्म दिखाई है। बटलर ने पिछले टी20 विश्वकप में भी अच्छा प्रदर्शन किया और यूएई की मुश्किल परिस्थितियों में काफी सारे रन बनाये। अगर पुराने समय के खिलाड़ी को चुनने का मौका मिलेगा तो मैं बटलर के साथ पारी का आगाज करने के लिये क्रिस गेल को चुनुंगा, जबकि मौजूदा समय के मोहम्मद रिजवान को मौका दूंगा जो कि टीम में विकेटकीपर बल्लेबाज की भूमिका भी अदा करेंगे। वो पाकिस्तान के लिये पारी का आगाज करते हैं लेकिन मुझे लगता है कि वो मध्यक्रम में भी अच्छी बल्लेबाजी कर सकते हैं।'












Click it and Unblock the Notifications