IPL 2022 के पहले मैच में रोहित शर्मा को लगा दोहरा झटका, हार के बाद लगा 12 लाख का जुर्माना
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का आगाज हो गया है जिसका दूसरा मैच बर्बॉन स्टेडियम पर मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला गया। दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने इस रोमांचक मैच में शानदार प्रदर्शन किया और हार की दहलीज पर पहुंची अपनी टीम के लिये 4 विकेट से जीत हासिल की। मुंबई इंडियंस की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 177 रनों का स्कोर खड़ा किया जिसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने महज 72 रन पर अपने 5 विकेट खो दिये थे लेकिन दिल्ली कैपिटल्स के लिये ललित यादव (48) और अक्षर पटेल (38) ने नाबाद 75 रनों की साझेदारी कर टीम को 10 गेंद पहले ही जीत हासिल कर ली।

दिल्ली के हाथों मैच गंवाने के बाद मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा को दूसरा झटका लगा है। आईपीएल की गवर्निंग काउंसिल ने मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा पर रविवार को खेले गये पहले मैच में स्लो ओवर रेट मेनटेन करने के चलते 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
और पढ़ें: RCB vs PBKS: कोहली-डुप्लेसिस की आंधी में उड़ा पंजाब, 13 छक्के - 9 चौके लगा ठोंके 205 रन

रोहित पर लगा 12 लाख का जुर्माना
आईपीएल ने इसको लेकर एक मीडिया रिलीज जारी की है जिसमें उन्होंने कहा,'टाटा इंडियन प्रीमियर लीग 2022 के दूसरे मैच में मुंबई इंडियंस की टीम पर स्लो ओवर रेट मेनटेन करने के चलते जुर्माना लगाया गया है जिन्होंने ब्राबोर्न स्टेडियम में धीमी ओवर गति से गेंदबाजी की। यह मुंबई की टीम की ओर से किया गई पहली गलती है जिसकी वजह से आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के तहत लगाये जाने वाले कम से कम जुर्माने के तहत कार्रवाई की जायेगी। इसके तहत मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।'

डिकॉक-सचिन की लिस्ट में शामिल हुए ईशान किशन
गौरतलब है कि दिल्ली कैपिटल्स के लिये इस मैच में कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किये और मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपनी टीम की वापसी करायी। वहीं पर मुंबई इंडियंस के लिये ईशान किशन ने इस मैच में शानदार बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 81 रनों की पारी खेली और आईपीएल के इतिहास में मुंबई के लिये अर्धशतकों की हैट्रिक लगाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में शुमार हो गये हैं। ईशान किशन मुंबई इंडियंस के लिये यह कारनामा करने वाले तीसरे खिलाड़ी बने, जिनसे पहले क्विंटन डिकॉक और सचिन तेंदुलकर ने ही पारी का आगाज करते हुए यह कारनामा किया था। इस दौरान उन्होंने युवराज सिंह के उस रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली, जिसमें नीलामी के दौरान सबसे महंगा भारतीय साबित होने के बाद कैंपेन का आगाज अर्धशतक के साथ किया है।

नहीं थमा पहले मैच में हार का सिलसिला
वहीं कप्तान रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस के सीजन के पहले मैच में हार का सिलसिला थमा नहीं है। मुंबई इंडियंस की टीम ने 3644 दिनों से आईपीएल के अपने पहले मैच में कोई जीत नहीं हासिल की है और दिल्ली के खिलाफ हार के साथ यह सिलसिला लगातार आगे ही बढ़ रहा है। मुंबई इंडियंस के लिये रोहित शर्मा को जहां अभी भी पहले मैच में जीत हासिल करने का इंतजार है तो वहीं पर डैनियल सैम्स ने मुंबई के लिये एक अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। डैनियल सैम्स ने गेंदबाजी में 4 ओवर के स्पेल के दौरान 57 रन दिये और कोई विकेट हासिल नहीं किया, जिसकी वजह से वो लसिथ मलिंगा के बाद मुंबई के लिये सबसे महंगा ओवर फेंकने वाले दूसरे गेंदबाज बन गये हैं।












Click it and Unblock the Notifications