'पहले ही बताया दिया था मुझे दिल्ली का प्लान', कॉन्वे ने किया धोनी की सलाह का खुलासा जिसने जिताया मैच
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन में 10 टीमों के बीच चल रही प्लेऑफ की रेस रविवार को खेले गये मैच के बाद और भी ज्यादा रोमांचक हो गई है। जहां पहले मैच में आरसीबी की टीम ने सनराइजर्स हैदराबाद को 67 रनों से मात देकर केन विलियमसन की टीम के लिये हर मैच को नॉकआउट बना दिया तो वहीं पर चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सीजन की सबसे बड़ी जीत हासिल कर प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। सीएसके की टीम ने डीवाई पाटिल स्टेडियम पर खेले गये इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स की टीम को 91 रनों के विशाल अंतर से हराया और नेगेटिव में चल रहे अपने नेट रन रेट को पॉजिटिव कर लिया।

आईपीएल 2022 में अब तक खेले गये 55 मैचों के बाद प्लेऑफ के समीकरण की बात करें तो अब तक सिर्फ मुंबई इंडियंस की टीम ही आधिकारिक रूप से बाहर हुई है लेकिन टूर्नामेंट में बची हुई सभी 9 टीमें किसी न किसी समीकरण के चलते रेस में बरकरार हैं। वहीं दिल्ली कैपिटल्स की टीम को मिली इस हार ने न सिर्फ उसके नेट रन रेट को घटा दिया बल्कि बचे हुए तीनों मैचों को नॉकआउट गेम बना दिया है। ऐसे में उसे भी हैदराबाद की तरह बचे हुए सभी मैचों में सिर्फ जीत की ही दरकार है।
और पढ़ें: सिर्फ 21 गेंदों में ताश के पत्तों की तरह बिखरी दिल्ली कैपिटल्स, प्लेऑफ की रेस में सीएसके की वापसी
Recommended Video

कॉन्वे ने पूरी की है डुप्लेसिस की कमी
सीएसके की टीम को मिली इस बड़ी जीत में उसके सलामी बल्लेबाज डेवॉन कॉन्वे ने अहम भूमिका निभाई जिन्होंने लगातार तीसरे मैच में अर्धशतकीय पारी खेलते हुए 87 रनों का योगदान दिया तो वहीं पर ऋतुराज गायकवाड़ के साथ पहले विकेट के लिये 110 रनों की साझेदारी की। पिछले 14 सीजन में सीएसके के सबसे ज्यादा बार सफलता हासिल करने के पीछे उसके सलामी बल्लेबाजों का अहम योगदान रहा है, जिसे चेन्नई की टीम ने हमेशा एक रणनीति के साथ चुना है। सीएसके ने हमेशा अपने ओपनिंग पेयर में एक विदेशी खिलाड़ी रखा है जिसमें मैथ्यू हेडेन, माइक हसी, शेन वॉटसन, फाफ डुप्लेसिस और अब डेवॉन कॉन्वे शुमार हो गये हैं। कॉन्वे को भले ही आईपीएल 2022 में देर से मौका दिया गया है लेकिन गायकवाड़ के साथ उन्होंने जबरदस्त तरीके से पारी का आगाज किया है और पिछली 3 में से दो पारियों में शतकीय और एक अर्धशतकीय साझेदारी की है।

धोनी ने पहले ही बता दिया गेंदबाजों का प्लान
कॉन्वे ने पिछले 3 मैचों में लगातार 3 अर्धशतक जड़ कर अपनी काबिलियत को साबित किया है और बताया है कि वो स्पिनर्स के खिलाफ भी कितनी आसानी से खेल सकते हैं। कॉन्वे ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 87 रनों की पारी खेली जिसमें उन्होंने कुलदीप यादव और अक्षर पटेल के खिलाफ खेली गई अपनी 20 गेंदों में 54 रन बनाये। हालांकि दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ इस मैच में कॉन्वे की तकनीक में थोड़ा बदलाव नजर आया, जहां पर उन्होंने सिर्फ स्वीप शॉट खेलने के बजाय गेंदबाजों को आड़े हाथ लेने का भी काम किया। कॉन्वे ने मैच के बाद अपनी इस सफलता के पीछे का कारण बताया और खुलासा किया कि कप्तान एमएस धोनी ने पहले ही उन्हें दिल्ली कैपिटल्स के गेंदबाजों के प्लान के बारे में बता दिया था।

कॉन्वे ने किया धोनी की सलाह का खुलासा
गौरतलब है कि डेवॉन कॉन्वे ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 49 गेंदों में 87 रनों की पारी खेली जिसमें उन्होंने 7 चौके और 5 छक्के लगाने का कारनामा किया। कॉन्वे की इस पारी की बदौलत चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने सीजन में चौथी बार 200 से ज्यादा रनों का स्कोर खड़ा किया और 91 रनों की विशाल जीत हासिल की।
स्टार स्पोर्टस से बात करते हुए उन्होंने कहा,'मुझे आज की रात के लिये एमएस को पूरा श्रेय देना होगा। पिछले मैच में मैंने कई सारे स्वीप शॉट खेले थे और बाद में दुर्भाग्यवश स्वीप मारते हुए आउट भी हो गया था। इसको देखते हुए उन्होंने मुझसे कहा कि उन्हें लगता है कि आज के मैच में वो लोग मेरे खिलाफ फुलर गेंद फेंकने की कोशिश करते नजर आयेंगे। तो ऐसे में मैं थोड़ा बाहर निकलर गेंद को सीधा मारने की कोशिश करूं। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि आज के मैच के लिये उन्होंने मुझे दिशानिर्देश दिये थे और मैंने बस उन्हें लागू करने की कोशिश की।'












Click it and Unblock the Notifications