सिर्फ 21 गेंदों में ताश के पत्तों की तरह बिखरी दिल्ली कैपिटल्स, प्लेऑफ की रेस में सीएसके की वापसी
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमयिर लीग के 15वें सीजन का 55वां मैच डीवाई पाटिल स्टेडियम के मैदान पर खेला गया जहां पर जीत की लय बरकरार रखने की ओर देख रही दिल्ली कैपिटल्स की टीम को चेन्नई सुपर किंग्स के सामने बड़ा झटका लगा। गुरू और चेले की इस लड़ाई में गुरू धोनी एक बार फिर ऋषभ पंत पर भारी पड़े और चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को 91 रनों की विशाल जीत दिला दी। दिल्ली कैपिटल्स की टीम के लिये कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन सीएसके की टीम ने डेवॉन कॉन्वे (87), ऋतुराज गायकवाड़ (41), शिवम दुबे (32) और एमएस धोनी (21) की आतिशी पारियों के दम पर इसे गलत साबित किया।

चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर्स में 6 विकेट खोकर 208 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जिसका पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने शुरुआत तो अच्छी की लेकिन मोइन अली की फिरकी और मुकेश चौधरी की गति में फंसकर ताश के पत्तों की तरह बिखर गई और 117 रन ही बना सकी। सीएसके की टीम ने 91 रनों से मैच को जीत लिया।
और पढ़ें: कॉन्वे-गायकवाड़ ने रखी नींव तो धोनी ने कर दी रनों की बरसात, कुलदीप-शार्दुल की उड़ा दी धज्जियां

खराब शुरुआत के बाद दिल्ली ने किया काउंटर अटैक
दिल्ली कैपिटल्स के लिये श्रीकर भरत (8) और डेविड वॉर्नर (19) ने ताबड़तोड़ अंदाज में पारी का आगाज किया लेकिन महीष तीक्ष्णा और सिमरजीत सिंह ने दोनों को 36 रन के स्कोर पर वापस पवेलियन भेजकर दिल्ली को बैकफुट पर धकेल दिया। हालांकि दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने बैकफुट पर जाने के बजाय मिचेल मार्श (25) और ऋषभ पंत (21) के दम पर काउंटर अटैक करना शुरू किया और 7 ओवर के अंदर 71 रन बना डाले।

21 गेंदों में बिखर गई दिल्ली कैपिटल्स
7 ओवर के बाद टाइमआउट ब्रेक हुआ लेकिन इस ब्रेक ने दिल्ली कैपिटल्स की कमर तोड़ दी और उसने महज 21 गेंदों के अंंदर अपने 5 विकेट खो दिये। टाइमआउट के बाद मोइन अली गेंदबाजी करने आये जिन्होंने अपनी तीसरी ही गेंद पर मिचेल मार्श को वापस पवेलियन भेजा तो वहीं पर अपने दूसरे ओवर में पहले ऋषभ पंत और फिर रिपल पटेल का विकेट लेकर दिल्ली कैपिटल्स की कमर तोड़ दी। वहीं 11वें ओवर में धोनी ने मुकेश चौधरी को फिर से गेंदबाजी थमाई जिन्होंने अपने एक ही ओवर में पहले अक्षर पटेल को बोल्ड मारा तो वहीं पर रॉवमैन पॉवेल को कैच कराकर दिल्ली कैपिटल्स का 7वां विकेट चटका दिया। इस ओवर के साथ ही दिल्ली कैपिटल्स की जीत की उम्मीदें पूरी तरह से खत्म हो गई।

मुश्किल से पार किया 100 का आंकड़ा
कुलदीप यादव (5) और शार्दुल ठाकुर ने 14 रनों की साझेदारी कर टीम के स्कोर को 100 रन के पार पहुंचने में मदद की लेकिन दिल्ली की टीम तब तक मैच से पूरी तरह से बाहर हो गई थी। सीएसके के लिये मोइन अली ने अपने 4 ओवर के स्पेल में महज 13 रन देकर 3 विकेट चटकाने का काम किया तो वहीं पर मुकेश चौधरी ने भी 3 ओवर में 22 रन देकर 2 विकेट चटकाये। सिमरजीत सिंह ने भी सीएसके के लिये 4 ओवर के स्पेल में 24 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किये तो वहीं पर महीष तीक्ष्णा के खाते में एक विकेट आया।

दिल्ली के लिये हर मैच बना नॉकआउट गेम
इस बड़ी जीत के साथ ही सीएसके की टीम ने प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को बरकरार रखा है तो वहीं पर दिल्ली कैपिटल्स की टीम के लिये बचे हुए सभी मैच नॉकआउट मैच बन गये हैं। दिल्ली कैपिटल्स की टीम को मिली इस बड़ी हार ने नेट रन रेट भी खराब किया है जिसके चलते वो अंकतालिका में फिसल गई है। दिल्ली कैपिटल्स की टीम को अभी 3 मैच खेलने हैं और अगर वो तीनों में जीत हासिल करती है तो 16 अंक तक पहुंच सकती है।












Click it and Unblock the Notifications